मुरादाबाद व रामपुर में बनेगा ऑक्सीजन प्लांट, मिलेगी राहत
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है। ऑक्सीजन प्लांट के लिए पीएमओ ने यूपी के जिन जिलों की सूची जारी की है, उसमें मुरादाबाद व रामपुर का भी नाम है। प्रदेश शासन के पास इस सूची के आने के बाद, चुने गए जिलों को भेजी जाएगी। जिसमें प्लांट तैयार किए जाने …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है। ऑक्सीजन प्लांट के लिए पीएमओ ने यूपी के जिन जिलों की सूची जारी की है, उसमें मुरादाबाद व रामपुर का भी नाम है। प्रदेश शासन के पास इस सूची के आने के बाद, चुने गए जिलों को भेजी जाएगी। जिसमें प्लांट तैयार किए जाने को लेकर की जाने वाली तैयारियों से संबंधित गाइडलाइन शामिल होगी।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने अप्रैल महीने में आक्सीजन को लेकर जो समस्या पैदा की है, उसने प्रशासन से लेकर प्रदेश व देश के शासन तक में खलबली मचा दी है। हर कोई इस बात से परेशान है कि आक्सीजन की व्यवस्था किस तरह से पूरी की जा सके। जो जरूरत सामने आई है, उसके आगे प्लांट की संख्या बौनी साबित होने लगी है। मुरादाबाद जिले में ही संक्रमण की चपेट में आने के बाद दो सौ से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
इसमें अधिकांश आक्सीजन की कमी के कारण बता रहे हैं। यह आंकड़े भी सरकारी फाइलों में दर्ज हैं, श्मशानघाट पर जो स्थिति है, उससे हर कोई चिंतित हो उठा है। अस्पताल में भी आक्सीजन की किल्लत को समझा जा सकता है। पर केंद्रीय शासन की ओर से जारी सूची जरूर इस संकट को कम कर सकेगी। जिला औषधि अधिकारी मुकेश जैन ने बताया कि प्लांट को लेकर निर्देश आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
प्लांट से नहीं मिली ऑक्सीजन, डीलर के पास भी खत्म
मुरादाबाद। रविवार को ऑक्सीजन संकट ने डीलर से लेकर अस्पताल और प्रशासन तक के लोगों को सकते में डाल दिया। प्लांट में आक्सीजन नहीं मिली और जो विकल्प शनिवार को दिया गया था वहां भी आक्सीजन की किल्लत से खलबली मच गई। डीलर के पास जो रिजर्व गैस थी, वह अस्पतालों में सप्लाई कर दी गई पर रात को लेकर संकट ने बेचैनी बढ़ा दी है। शहर में आक्सीजन एक बड़े डीलर ने बताया कि उनकी फर्म से कांठ रोड सहित कई अस्पतालों में आक्सीजन की सप्लाई दी जाती है। प्रतिदिन 20 से 22 टन आक्सीजन की आपूर्ति की जा रही थी। शनिवार को भी यही स्थिति थी, पर प्रशासन की सूझबूझ से उस दिन स्थिति नियंत्रण में कर ली गई थी। अन्य प्लांट से आक्सीजन की पूर्ति की गई।
रविवार को यह संकट और गहरा गया। उन्होंने बताया कि दलपतपुर प्लांट से वह आक्सीजन प्राप्त करते थे। शनिवार को आरटीओ कार्यालय के निकट अन्य प्लांट से आक्सीजन प्राप्त की गई थी। रविवार को वहां भी आक्सीजन नहीं मिली है। पता किया गया तो लिक्विड आक्सीजन की किल्लत के कारण यह स्थिति गहराने की बात कही जा रही है। बताया जाता है कि मोदी नगर और काशीपुर प्लांट से भी आक्सीजन सप्लाई नहीं हो पा रही है और इस वजह से यह संकट गहरा गया है। दिन में तो रिजर्व में रखे ढाई सौ से अधिक सिलेंडर सप्लाई कर दिए गए पर रात में व्यवस्था कैसे नियंत्रित की जाएगी, यह स्थिति चिंता का कारण बनी हुई है। वहीं इस मामले में अधिकारी कुछ भी बताने से बच रहे हैं।
