बरेली: चौपुला फ्लाईओवर के नीचे बनने लगी सड़क

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। निर्माणाधीन चौपुला फ्लाईओवर के नीचे सड़क बननी शुरू हो गई है। सड़क बनने से किला की ओर से आने वाले वाहन आसानी से गुजर सकेंगे। सड़क बनाने के लिए रेता-बजरी डालकर पानी डाला गया। इससे कई वाहन फिसलते हुए गुजरे, क्योंकि रास्ता बंद नहीं किया गया था। हालांकि कोरोना के चलते फ्लाईओवर …

बरेली, अमृत विचार। निर्माणाधीन चौपुला फ्लाईओवर के नीचे सड़क बननी शुरू हो गई है। सड़क बनने से किला की ओर से आने वाले वाहन आसानी से गुजर सकेंगे। सड़क बनाने के लिए रेता-बजरी डालकर पानी डाला गया। इससे कई वाहन फिसलते हुए गुजरे, क्योंकि रास्ता बंद नहीं किया गया था। हालांकि कोरोना के चलते फ्लाईओवर का निर्माण धीमा हो गया है, जिसकी वजह से चौपुला चौराहा पर वाहनों की रफ्तार अभी धीमी ही रहने वाली है।

चौपुला चौराहे पर फ्लाईओवर का निर्माण करीब पांच महीने से चल रहा है। सेतु निगम ने निर्माण के लिए 75 दिन का ब्लॉक लिया था लेकिन समय पर कार्य पूरा नहीं हो सका। 75 दिन के बाद किसी तरह से चौपुला चौराहे पर वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया लेकिन वाहन ऊबड़-खाबड़ रास्तों से ही गुजर रहे हैं। किला की ओर से फ्लाईओवर का निर्माण कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है।

चौपुला चौराहा पर पटेल चौक की तरफ भी निर्माण हो चुका है। अब पटेल चौक और पुलिस लाइन की तरफ काम बचा है। कोरोना की वजह से काम लगभग रुक गया है। मौजूदा समय में किला की ओर से आने वाले वाहन पुलिस लाइन की ओर फ्लाईओवर के नीचे से गुजर रहे हैं। पुलिस लाइन की ओर से वाहनों के जाने पर रोक है। कुछ दिनों से पटेल चौक और बिहारीपुर की तरफ वाहन जाने लगे थे लेकिन रास्ता खराब था। अब इस रास्ते को बनाया जा रहा है। सड़क बनने से किला से आकर बिहारीपुर और पटेल चौक की तरफ जाने वाले वाहन आसानी से गुजर सकेंगे। हालांकि अभी पुलिस लाइन और पटेल चौक की तरफ से आने वाले वाहनों को गुजरने में दिक्कतें उठानी पड़ेंगी।

नगर निगम के सामने भी बनी सड़क
सीवर लाइन डलने के काफी समय बाद नगर निगम के सामने सड़क बनने का कार्य शुरू हुआ। अब सड़क लगभग बनकर तैयार हो गई है लेकिन बरेली कॉलेज के सामने अभी भी सड़क उखड़ी पड़ी है, क्योंकि नाले का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। इसकी वजह से कालीबाड़ी की तरफ से आने वाले वाहनों की रफ्तार धीमी हो जा रही है।

श्यामगंज पुल के नीचे बची हुई सड़क को भी बना दिया गया है लेकिन मानसिक चिकित्सालय की तरफ जाने वाली सड़क खराब पड़ी है। इसके अलावा ठेले भी खड़े रहते हैं, जिसकी वजह से वाहन निकलने में दिक्कत हो रही है। सेटेलाइट पुल के नीचे सड़क बनाने का कार्य तेज गति से चल रहा है। कैंट की तरफ से सड़क को चौड़ा किया जा रहा है।

किला रोड पर काम हो गया ठप
किला रोड पर सीवर लाइन का कार्य 31 मार्च तक पूरा करना था लेकिन निर्धारित समय से करीब एक महीना अधिक होने के बावजूद भी काम पूरा नहीं हो सका है। वर्तमान समय में काम रुका पड़ा है। इसकी वजह से वाहन गुजरने में दिक्कतें हो रही हैं। ईसाइयों की पुलिया से बियावानी कोठी तक का रास्ता भी अभी तक बनकर तैयार नहीं हुआ है। इस रास्ते पर 31 मार्च तक पत्थर डालने और 30 अप्रैल तक हॉटमिस्क सड़क बनाने का कार्य पूरा करना था लेकिन अभी तक पत्थर डालने का काम ही नहीं पूरा हो सका है। रविवार को यहां पर काम रुका रहा।

संबंधित समाचार