बरेली: संक्रमण का शिकार हुआ स्टाफ, नहीं बना पा रहे अधूरी सड़कें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना का संक्रमण बढ़ने के साथ ही सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत का काम भी ठप हो गया है। टूटी व खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत न होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। अधिकारियों के सामने दिक्कत यह है कि कोरोना काल में न …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना का संक्रमण बढ़ने के साथ ही सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत का काम भी ठप हो गया है। टूटी व खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत न होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। अधिकारियों के सामने दिक्कत यह है कि कोरोना काल में न तो विभागीय स्टाफ काम कर पा रहा है और न ही लेबर ही मिल रहे हैं। ऐसे में ठेकेदार हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। उनका कहना है कि संक्रमण का प्रकोप कम हो जाने के बाद ही सड़कों का निर्माण जोर पकड़ सकेगा।

अमृत योजना के तहत सीवर लाइन बिछाने के लिए शहर में विभिन्न जगहों के साथ ही गांधी चौराहे से बियावानी कोठी होते हुए खुर्रम गौंटिया की ओर भी सड़क की खुदाई का काम काफी पहले हुआ था। बियावानी कोठी के पास सड़क की खुदाई किए हुए कई महीने बीत चुके हैं लेकिन अधिकारी इस रोड का हॉटमिक्स निर्माण करने को लेकर लापरवाही बरत रहे हैं। हालांकि कुछ दिन पहले बरेली कॉलेज से नगर निगम होते हुए रोड पर हॉटमिक्स की लेयर बिछा दी गई थी। अभी यहां भी रोड का कुछ हिस्सा अधूरा होने से उस पर यातायात का संचालन नहीं शुरू हो सका है।

इसी तरह से चौकी चौराहे से गांधी उद्यान की तरफ भी रोड बना दी गई है लेकिन उसके आगे बियावानी कोठी से खुर्रम गौंटिया के आगे तक रोड का निर्माण नहीं कराया जा रहा है। जबकि इस रोड पर भी काफी ट्रैफिक रहता है। इसके चलते लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस अधूरी रोड दिनभर धूल उड़ती रहती है। खस्ताहाल रोड पर कई बार स्कूटी व बाइक वाले नियंत्रित होकर गिर जाते हैं। कई बार लोग घायल भी हो चुके हैं।

अधिकारियों का कहना है कि कोरोना का संक्रमण बढ़ने के साथ ही विभागीय स्टाफ के ज्यादातर लोग संक्रमित हो गए हैं या फिर उनकी तबीयत ठीक नहीं है। ऐसे में वे काम नहीं कर रहे हैं। जबकि ठेकेदारों के पास भी लेबर की संख्या में कमी आई है। उनका कहना है कि कोरोना का खौफ बढ़ने के साथ ही अधिकांश लेबर परिवार के साथ घर वापस चले गए हैं। इससे काम प्रभावित हो रहा है।

संबंधित समाचार