बागेश्वर: बेटे को दुल्हन लाने के लिए विदा कर रही मां की अचानक मौत से मातम में तब्दील हो गई खुशियां
बागेश्वर, अमृत विचार। कपकोट में पुत्र की बारात को दुल्हन के घर भेजने के दौरान मां गश खाकर गिर गई और बेहोश हो गई।आनन-फानन में उन्हें सीएचसी कपकोट ले गए, लेकिन डॉक्टर ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। जिससे शादी की खुशी का माहौल मातम में बदल गया। अचानक हुई इस घटना से परिवार सदमे …
बागेश्वर, अमृत विचार। कपकोट में पुत्र की बारात को दुल्हन के घर भेजने के दौरान मां गश खाकर गिर गई और बेहोश हो गई।आनन-फानन में उन्हें सीएचसी कपकोट ले गए, लेकिन डॉक्टर ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। जिससे शादी की खुशी का माहौल मातम में बदल गया। अचानक हुई इस घटना से परिवार सदमे में हैं। क्षेत्रावसियों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है। गुरुवार को भराड़ी वार्ड के बमसेरा निवासी बाला राम घटियाल के चिकित्सक पुत्र डॉ. बृजेश घटियाल की बारात बेरीनाग जानी थी। बारात की रवानगी का
कार्यक्रम चल रहा था।
दूल्हे को अक्षत परखने की रश्म निभाई जा रही थी, दूल्हे की मां आशा देवी अक्षत परखते हुए दूल्हे के गले लगी और अचानक नीचे गिर गई। दूल्हे ने तत्काल मां को अस्पताल पहुंचाने की बात कही। आनन-फानन में उन्हें कपकोट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। खुशी के बीच हुए हादसे ने पूरा माहौल मातम में बदल दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट आदि ने घर जाकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
इधर, घटना पर विधायक बलवंत सिंह भौर्याल, जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, फार्मेसिस्ट पीएस शाही, बीएल वर्मा, दानसिंह देवली, हरीश ऐठानी सहित तमाम जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने दुख जताया है। मृतक आशा देवी राइंका कपकोट में शिक्षिका के पद पर तैनात थी। उनके पति बाला राम घड़ियाल जिला अस्पताल से चीफ फार्मासिस्ट पद से सेवानिवृत हैं। बड़े पुत्र डॉ. बृजेश प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोहारखेत में तैनात हैं, जबकि छोटे बेटे ने जेएनएम का कोर्स किया है।
छोटे बेटे की शादी हो चुकी है। गुरुवार को बड़े बेटे की शादी थी, शादी के बीच हादसा होने से परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका आशा देवी को 2022 में सेवानिवृत्त होना था। अपने सेवाकाल में वह प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री, ब्लॉक महामंत्री और ब्लॉक कोषाध्यक्ष रही। करीब चार साल पहले उनका माध्यमिक में प्रमोशन हुआ था। जिसके बाद से वह राइंका कपकोट में तैनात थी। उनके निधन पर प्राथमिक, जूनियर और माध्यमिक शिक्षक संगठनों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है।
