Assembly Election Result: केजरीवाल, पवार ने दी ममता को जीत की बधाई जानें- केरल, तमिलनाडु, असम औैर पुदुचेरी का हाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुरचेरी में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आज  घोषित किए जा रहे हैं। कोविड-19 के परिप्रेक्ष्य में जारी मानकों के तहत रविवार सुबह 8 बजे वोटों की गिनती शुरू हो गई है। बंगाल में जहां इस बार टीएमसी और बीजेपी के बीच मुकाबला है, …

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुरचेरी में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आज  घोषित किए जा रहे हैं। कोविड-19 के परिप्रेक्ष्य में जारी मानकों के तहत रविवार सुबह 8 बजे वोटों की गिनती शुरू हो गई है। बंगाल में जहां इस बार टीएमसी और बीजेपी के बीच मुकाबला है, तो वहीं असम में कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने है। तमिलरनाडु, केरल और पुडुचेरी पर भी सभी की निगाहें टिकी हैं। पांच राज्यों के नतीजों से जुड़े बड़े अपडेट्स के लिए यहां पर बने रहें अमृत विचार के साथ..

पांचों राज्यों के अब रुझान आने लगे हैं और किसकी हार होगी और कौन जीतेगा, इसकी तस्वीर दिखने लगी है। शुरुआती रुझानों में बंगाल में भाजपा और टीएमसी के बीच कड़ी टक्कर दिख रही है। असम में भी भाजपा कमाल कर रही है। कांग्रेस का बंगाल से लेकर असम तक बुरा हाल है। बहरहाल, बंगाल में दीदी की होगी हैट्रिक या खिलेगा कमल, असम में फिर चलेगा मोदी मैजिक या कांग्रेस करेगी कमाल, केरल में बचेगा लेफ्ट का आखिरी किला या राहुल की मेहनत लाएगी रंग, तमिलनाडु में डीएमके और एआईडीएमके में कौन होगा सत्ता का सरताज और पुडुचेरी में क्या  है जनता का मिजाज? इसका पता अब से कुछ देर में चलेगा।

Assembly Election Result LIVE Update :

केरल में एलडीएफ दूसरे कार्यकाल की तरफ, 70 सीटों पर जीत, 29 में बढ़त
केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) लगातार दूसरे कार्यकाल की ओर बढ़ता दिख रहा है क्योंकि निर्वाचन आयोग के ताजा रूझानों के मुताबिक उसने 140 में से 70 सीटें जीत ली है और 29 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। पिछले 40 साल में पहली बार केरल में कोई निर्वाचित सरकार अपनी सत्ता बरकरार रखने जा रही है। इससे पहले वाम दल और कांग्रेस नीत यूडीएफ को ही बारी-बारी से जनता ने सत्ता की बागडोर सौंपी है। यूडीएफ 32 सीटें जीत चुका है और नौ सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

वहीं भाजपा का खाता भी नहीं खुला है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, मंत्रिमंडल के उनके सहयोगी एम एम मणि, के के शैलजा, ए सी मोईद्दीन, के रामचंद्रन, के कृष्णनकुट्टी, टी पी रामकृष्णन और के चंद्रशेखरण भी जीत गए हैं। भाई-भतीजावाद के आरोपों के बाद उच्च शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले के टी जलील तवानूर से जीतने में कामयाब रहे। ‘मेट्रोमैन’ के नाम से मशहूर ई श्रीधरन, पूर्व केंद्रीय मंत्री के जे अल्फोंस, कुम्मनम राजशेखरन, राज्यसभा सदस्य और अभिनेता सुरेश गोपी चुनाव हार गए।

राजग पुडुचेरी में सरकार बनाने के लिए तैयार
पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों में से 22 सीटों के नतीजों में एआईएनआरसी की अगुवाई में राजग 13 सीटें जीतकर और दो पर बढ़त बनाकर सरकार बनाने के लिए तैयार है। कांग्रेस की अगुवाई वाले गठबंधन को पांच सीटों पर जीत मिली है और चार सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों के हाथ बाजी लगी है, जबकि मतगणना अभी जारी है। चुनाव आयोग के अनुसार एआईएनआरसी ने 10, भाजपा ने तीन, द्रमुक ने तीन, कांग्रेस ने दो और निर्दलीय ने चार सीटें हासिल कीं। पुडुचेरी में सरकार बनाने के लिए 30 सदस्यों वाली विधानसभा में 16 विधायकों का समर्थन चाहिए।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को बहुमत, 63 सीटों पर बढ़त
तृणमूल कांग्रेस ने 292 सीटों में से 148 सीटें जीतकर पश्चिम बंगाल विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक तृणमूल कांग्रेस 63 निर्वाचन क्षेत्रों में बढ़त बनाए हुए हैं। राज्य में विधानसभा सीटों की संख्या 294 है लेकिन शमसेरगंज और जांगीपुर निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवारों के निधन के कारण वहां का चुनाव स्थगित कर दिया गया। सदन की प्रभावी क्षमता 292 रहने पर पार्टी को सामान्य बहुमत के लिए 147 सीटों की जरूरत थी।

हैदराबाद: नागार्जुन सागर सीट पर उपचुनाव में टीआरएस ने हासिल की जीत
सत्ताधारी तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने नागार्जुन सागर विधानसभा सीट पर 17 अप्रैल को हुए उपचुनाव में 18000 से ज्यादा मतों के अंतर से जीत हासिल की है। मतों की गणना रविवार को हुई। टीआरएस उम्मीदवार नोमूला भगत को 89804 मत मिले जबकि उनके करीबी कांग्रेस उम्मीदवार के जना रेड्डी को 70932 मत मिले। भाजपा की इस सीट पर जमानत जब्त हो गई।

टीआरएस विधायक नोमूला नरसिम्हैया के पिछले साल दिसंबर में निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा। पार्टी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने पार्टी उम्मीदवार को जिताने के लिये नागार्जुन सागर के लोगों को शुक्रिया अदा किया।

द्रमुक की युवा शाखा के सचिव और पार्टी प्रमुख एम के स्टालिन के बेटे उदयनिधि ने चेपौक-तिरुवल्लिकेनी सीट पर 69,355 वोटों के अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पीएमके के ए वीए कस्साली को हराया।

भाजपा के नेतृत्व वाले राजग ने असम विधानसभा में बहुमत के लिये जरूरी 64 का आंकड़ा पार किया: निर्वाचन आयोग

पुडुचेरी विधानसभा चुनाव मे राजग ने जीती 12 सीटें, उसकी सरकार बनने के आसार
पुडुचेरी में छह अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को चल रही मतगणना में एनआर कांग्रेस ने आठ सीटें और उसकी सहयोग भाजपा ने चार सीटें जीती हैं जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन तीन सीटों पर विजयी रहा है। निर्वाचन आयोग ने बताया कि 30 विधानसभा सीटों में से 14 के नतीजे आ गये हैं तथा एआईएनआरसी ने आठ, भाजपा ने तीन, द्रमुक ने एक तथा कांग्रेस ने दो सीटें जीती हैं। भाजपा के नमासवियम अपने द्रमुक प्रतिद्वंद्वी ए कृष्णन को हराकर मन्नाडिपेट विधानसभा सीट से विजयी हुए। वह इसी साल जनवरी में कांग्रेस से भाजपा में आये थे।

एआईएनआरसी के यू लक्ष्मीकांधन ने पूर्व मंत्री एम कांडसामी को हराकर कांग्रेस से एम्बालम (आरक्षित) सीट छीन ली। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सूरबीर सिंह ने को बताया कि भाजपा उम्मीदवार ए जॉन कुमार कामराजनगर से विजयी घोषित किये गये हैं। कुमार कांग्रेस से भाजपा में आये थे। कांग्रेस के एम वैद्यनाथन ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी सामिनाथन को हराया है। वैद्यनाथन एआईएनआरसी से कांग्रेस में आये थे।

इस केंद्रशासित प्रदेश में एआईएनआरसी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में अन्नाद्रमुक और भाजपा भी शामिल है। कांग्रेस और द्रमुक एक-एक सीट पर आगे चल रही है। प्रतिद्वंद्वी सेक्युलर डेमोक्रेटिक अलायंस (एसडीए) में कांग्रेस, द्रमुक, वीसीके और भाकपा शामिल हैं। इस केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा की 30 सीटें हैं।

भाजपा के विजय रथ पर लगाम, ममता की जीत से क्षेत्रीय दलों का उज्जवल भविष्य
देश के पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम की घोषणा के बाद एक ओर जहां भाजपा का विजय रथ रुक गया है वहीं, उसकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी पार्टी कांग्रेस का पांव लगभग हर जगह से उखड़ रहा है। इसी बीच पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस की अभूतपूर्व जीत के बाद राजनीतिक पंडितों को लग रहा है कि एक बार फिर क्षेत्रीय दल और नेता राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनकर उभरेंगे। कोविड-19 संकट से निपटने को लेकर विपक्ष की आलोचना झेल रही भाजपा की पश्चिम बंगाल में बुरी तरह हार हुई है और ऐसे में उसके पास दिखाने के लिए कुछ नहीं बचा है।

भाजपा सूत्रों का दावा है कि पश्चिम बंगाल में वाम मोर्चा – कांग्रेस गठबंधन का टूटना, बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में मुस्लिम वोटों का ध्रुवीकरण, मतदान प्रतिशत में कमी, खास तौर से कोविड-19 के कारण अंतिम कुछ चरणों में मतदान की कमी आदि ने राज्य में पार्टी की हार में मुख्य भूमिका निभाई है। पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष का हालांकि कहना है कि तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है, वहीं पार्टी के एक अन्य वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने तृणमूल कांग्रेस के शानदार प्रदर्शन का श्रेय ममता बनर्जी को दिया है।

विजयवर्गीय ने कहा, ”तृणमूल कांग्रेस ममता बनर्जी के कारण जीती है। ऐसा लगता है कि जनता ने दीदी को चुना है। हम अत्मविश्लेषण करेंगे कहां गलती हुई है, क्या यह संगठन का मुद्दा था, या चेहरे की कमी या भीतरी-बाहरी का विवाद। हम देखेंगे कि कहां गलती हुई है।” जवाहर लाल नेहरु विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर पॉलिटिकल स्टडीज के एक एसोसिएट प्रोफेसर मणिन्द्र नाथ ठाकुर का कहना है कि पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम बनर्जी के साथ नए गठजोड़ को बढ़ावा दे सकते हैं।

उन्होंने बनर्जी को इंदिरा गांधी के बाद सबसे मजबूत महिला नेता बताया। यह रेखांकित करते हुए कि बंगाल के बाहर भी बनर्जी की पार्टी का संगठन है उन्होंने कहा कि गठबंधन की राजनीति के दूसरे चरण में संभवत: क्षेत्रीय दल / क्षत्रप मुख्य भूमिका में होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिन राज्यों में मजबूत है, उसकी भूमिका वहां बनी रहेगी।

राष्ट्रीय राजनीति में क्षेत्रीय दलों/क्षत्रपों का काफी दबदबा था जो 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बहुमत की सरकार बनने के बाद लगभग धराशायी हो गया था। वहीं भाजपा के एक अन्य नेता का कहना है कि हार के बावजूद पार्टी बनर्जी के लिए एक इकलौती चुनौती बनकर सामने आयी है। उन्होंने कहा, ”तीन सीटों (2016) से अब हमारे पास करीब 90 विधायक हैं। विश्लेषकों को जो लिखना होगा, वही लिखेंगे, लेकिन भाजपा अब तृणमूल कांग्रेस का विकल्प बनकर सामने हैं, और कुछ साल पहले तक ऐसा नहीं था।”

कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष रिपुन बोरा ने चुनावी हार के बाद इस्तीफा दिया, पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी को पत्र भेजा।

लोगों ने टीएमसी से आए नेताओं को नहीं स्वीकारा: दिलीप घोष
भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख दिलीप घोष ने रविवार को कहा कि ऐसा लगता है कि लोगों ने टीएमसी से भाजपा में आए नेताओं को स्वीकार नहीं किया, क्योंकि इस तरह के कई उम्मीदवार चुनाव हार गए। घोष ने कहा, ”हमें इस तरह के नतीजों की उम्मीद कभी नहीं थी। लोगों से हमें जो प्रतिक्रिया और रुझान मिल रहे थे, वह कुछ अलग बता रहे थे। लेकिन हम इस नतीजे को स्वीकार करते हैं और अब एक रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे।”

उन्होंने कहा कि भाजपा ने सीटों के मामले में अपनी स्थिति में सुधार किया है, हालांकि पार्टी का लक्ष्य सरकार बनाना था। टीएमसी से आए नेताओं के चुनाव हारने के सवाल पर घोष ने कहा, ”ऐसा लगता है कि लोगों ने टीएमसी से भाजपा में आने वालों को स्वीकार नहीं किया।” घोष ने कहा कि भाजपा बहुत कम अंतर के साथ कई सीटें हार गई और पार्टी हार के कारणों का पता लगाने के लिए गहराई से मंथन करेगी।

केरल के देवस्वओम मंत्री कडकमपल्ली सुरेंद्रन ने 23,497 वोटों के अंतर से कझाकूटम विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की।

केरल में कांग्रेस के नेता रमेश चेन्नितला हरिपाद सीट से 13,666 वोटों के अंतर से विजयी।

झारखंड की मधुपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में झामुमो प्रत्याशी हफीजुल हसन ने भाजपा के गंगानारायण को 5,292 मतों से पराजित किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने ममता बनर्जी को जीत की हैट्रिक की बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की शानदार जीत के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बधाई दी और आश्वासन दिया कि लोगों की आकांक्षाओं की पूर्ति और कोविड-19 महामारी से जीत में केंद्र की ओर से राज्य सरकार को हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।

मोदी ने ट्वीट कर कहा, ”पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की जीत के लिए ममता दीदी को बधाई। कोविड-19 के खिलाफ विजय हासिल करने और लोगों की आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए पश्चिम बंगाल सरकार को केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।” प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर भाजपा का समर्थन करने के लिए भी पश्चिम बंगाल की जनता का आभार जताया।

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ”हमारी पार्टी को आशीर्वाद देने के लिए मैं पश्चिम बंगाल के भाइयों और बहनों को धन्यवाद देता हूं। पहले हमारी मौजूदगी नगण्य थी और वहां से आज हमारी मौजूदगी महत्वपूर्ण ढंग से बढ़ी है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल की जनता की सेवा जारी रखेगी। उन्होंने चुनाव में कड़ी मेहनत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की।

कड़ा मुकाबला होने के अनुमानों को धता बताते हुए, तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ती दिख रही है। अब तक प्राप्त रुझानों के मुताबिक विधानसभा की 292 सीटों के लिए जारी मतगणना में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस 202 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है जबकि भाजपा 81 सीटों पर आगे है। पिछले विधानसभा चुनाव में महज तीन सीटों पर जीत दर्ज करने वाली भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी लेकिन वह अपने अभियान में सफल नहीं हो सकी।

‘मेट्रो मैन’ के नाम से चर्चित और भाजपा प्रत्याशी ई श्रीधरन को पलक्कड़ सीट से कांग्रेस के शफी परमबिल ने 3859 मतों से हराया।

केरल की स्वास्थ्य मंत्री के के शैलजा मत्तनपुर सीट से 60,963 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीतीं।

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन विधानसभा चुनाव में धर्मादोम सीट से 50,123 मतों के अंतर से विजयी हुए।

नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी पराजित
पश्चिम बंगाल की प्रतिष्ठित नंदीग्राम विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कांटे की टक्कर में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रत्याशी शिवेन्दु अधिकारी से चुनाव हार गयी हैं। अधिकारी 1957 मतों से चुनाव जीते हैं। इससे पहले ऐसी खबरें आयीं थी कि बनर्जी 1200 मतों से चुनाव जीत गयी हैं।

बनर्जी ने नंदीग्राम में अपनी पराजय स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा, “ नंदीग्राम की चिंता न कीजिए, मैंने नंदीग्राम में एक आंदोलन की अगुवाई की थी, इसलिए मैंने वहां से संघर्ष किया। नंदीग्राम के लोगों ने जैसा भी जनादेश दिया है, मैं उसे स्वीकार करती हूं। हम लोगों ने विधानसभा की 221 सीटें जीती हैं और भाजपा चुनाव हार गयी है।

कोविड-19 से निपटना शीर्ष प्राथमिकता में रहेगा: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि कोविड-19 से बने हालात से निपटना उनकी सरकार की शीर्ष प्राथमिकता में रहेगा। बनर्जी ने राज्य में विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की शानदार जीत को लोगों की जीत करार दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने संक्षिप्त संदेश में बनर्जी ने कहा, ”हमारे लिए कोविड-19 से निपटना शीर्ष प्राथमिकता में रहेगा। यह बंगाल की जीत है और केवल बंगाल ही ऐसा कर सकता है।”

बनर्जी ने चुनावी नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि यह बंगाल की जीत है और सभी लोगों को कोविड संबंधी प्रोटोकाल का पालन करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह शाम छह बजे के बाद प्रेस को संबोधित करेंगी। बनर्जी ने कहा“ अभी किसी तरह का कोई विजयी जुलूस नहीं निकाला जाएगा और इसके बारे में बाद में फैसला लिया जाएगा।” राज्य में तीसरी बार सत्ता संभालने जा रही बनर्जी ने तृणमूल कार्यकर्ताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं से घर जाने तथा कोविड से लडने का आह्वान किया।

वाईएसआर कांग्रेस को तिरुपति लोकसभा सीट पर उपचुनाव में जीत मिली
आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस ने तिरुपति (एससी) लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में मुख्य विपक्षी तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) को 2.70 लाख से ज्यादा मतों के अंतर से हराया है। वाईएसआरसी के उम्मीदवार एम गुरुमूर्ति ने तेदेपा उम्मीदवार और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री पनबाका लक्ष्मी को शिकस्त दी।

भाजपा उम्मीदवार और पूर्व आईएएस अधिकारी के रत्ना प्रभा महज 5.16 प्रतिशत वोट पाने में कामयाब रहीं। उनकी जमानत भी जब्त हो गयी। भाजपा के लिए संतोष की बात यह रही कि 2019 के चुनाव में वोटों में उसकी भागीदारी महज 1.22 प्रतिशत थी जो इस बार बढ़ गयी। पूर्व राज्य मंत्री और कांग्रेस के प्रत्याशी चिंता मोहन 10,000 वोट भी नहीं हासिल कर सके। तिरुपति लोकसभा सीट से निवर्तमान सांसद बल्ली दुर्गा प्रसाद राव के कोविड-19 से निधन के कारण 17 अप्रैल को उपचुनाव कराया गया।

शिवसेना के सांसद संजय राउत ने ममता को लेकर किया ट्वीट, कहा- बंगाल की बाघिन को बधाई
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रतिद्वंद्वी भाजपा के साथ कड़े मुकाबले के बाद तृणमूल कांग्रेस के पास ही सत्ता बरकरार रहने के आसार नजर आने के उपरांत शिवसेना के सांसद संजय राउत ने रविवार को ममता बनर्जी को ‘बंगाल की बाघिन’ बताते हुए उनकी प्रशंसा की। राउत ने कहा, ” भाजपा ने कठिन परिश्रम किया और पश्चिम बंगाल में चुनावों में काफी पैसा लगाया लेकिन बनर्जी को हराना आसान नहीं है।” पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिये चल रही मतगणना के रुझानों में तृणमूल कांग्रेस को बड़ी जीत मिलने के संकेतों के बीच राज्यसभा सदस्य ने ट्वीट किया, ”बंगाल की बाघिन को बधाई।”

राउत ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में यह भी कहा कि अब सभी लोग राजनीतिक आंकड़ों के बजाय कोविड-19 के आंकड़ों में वृद्धि से ज्यादा चिंतिंत है। चुनाव आयोग की वेबसाइट से हासिल ताजा जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस दो सीटें जीत चुकी है और 207 सीटों पर आगे चल रही है जबकि भाजपा को 80 सीटों पर बढ़त है। विधानसभा की 292 सीटों के लिए चुनाव हुए थे।

महाराष्ट्र में कांग्रेस एवं राकांपा के साथ गठबंधन में सत्तासीन में शिवसेना ने पश्चिम बंगाल चुनाव नहीं लड़ा था बल्कि उसने बनर्जी को अपना समर्थन दिया था। मतगणना के ताजा रूझानों के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में सत्ता में फिर से लौटने की ओर उन्मुख है जबकि असम में भाजपा और केरल में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा की वापसी के आसार हैं। रूझानों से यह भी संकेत मिला है कि तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक की सत्ता में वापसी की संभावना नहीं है, उसकी विरोधी पार्टी द्रमुक सत्ता की ओर अग्रसर है। केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में एनआईएनआरसी के नेतृत्व वाले राजग के कदम सत्ता की ओर बढ़ रहे हैं।

राउत ने कहा कि पुडुचेरी और तमिलनाडु छोड़कर किसी भी अन्य राज्य में राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव नहीं होगा। राज्यसभा सदस्य ने कहा, ” हमें ममता दीदी को बधाई देनी है कि उन्होंने भाजपा की चुनौती को स्वीकार किया और वह एक ही सीट से चुनाव लड़ीं। भाजपा ने उन्हें हराने के लिये कठिन परिश्रम किया और काफी धन लगाया लेकिन ममता को पराजित करना आसान नहीं है।” शिवसेना प्रवक्ता ने कहा, ”हमें कोई शक नहीं है कि पार्टी पश्चिम बंगाल में अगली सरकार बनाएगी।

तमिलनाडु में द्रमुक नीत गठबंधन अपने प्रतिद्वंद्वी अन्नाद्रमुक के हाथों से सत्ता लेने के लिए उन्मुख
तमिलनाडु में छह अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव के लिये हो रही मतगणना में 234 सीटों के रुझानों के अनुसार द्रमुक नीत गठबंधन सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक के हाथों से सत्ता लेने की ओर बढ़ता हुआ नजर रहा है। मतगणना के अब के रुझानों के मुताबिक द्रमुक गठबंधन 121 सीटों पर आगे चल रहा है। तमिलनाडु में विधानसभा की 234 सीटें हैं और सामान्य बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है। यदि यह रूझान ऐसा ही रहता है तो द्रमुक के लिए सपना साकार होने जैसा होगा। उसका चुनावी गीत ‘स्टालिन थान वाराउ’ सही साबित हो जाएगा जिसका अर्थ है कि स्टालिन मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।

रूझानों से द्रमुक कायकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गयी। कोविड-19 दिशानिर्देशों के बावजूद वे पटाखे छोड़ने लगे एवं पार्टी मुख्यालय ‘ अन्ना अरिवलयम’ में उन्होंने मिठाइयां बांटी। जश्न के संबंध में प्रशासन ने निर्वाचन आयोग के मुख्यालय के आदेश का हवाला दिया जिसमें पाबंदियों का उल्लंघन करने पर संबंधित क्षेत्राधिकार के पुलिस एवं अन्य अधिकारियों को तत्काल निलंबित एवं उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक एवं आपराधिक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश है। पुलिस ने बताया कि तेन्यामपट के निरीक्षक (कानून व्यवस्था प्रभारी) को कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही एवं निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित नहीं कराने को लेकर निलंबित कर दिया गया है।

द्रमुक की बड़ी सहयोगी कांग्रेस 15 सीटों पर आगे चल रही है जबकि वाम दल चार निर्वाचन क्षेत्रों में तथा विदुथलई चिरुथैगल काच्चि तीन निर्वाचन क्षेत्रों में बढ़त बनायी हुई है। द्रमुक और उसकी सहयोगी पार्टियां 143 सीटों पर आगे हैं। विपक्षी अन्नाद्रमुक 81 सीटों पर आगे हैं और सहयोगी दलों के साथ उसकी 90 सीटों पर बढ़त है। चुनाव आयोग का शाम पांच बजे तक का 234 सीटों का रूझान उपलब्ध है। अब तक के रूझानों के अनुसार दस साल की सत्ताविरोधी लहर के बावजूद अन्नाद्रमुक एक ताकत बनी हुई है।

अन्नाद्रमुक के शीर्ष नेता के पलानीस्वामी सलेम जिले की इडापड्डी विधानसभा सीट से आगे चल रहे हैं जबकि उपमुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम द्रमुक के टी तमिलसेल्वम से आगे चल रहे हैं। विपक्ष के नेता और द्रमुक प्रमुख एम के स्टालिन यहां कोलाथुर सीट से आगे चल रहे हैं जबकि उनके बेटे और पार्टी की युवा इकाई के सचिव उदयनिधि स्टालिन ने चेपक-ट्रिपलिकेन सीट से बढ़त बनाए हुए हैं।

कोयंबटूर दक्षिण सीट से मक्कल नीधि मय्यम (एमएनएम) के प्रमुख कमल हासन कांग्रेस उम्मीदवार मयूर जयकुमार के साथ कांटे की टक्कर के बाद आगे चल रहे हैं जबकि भाजपा के वी श्रीनिवासन तीसरे स्थान पर हैं। द्रमुक के प्रमुख नेता एमआरके पन्नीरसेल्वम (कुरिन्जीपाडी) और दुरईमुरूगन (कटपाडी) से पीछे चल रहे हैं जबकि अन्नाद्रमक से निष्कासित और अम्मा मक्कल मुन्नेत्र कषगम के प्रमुख टीटीवी दिनाकरण कोविलपट्टी सीट से अन्नाद्रमुक के नेता और मंत्री के सी राजू से पीछे चल रहे हैं। अब तक आगे चल रहे मंत्रियों में एसपी वेलुमणि, सी विजयभास्कर और यू के राधाकृष्ण शामिल हैं।

उमर अब्दुल्ला ने ममता को दी बधाई
नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने रविवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी की ‘शानदार जीत’ के लिये पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा और ‘पूर्णत: पक्षपातपूर्ण ‘ निर्वाचन आयोग ने उनके खिलाफ पूरी ताकत लगा दी लेकिन वह सफल रहीं। उमर ने ट्वीट किया, ‘ममता दीदी और तृणमूल कांग्रेस के सभी सदस्यों के पश्चिम बंगाल में शानदार जीत के लिये हार्दिक बधाई। भाजपा और ‘पूर्णत: पक्षपातपूर्ण ‘ निर्वाचन आयोग ने उनके खिलाफ पूरी ताकत लगा दी लेकिन वह सफल रहीं। अगले पांच साल के लिये शुभकामनाएं।’

राजनाथ सिंह ने ममता बनर्जी को बधाई दी
रक्षा मंत्री और भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दीदी को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी की जीत पर बधाई। उनके अगले कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।

महबूबा मुफ्ती ने ममता बनर्जी को दी बधाई
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस के प्रदर्शन पर बधाई दी है और कहा कि लोगों ने “विध्वंसकारी एवं विभाजनकारी बलों” को खारिज कर दिया है। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, “ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस को आज मिली जबर्दस्त जीत पर बधाई। पश्चिम बंगाल के लोग “विध्वंसकारी एवं विभाजनकारी बलों” को खारिज करने के लिए प्रशंसा के पात्र हैं।”

येचुरी ने केरल के मतदाताओं का जताया आभार 
केरल में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के जीत की ओर अग्रसर होने के बाद माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने रविवार को राज्य की जनता का आभार जताया और कहा कि उनकी पार्टी लोगों के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों से निपटना जारी रखेगी। येचुरी ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘माकपा नीत एलडीएफ अपनी भूमिका निभाएगा और हम आशा करते हैं कि केरल के लोग हमेशा की तरह आगे भी मजबूती के साथ खड़े रहेंगे।’’

केरल में सत्तारूढ़ एलडीएफ ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर
केरल में सत्तारूढ़ माकपा के नेतृत्व वाला वाम लोकतांत्रिक मोर्चा सत्ता में फिर से काबिज होने के लिए तैयार है और वह राज्य में जारी मतगणना के मद्देनजर आ रहे रुझानों में 140 में से कम से कम 94 सीटों पर आगे चल रहा है। अगर वे जीत जाते हैं तो दक्षिणी राज्य में कम्युनिस्ट और कांग्रेस नीत यूडीएफ के बीच सत्ता की अदला-बदली के चार दशक पुराने चलन को खत्म कर देंगे। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, एलडीएफ 85 सीटों पर आगे है जबकि विपक्षी दल कांग्रेस नीत यूडीएफ 44 और भाजपा की अगुवाई वाला राजग तीन सीटों पर आगे है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, वाम मार्चा 14 जिलों में से 10 में अपने प्रतिद्वंद्वियों से कहीं आगे है।

केजरीवाल ने दी ममता को बधाई
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ममता बनर्जी को बधाई दी है। अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा- शानदार जीत पर बधाई ममता दीदी। शानदार लड़ाई। पश्चिम बंगाल के लोगों को बधाई।

भाजपा पर टीएमसी की बढ़त पर पवार ने दी ममता को बधाई
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जारी मतगणना के रुझानों में तृणमूल कांग्रेस के भाजपा से कहीं आगे निकल जाने पर ममता बनर्जी को बधाई दी है। महाराष्ट्र में शिवसेना और कांग्रेस के साथ सत्ता साझा करने वाली राकांपा के प्रमुख ने कहा कि ममता बनर्जी आपको शानदार जीत पर बधाई। लोगों के कल्याण के लिए और मिलजुल कर वैश्विक महामारी से निपटने की दिशा में काम जारी रखेंगे।

चुनाव के बाद जश्न पर चुनाव आयोग सख्त
निर्वाचन आयोग ने रविवार को कहा कि उसने कई जगहों पर जीत का जश्न मनाने के लिए लोगों के जमा होने को लेकर कड़ा रुख अपनाया है और संबंधित राज्यों के मुख्य सचिवों से कहा कि ऐसी स्थिति में प्राथमिकी दर्ज की जाए तथा थाना प्रभारी को निलंबित किया जाए। निर्वाचन आयोग ने पांचों राज्यों के मुख्य सचिवों को निर्देश दिया है कि वे ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराएं और संबंधित थानों के प्रभारियों को निलंबित करें तथा ऐसी घटनाओं के बारे में तत्काल कार्रवाई के बारे में रिपोर्ट करें।

असम में राजग 77 सीटों पर आगे
असम में विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को जारी मतगणना के रुझानों के मुताबिक सत्तारूढ़ भाजपा नीत राजग को 77 सीटों पर बढ़त मिली है जबकि कांग्रेस के नेतृत्व में बने महागठबंधन को 40 सीटों पर बढ़त हासिल है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भाजपा प्रत्याशी 62 सीटों पर आगे चल रहे हैं जबकि उसकी सहयोगी पार्टी असम गण परिषद् (एजीपी) के प्रत्याशी 10 और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के प्रत्याशी सात सीटों पर आगे चल रहे हैं।

तृणमूल समर्थकों का जश्न शुरु
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की मतगणना शुरू होने और अपराह्न के बाद भारी रूझान तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में आने के बीच पार्टी समर्थकों ने जश्न मनाना शुरु कर दिया है। विधानसभा चुनावों का हालांकि एक भी नतीजा अभी सामने नहीं आया है लेकिन तृणमूल समर्थक गलियों में आकर एक दूसरे पर हरे रंग का गुलाल लगा रहे हैं और खुशियों से झूमते नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री निवास के लॉन में एक शामियाना भी लगा दिया गया है जहां आज बाद में ममता बनर्जी की एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करने की संभावना है।

नंदीग्राम में भी ममता आगे
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी नंदीग्राम विधानसभा सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी के शुवेन्दु अधिकारी से 2700 मताें से आगे हो गयी हैं। शुवेन्दु अधिकारी शुरुआत से आगे चल रहे थे और उन्होंने 10000 से अधिक वोटों से बढ़त बना ली थी। अब वह 2700 मतों से पीछे हो गये हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वह 17 चक्रों की मतगणना पूरी होने तक जीत हासिल कर लेंगे।

अखिलेश ने दी ममता को बधाई
रुझानों में बढ़त के बाद अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी को बधाई दी। साथ ही अप्रत्यक्ष रूप से पीएम मोदी पर निशाना भी साधा है। अखिलेश ने एक ट्वीट कर कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की नफ़रत की राजनीति को हराने वाली जागरुक जनता, जुझारू ममता बनर्जी व टीएमसी के समर्पित नेताओं व कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। ये भाजपाइयों के एक महिला पर किए गए अपमानजनक कटाक्ष ‘दीदी ओ दीदी’ का जनता द्वारा दिया गया मुंहतोड़ जवाब है।

बंगाल में टीएमसी ने पार किया 200 का आंकड़ा
बंगाल चुनाव की गिनती से बड़ी खबर सामने आ रही है। बंगाल में टीएमसी ने रुझानों में 200 का आंकड़ा पार कर लिया है। ताजा आंकड़े के मुताबिक टीएमसी 206 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं भाजपा की बढ़त घटकर 83 सीटों पर पहुंच गयी है। सबसे बुरा हाल लेफ्ट और कांग्रेस गठबंधन का है। रुझानों के मुताबिक गठबंधन सिर्फ एक सीट पर आगे चल रहा है। जबकि दो सीटों पर अन्य उम्मीदवार आगे हैं।

चुनाव आयोग के आंकड़े-

भाजपा असम में फिर सरकार बनाएगी: सोनोवाल
असम विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में भाजपा को बढ़त मिलने से गदगद मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने रविवार को विश्वास जताया कि भाजपा नीत गठबंधन राज्य में फिर से सरकार बनाएगा। सोनोवाल ने कहा कि लोगों ने हमें आशीर्वाद दिया है। हम पक्के तौर पर कह सकते हैं कि भाजपा असम में सरकार बनाएगी। हम अपने साझेदार अगप और यूपीपीएल के साथ सत्ता में वापस आ रहे हैं।

बंगाल में तृणमूल ने 193 सीटों पर बनाई बढ़त
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस ने 193 सीटों पर बढ़त बना ली है जबकि भारतीय जनता पार्टी ने 96 सीटों पर बढ़त बनाये हुए हैं। राज्य विधानसभा में 294 सीटें हैं जिनमें से 292 पर चुनाव हुए हैं। दों उम्मीदवारों के निधन के कारण इन सीटों पर चुनाव स्थगित कर दिये गये हैं संयुक्त मोर्चा मात्र चार सीटों पर बढ़त बना पाने में कामयाब रही है। तृणमूल कांग्रेस उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और जंगलमहल क्षेत्रों में बढ़त बनाये हुए है। तृणमूल हावड़ा, हुगली, बांकुरा, पूरबा और पश्चिम वर्द्धवान जिलों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रही है।

शुरुआती रुझानों से चुनावी नतीजे के संकेत नहीं: विजयवर्गीय
पश्चिम बंगाल में जारी चुनावी मतगणना के बीच भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भरोसा जताया कि राज्य में उनकी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि डाक मत पत्रों की गिनती से मिल रहे शुरुआती रुझान चुनावी नतीजों की ओर संकेत नहीं करते हैं।भाजपा के पश्चिम बंगाल के प्रभारी विजयवर्गीय ने कहा, ‘‘शाम होने तक हम जादुई आंकड़ें को पार कर जाएंगे। मुझे पूरा भरोसा है कि राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी।’’ उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में तीन सीट जीतने वाली भाजपा अच्छी प्रगति कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘डाक मत पत्र के जरिए मतदान करने वालों को तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने आतंकित किया हुआ था…हमारा आकलन है कि डाक मत मत्रों में हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहेगा। हालांकि भाजपा अच्छी प्रगति कर रही है।’’

बंगाल में बदला आंकड़ा, बीजेपी की बढ़त घटी
बंगाल में आंकड़ा एक बार फिर करवट ले रहा है। ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी 189 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं बीजेपी एक बार फिर रुझानों में पिछड़ती नजर आ रही है। बीजेपी सिर्फ 98 सीटों पर ही आगे चल रही है। कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन आगे बढ़ने के बजाए पीछे लौटने लगा है। गठबंधन अब सिर्फ पांच सीटों पर ही आगे चल रहा है।

तमिलनाडु में कमल हसन आगे
तमिलनाडु चुनाव नतीजों की बात करें तो एमएनएम के मुखिया और फिल्म अभिनेता कमल हसन कोयंबटूर दक्षिण सीट से आगे चल रहे हैं।

केरल में ई श्रीधरन आगे
केरल में मेट्रो मैंन कहे जाने वाले ई श्रीधरन आगे चल रहे हैं। बता दें कि, मेट्रो मैंन जल्द ही बीजेपी में शामिल हुए हैं। श्रीधरन पलक्कड सीट से चुनावी मैंदान में हैं। यहां पर एलडीएफ की सरकार है। पिनरई विजयन राज्य के मुख्यमंत्री हैं।

चुनाव आयोग के आंकड़े
चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भी टीएमसी को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है। यहां टीएमसी 100 का आंकड़ा पार कर गई है।

तमिलनाडु में डीएमको को 47 सीटों पर बढ़त
राज्य में 234 सीटों पर मतगणना जारी है। तमिलनाडु में डीएमको को 47 सीटों पर बढ़त, एआईएडीएमके को 26 सीटों पर लीड, एआईएडीएमके ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा है कि, पार्टी अगुआपडी, बोडिनायक्कानुर, विल्लुपुरम, थोंडामुथुर और कुमारपलायम में आगे चल रही है।

बंगाल में सभी 292 सीट के रुझान
बंगाल में सभी 292 सीटों के रुझान आ गए हैं, टीएमसी 171 सीट पर आगे चल रही है। वहीं बीजेपी 115 और कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन 6 सीटों पर आगे चल रहा है।

तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक और द्रमुक के बीच कांटे की टक्कर
तमिलनाड विधानसभा चुनावों में 234 सीटों के मतगणना के प्रारंभिक रूझानों में अन्नाद्रमुक और द्रमुक के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। सुबह 10 बजे तक आए 87 सीटों के रूझान में अन्नाद्रमुक 38 सीटों पर आगे चल रही है जबकि द्रमुक 35 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस तीन-तीन, पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) पांच और भाकपा, माकपा और वीसीके एक-एक सीट पर आगे चल रही है।

ममता नंदीग्राम से पीछे
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए जारी मतगणना में दो चरणों की गिनती के बाद राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने भाजपा प्रतिद्ंवद्वी शुभेंदु अधिकारी से नंदीग्राम सीट पर 3,460 मतों से पीछे चल रही हैं। विधानसभा की 292 सीटों में से 120 सीट पर उपलब्ध रुझानों के मुताबिक तृणमूल कांग्रेस 75 सीटों पर आगे चल रही है, भाजपा 43 पर और निर्दलीय प्रत्याशी दो सीटों पर आगे चल रहे हैं।

बंगाल का अपडेट
बीजेपी में आंकड़ा तेजी से बदल रहा है। टीएमसी बड़ी बढ़त की ओर आगे बढ़ गयी है। टीएमसी 133 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं बीजेपी 109 सीटों पर आगे चल रही है। लेफ्ट-कांग्रेस गठबंधन अभी तक दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पायी है।  गठबंधन सिर्फ 6 सीटों पर ही आगे चल रहा है।

बंगाल में टीएमसी-बीजेपी ने रुझानों में लगाया शतक
बंगाल में टीएमसी और बीजेपी ने रुझानों में शतक लगा दिया है। टीएमसी 107 और बीजेपी 100 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रसे लेफ्ट गठबंधन सिर्फ 6 सीटों पर ही आगे है। बता दें कि ममता बनर्जी के रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने दावा किया था कि बीजेपी डबल डिजिट से आगे नहीं बढ़ पाएगी। रुझानों ने प्रशांत किशोर के दावे को गलत साबित कर दिया है।

केरल में लेफ्ट की बढ़त जारी
केरल में लेफ्ट 80 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। राज्य में फिर एक बार पी विजयन के मुख्यमंत्री बनने के आसार दिखाई दे रहे हैं। भाजपा का प्रभाव यहां नहीं दिख रहा है और पार्टी को केवल तीन सीटों पर बढ़त मिल पाई है। वहीं, कांग्रेस 57 सीटों पर आगे है। 140 सीट वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 71 सीटों की आवश्यकता है।

तमिलनाडु में द्रमुक को बढ़त
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए जारी मतगणना के शुरुआती रुझान में द्रमुक ने बढ़त बना ली है और सत्तारूढ अन्नाद्रमुक उसके पीछे है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी सेलम जिले की एडाप्पडी सीट पर आगे चल रहे हैं और विपक्ष के नेता एवं द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन कोलाथुर विधानसभा सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। द्रमुक नीत गठबंधन 30 और अन्नाद्रमुक 18 सीटों पर आगे चल रही है। रुझान के अनुसार द्रमुक कुरिंजीपड़ी, नेयवेली, विरुधचलम समेत कई सीटों पर आगे है। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष एल मुरुगन धारापुरम और राज्य के मंत्री के सी वीरामणि एवं बेंजामिन क्रमश: जोलारपेट और मादुरावोयल सीटों से आगे हैं।

केरल में एलडीएफ को 75 सीटों पर बढ़त, यूडीएफ 56 पर आगे
केरल में जारी मतगणना के मद्देनजर आ रहे शुरुआती रुझानों में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले सत्ताधारी वाम लोकतांत्रिक मोर्चा गठबंधन (एलडीएफ) को राज्य की 140 में से 75 सीटों पर बढ़त हासिल हुई है जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला विपक्षी संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) 56 सीटों पर आगे है।

बंगाल में कहां कौन आगे?
बंगाल में मतगणना जारी है और शुरुआती रुझान भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर की ओर इशारा कर रहे हैं। यहां के आसनसोल से तृणमूल की सयानी घोष, तारकेश्वर से भाजपा से स्वपन दास गुप्ता आगे चल रहे हैं। वहीं, टॉलीगंज सीट से भाजपा के बाबुल सुप्रियो देबरा सीट से भाजपा की भारती घोष आगे चल रही हैं। नंदीग्राम सीट से भाजपा के सुवेंदु अधिकारी आगे चल रहे हैं। यहां उनका मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से है।

बंगाल में टीएमसी को बढ़त
बंगाल में तृणमूल 87 सीटों पर आगे चल रही है वहीं भाजपा 75 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन तीन सीटों पर आगे है। असम में एनडीए 26 और यूपीए 14 सीटों पर आगे हैं। चार सीटों का रुझान अन्य के खाते में जाता दिख रहा है। केरल में एलडीएफ 80 सीटों पर आगे है तो यूडीएफ के पास 57 सीटों पर बढ़त है। एनडीए यहां केवल तीन सीटों पर आगे चल रही है।

केरल में एलडीफ की बढ़त
केरल विधानसभा चुनाव की मतगणना के प्रारंभिक रूझानों में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) आगे चल रहा है। राज्य विधानसभा के शुरुआती रुझान आने शुरू हो गए हैं, सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले एलडीएफ ने विपक्षी कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) के मुकाबले बढ़त हासिल की। प्रारंभिक रूझान में एलडीएफ 80 सीटों पर जबकि यूडीएफ 57 और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन तीन सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

असम में राजग को बढ़त
असम में डाक मतपत्रों की गिनती से उपलब्ध शुरुआती रुझानों के मुताबिक सत्तारूढ़ भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 22 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि कांग्रेस 15 सीटों पर आगे चल रही है। नव गठित असम जातीय परिषद-रायजोर दल गठबंधन विधानसभा की चार सीटों पर आगे चल रहा है। भाजपा प्रत्याशी 16 सीटों पर आगे चल रहे हैं, जबकि गठबंधन के उसके सहयोगी एजीपी के प्रत्याशी छह सीटों पर आगे चल रहे हैं। कांग्रेस ने 14 सीटों पर शुरुआती बढ़त बना ली है और एआईयूडीएफ को एक पर बढ़त हासिल है। रायजोर दल के प्रमुख एवं जेल में बंद सीएए विरोधी प्रदर्शनों के अगुआ अखिल गोगोई सिबसागर सीट से आगे चल रहे हैं। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्व सरमा और एजीपी प्रमुख एवं मंत्री अतुल बोरा क्रमश: मजूली, जालुकबारी और बोकाखत से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस विधायक दल के प्रमुख देबब्रत साइकिया और उनके सहायक रकीबुल हुसैन क्रमश: नाजिरा और समागुरी से पीछे चल रहे हैं।

08.41 AM- शुरुआती रुझान में केरल में लेफ्ट ने बड़ बढ़त हासिल कर ली है। लेफ्ट 55 और कांग्रेस 38 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं एक सीट का रुझान अन्य के खाते में जा रहा है। तमिलनाडु में कांग्रेस गठबंधन को बढ़त हासिल है। कांग्रेस गठबंधन 17 सीटों पर आगे है, वहीं बीजेपी गटबंधन सिर्फ 4 सीटों पर ही आगे है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा और कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच जनसुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करते हुए रविवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई। एक्जिट पोल (मतदान के बाद सर्वेक्षण) में 294 सदस्यीय विधानसभा के आठ चरणों में हुए चुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भााजपा के बीच कड़ा मुकाबला रहने का अनुमान जताया गया है। मतगणना में 2,116 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। मतों की गिनती राज्य के 23 जिलों में बनाए 108 मतगणना केंद्रों पर चल रही है। राज्य में पूर्वी मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम सीट पर सभी की निगाहें रहेंगी, जहां मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी और भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए कोविड-19 संबंधी नए दिशानिर्देशों का पालन करते हुए और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार को मतगणना शुरू हो गई। प्राधिकारियों ने बताया कि मतगणना राज्य के 75 मतदान केंद्रों में सुबह आठ बजे शुरू हुई और पहले डाक मत पत्रों की गणना की जा रही है। ‘एक्जिट पोल’ में 10 साल से विपक्ष में बैठी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की बड़ी जीत होने का पूर्वानुमान जताया गया है। अन्नाद्रमुक ने मतदान के बाद हुए इन सर्वेक्षणों को खारिज कर दिया है और सत्ता पर फिर से काबिज होने का भरोसा जताया है। अन्नाद्रमुक ने 2011 में द्रमुक से सत्ता छीनी थी और 2016 में इसे बरकरार रखा था। इस चुनावी मैदान में मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी और उपमुख्यमंत्री ओ. पनीरसेल्वम, द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन और उनके बेटे एवं पार्टी की युवा शाखा के सचिव उदयनिधि मारन समेत 3,998 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

केरल विधानसभा चुनाव के लिए छह अप्रैल को संपन्न हुए मतदान के बाद कोविड-19 संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए रविवार को मतगणना आरंभ हो गई। मतों की गिनती सुबह आठ बजे आरंभ हुई और सबसे पहले डाक मतों की गणना आरंभ हुई। चुनावी नतीजे मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमन चांडी, मेट्रो मैन ई श्रीधरण और पूर्व केंद्रीय मंत्री के जे अलफोंस सहित 975 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत का फैसला करेंगे। विधानसभा चुनाव के साथ ही मल्लपुरम लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भी मतों की गिनती आरंभ हो गई।  मतों की गिनती के लिए 114 मतदान केंद्रों में 633 विशाल कक्ष तैयार किए गए हैं। इनमें से 527 कक्षों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) से मतों की गिनती हो रही है जबकि 106 कक्षों में डाक मतों की गिनती जारी है।

असम विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना रविवार को आरंभ हो गई। ज्यादातर ‘एक्जिट पोल’ (मतदान के बाद सर्वेक्षणों) में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन की लगातार दूसरी बार जीत का अनुमान जताया गया है। राज्य में 126 विधानसभा सीटों के लिए तीन चरणों में मतदान हुआ था जिसमें 74 महिलाओं समेत 946 उम्मीदवारों की कीमत का फैसला मतगणना के दौरान होगा। सुबह आठ बजे 331 मतदान सभागारों में मतणगना आरंभ हुई जहां निर्वाचन आयोग ने राज्य में कोविड-19 के मामले बढ़ने के कारण सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कदम उठाए हैं।

केंद्रशासित प्रदेश पुड्डुचेरी विधानसभा की 30 सीटों पर मुख्य मुकाबला संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के बीच है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश की तिरुपति , कर्नाटक की बेलगाम और तमिलनाडु की कन्याकुमारी लोकसभा उपचुनाव समेत राजस्थान की सहारा, सुजानगढ़ और राजसमंद , कर्नाटक की बासवकल्याण एवं मस्की , दमोह (मध्य प्रदेश), पंढरपुर(महाराष्ट्र), सल्ट (उत्तराखंड), सेरछिप (मिजोरम) , नोकसेन(नागालैंड) , पिपली(ओडिशा) और नागार्जुन सागर (तेलंगाना) विधानसभा उपचुनावों की मतगणना भी शुरू हो गयी है।

संबंधित समाचार