बरेली: एंबुलेंस नहीं पहुंची तो जीआरपी की महिला आरक्षी ने कराया प्रसव
बरेली, अमृत विचार। दिल्ली से जयनगर जाने वाली (04480) स्पेशल ट्रेन में यात्रा कर रही महिला को ट्रेन में शुक्रवार को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। उसे जंक्शन पर उतारा गया। जीआरपी ने एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस के न पहुंचने पर जीआरपी की महिला कांस्टेबल ने जंक्शन पर ही पर्दा डालकर उसका प्रसव …
बरेली, अमृत विचार। दिल्ली से जयनगर जाने वाली (04480) स्पेशल ट्रेन में यात्रा कर रही महिला को ट्रेन में शुक्रवार को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। उसे जंक्शन पर उतारा गया। जीआरपी ने एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस के न पहुंचने पर जीआरपी की महिला कांस्टेबल ने जंक्शन पर ही पर्दा डालकर उसका प्रसव कराया। महिला ने बेटे को जन्म दिया है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र निवासी पूजा अपने पति विपिन कुमार के साथ गांव मधुरापुर तारा जा रही थी। दोनों ने दिल्ली से ट्रेन में सफर शुरू किया था। देर रात महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। पति ने रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन कर मदद मांगी। रेलवे कंट्रोल रूम से जंक्शन जीआरपी को सूचना दी गई।
सुबह करीब 4 बजे प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ट्रेन के पहुंचते ही जीआरपी की महिला आरक्षी पिंकी और एसआई खड़ग सिंह ने महिला को जंक्शन पर उतार लिया लेकिन एंबुलेंस तब तक नहीं पहुंची थी। समय के अभाव में महिला का प्रसव जंक्शन पर कराना पड़ गया। जीआरपी इंस्पेक्टर विजय सिंह राणा ने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। लॉकडाउन में काम छूटने के कारण दंपति दिल्ली से अपने घर जा रहे थे।
