असम में 6.4 तीव्रता का भूकंप, बंगाल, मेघालय समेत कई इलाकों में महसूस किए गए झटके

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गुवाहाटी/शिलॉन्ग/जलपाईगुड़ी। असम में बुधवार सुबह 6.4 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए जिससे पूर्वोत्तर राज्य में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के झटके पड़ोसी राज्य मेघालय और पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों समेत पूरे क्षेत्र में महसूस किए गए। उन्होंने बताया कि भूकंप सुबह सात बजकर 51 मिनट …

गुवाहाटी/शिलॉन्ग/जलपाईगुड़ी। असम में बुधवार सुबह 6.4 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए जिससे पूर्वोत्तर राज्य में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के झटके पड़ोसी राज्य मेघालय और पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों समेत पूरे क्षेत्र में महसूस किए गए।

उन्होंने बताया कि भूकंप सुबह सात बजकर 51 मिनट पर सोनितपुर जिले में आया। इसके बाद सात बजकर 58 मिनट और आठ बजकर एक मिनट पर भूकंप के दो और झटके महसूस किए गए। ये भूकंप के झटके क्रमश: 4.3 और 4.4 तीव्रता के दर्ज किए गए।

क्षेत्र के ज्यादातर हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए और लोग घबराहट में अपने घरों तथा अन्य स्थानों से बाहर निकल आए। सोनितपुर के जिला मुख्यालय तेजपुर, गुवाहाटी और कई अन्य स्थानों में कई इमारतों में दरारें आ गई। हताहतों के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

प्रधानमंत्री ने असम के मुख्यमंत्री से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से बात की भूंकप से हुए जान और माल के नुकसान का जायजा लिया तथा पूर्वोत्तर के इस राज्य को हरसंभव केंद्रीय मदद का आश्वासन भी दिया।

मोदी ने ट्वीट कर कहा कि असम के विभिन्न हिस्सों में आए भूकंप के सिलसिले में मुख्यमत्री सर्बानंद सोनोवाल से बात की। हरसंभव केंद्रीय मदद का उन्हें आश्वासन दिया। असम के लोगों के कुशल-क्षेम की कामना करता हूं।

अमित शाह ने सोनोवाल से बात कर भूंकप के बाद की स्थिति का लिया जायजा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से बात कर, भूकंप से हुए नुकसान का जायजा लिया और उन्हें हरसंभव केंद्रीय मदद का आश्वासन दिया।

शाह ने ट्वीट कर कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में आए भूकंप के बाद की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से बात की। केंद्र सरकार असम के भाइयों और बहनों के साथ मजबूती से खड़ी है। सभी की सुरक्षा और कुशल-क्षेम की कामना करता हूं।

संबंधित समाचार