बरेली: एयरपोर्ट पर लापरवाही, दिल्ली के यात्रियों की नहीं हो रही जांच
बरेली, अमृत विचार। बरेली एयरपोर्ट पर यात्रियों की कोरोना जांच नहीं हो रही है। दिल्ली से आने वाले यात्री बगैर जांच के ही शहर में प्रवेश कर रहे हैं। जबकि, दिल्ली में हालात भयावह होने के बाद वहां 3 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। बरेली में केस बढ़ने के बाद कुछ दिन यहां …
बरेली, अमृत विचार। बरेली एयरपोर्ट पर यात्रियों की कोरोना जांच नहीं हो रही है। दिल्ली से आने वाले यात्री बगैर जांच के ही शहर में प्रवेश कर रहे हैं। जबकि, दिल्ली में हालात भयावह होने के बाद वहां 3 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। बरेली में केस बढ़ने के बाद कुछ दिन यहां जांच हुई थी। स्थिति भयावह होने के बाद जांच बंद कर दी गई।
हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि सीएमओ कार्यालय में दिल्ली से आने वाले यात्रियों की रोजाना सूची भेजी जा रही है। दिल्ली में लॉकडाउन बढ़ने के बाद वहां रह रहे बरेली मंडल के कई लोग घर वापस आ रहे हैं। कई कंपनियों ने वर्क फ्रॉम होम कर दिया है। इस कारण वे अपने होमटाउन में रहकर ही काम करना पसंद कर रहे हैं।
ऐसे में घर आने के लिए वे फ्लाइट का सहारा ले रहे हैं। इस वजह से दिल्ली से आने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ गई है। करीब 65 से 70 के बीच यात्री सफर कर रहे हैं लेकिन एयरपोर्ट पर कोरोना जांच की व्यवस्था न होने से संक्रमण फैलने का डर सता रहा है। विमान में सफर के दौरान व एयरपोर्ट से निकलने के बाद टैक्सी व अन्य साधनों से यात्री घर जा रहे हैं। ऐसे में अगर कोई संक्रमित हुआ तो वह कईयों को संक्रमित कर सकता है। इसके अलावा घर पहुंचने के बाद परिवार के सदस्यों के लिए भी खतरा बन सकता है।
यात्रियों की कोरोना जांच सीएमओ कार्यालय की तरफ से शिविर लगाकर कराई जाती है। इस संबंध में रोजाना यात्रियों के जाने व आने वाले यात्रियों की सूची रोजाना भेजी जा रही है। – राजीव कुलश्रेष्ठ,निदेशक बरेली एयरपोर्ट
