UP Panchayat Chunav Result: यूपी में पंचायत चुनावों की मतगणना, जानें किसकी बनेगी गांव की सरकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चार चरणों में संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना जारी है। यूपी में 58,189 ग्राम पंचायतों, 7, 32, 563 ग्राम पंचायत सदस्य, 75, 855, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) और यूपी के सभी 75 जिलों में 3051 जिला पंचायत सदस्यों को चुनने के लिए चार चरणों में मतदान हुए है। आज …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चार चरणों में संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना जारी है। यूपी में 58,189 ग्राम पंचायतों, 7, 32, 563 ग्राम पंचायत सदस्य, 75, 855, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) और यूपी के सभी 75 जिलों में 3051 जिला पंचायत सदस्यों को चुनने के लिए चार चरणों में मतदान हुए है। आज सभी उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। पल-पल की अपडेट्स के लिए बने रहें अमृत विचार के साथ…

कोरोना को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने उम्मीदवारों और पोलिंग एजेंटों को कड़े निर्देश दिए हैं। मतगणना केंद्रों में उन्हें ही प्रवेश मिलेगा, जिनकी 48 घंटे पहले की कोविड-19 की रिपोर्ट नेगेटिव होगी। मतगणना प्रक्रिया पूरी होने में लगभग दो दिन का समय लग सकता है। राज्‍य निर्वाचन आयुक्‍त मनोज कुमार ने सभी जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारियों को यह आदेश दिया है कि प्रत्येक मतगणना केंद्र पर मेडिकल हेल्थ डेस्क खोले जाएं।

वाराणसी में सबसे कम उम्र की प्रधान बनीं मेनका
वाराणसी में पिंडरा ब्लॉक में मेनका पाठक सबसे कम उम्र की ग्राम प्रधान बनी हैं। स्नातक मेनिका पाठक की उम्र 21 वर्ष है। ओदार ग्राम सभा की ग्राम प्रधान मेनिका पाठक ने अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी अनिता को 124 मतों से हराया। मेनिका को 637 और अनिता को 513 मत मिले।

कानपुर में किन्नर प्रत्याशी को मिली जीत
कानपुर नगर में पंचायत चुनाव के नरवल ब्लॉक से पहला चुनाव परिणाम आ चुका है। यहां पर सेन पश्चिम पारा ग्राम पंचायत से किन्नर काजल किरण ने प्रधान पद पर जीत दर्ज की है। काजल इससे पहले नौबस्ता के पशुपति नगर वार्ड 48 से पार्षद रह चुकी है।

गैंगस्टर विकास दुबे के परिवार से 25 साल बाद छिनी प्रधानी
कानपुर के बिकरू में 25 साल के प्रधान पद से गैंगस्टर विकास दुबे के परिवार का कब्जा हटा है। पिछली बार उनकी पत्नी यहां से प्रधान थीं। हालांकि, इस बार प्रधान का चुनाव मधु ने जीता। बता दें कि विकास दुबे को पिछले साल यूपी पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था। उस पर बिकरू में ही पुलिसवालों की जान लेने का आरोप था।

प्रयागराज के गांव में टॉस से हुआ हार-जीत का फैसला
यूपी पंचायत चुनाव में दो प्रत्याशियों को बराबर वोट मिलने के बाद टॉस से हार-जीत का फैसला किया गया है। टॉस में जीते भुंवरलाल को विजयी घोषित कर ग्राम प्रधान का सर्टिफिकेट दिया गया। प्रयागराज में सोरांव के करौदी गांव सभा यूपी का पहला ऐसा रिजल्ट दे गया जहां टॉस का सहारा लेना पड़ा। यहां राजबहादुर और भुंवरलाल दोनों को 170 मत मिले। इसके बाद आरओ सुरेश चंद्र यादव ने टॉस कराया। भुंवरलाल टॉस जीतकर करौंदी के प्रधान बन गए।

सीतापुर की दो ग्राम पंचायतों के नतीजे आए, एक पर 13 वोटों का अंतर रहा
सीतापुर की दो ग्राम पंचायतों का परिणाम घोषित किया गया है। रामपुर मथुरा के ग्राम पंचायत कलुवापुर से प्रधान पद पर कल्लूराम 13 मतों से जीत गए हैं। ग्राम पंचायत आलमपुर से प्रधान पद पर शांति देवी 477 मत पाकर 112 मतों से विजयी घोषित हुई हैं।

कानपुर देहात में नंदपुर ग्राम पंचायत का रिजल्ट घोषित
यूपी में पंचायत चुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। कानपुर देहात में डेरापुर की ग्राम पंचायत नन्दपुर का परिणाम घोषित हो चुका है। यहां प्रमोद कुमार गुप्ता ने प्रतिद्वंद्वी सुनील कुमार को 48 मतों से हराया। प्रमोद कुमार ने कुल 330 वोट पाए जबकि पराजित प्रत्याशी को 282 वोट मिले।

सैफई में मुलायम परिवार समर्थित प्रत्याशी आगे
उत्तर प्रदेश में मुलायम परिवार का गढ़ कहे जाने वाले सैफई में ग्राम प्रधान पद के उम्मीदवार रामफल वाल्मीकि पहले राउंड में 500 वोटों से आगे चल रहे हैं। वाल्मीकि को समाजवादी पार्टी का समर्थन मिला है। पिछले 50 साल से यहां प्रधान पद के लिए मतदान नहीं हुआ था। रामफल वाल्मीकि के अलावा एक अन्य महिला विनीता भी चुनाव मैदान में उतरी हैं।

रायबरेली, अंबेडकरनगर और बलरामपुर में भी हुई प्रधान पद के परिणामों की घोषणा
उत्तर प्रदेश के रायबरेली, अंबेडकरनगर और बलरामपुर जिले में प्रधान पद का पहला परिणाम घोषित हो चुका है। रायबरेली के पचखरा में प्रधान पद प्रत्याशी सीता देवी ने 702 मत पाकर जीत हासिल की है। बलरामपुर के रेहरा बाजार ब्लॉक के फिरोजपुर में प्रधान पद की प्रत्याशी तबस्सुम बानो 592 वोट पाकर चुनाव जीत गई हैं। अंबेडकरनगर के जलालपुर ब्लॉक के इंदलपुर ग्राम पंचायत में सुरेश कुमार चौहान 13 वोटों से विजयी घोषित किए गए हैं।

चंदौली पंचायत चुनाव में सबसे पहले नतीजे, दो वोटों से प्रधान बने ओमप्रकाश सिंह
यूपी में पंचायत चुनाव मतगणना का परिणाम आना शुरू हो गया है। सबसे पहले चंदौली जिला में चकिया ब्लाक के इसहुल गांव से नतीजा आया। यहां प्रधान पद पर ओमप्रकाश सिंह नवनिर्वाचित हुए। उन्होंने 470 मत पाकर निकटतम प्रतिद्वंदी चंदन (468) को दो वोट के अंतर से पराजित किया। यह काफी करीबी मुकाबला रहा।

एटा में प्रधान उम्मीदवारों के बीच मारपीट
यूपी में पंचायत चुनाव के बीच अव्यवस्था का आलम जारी है। यहां एटा के शीतलपुर ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत मतगणना केंद्र सर्वोदय इंटर कालेज में दो प्रत्याशी भिड़ गए। वार्ड संख्या 16 पर प्रत्याशी पारुल देवी के अभिकर्ता वेदप्रकाश और ग्राम पंचायत चिंतापुर के प्रधान पद के प्रत्याशी निर्मल कुमार के बीच मतगणना टेबल के पास खड़े होने को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों में मारपीट शुरू हो गई। पुलिस ने दोनों प्रत्याशियों को बलपूर्वक नियंत्रित करते हुए हिरासत में लेकर थाना कोतवाली नगर पहुंचा दिया।

पुलिस ने किया लाठीचार्ज
कानपुर के घाटमपुर के पतारा में मतगणना केंद्र में अंदर जाने के लिए सभी की एंटीजन जांच हो रही है। यहां बारी-बारी से 10 से 15 लोगों को बुलाकर जांच की जा रही है। एजेंटों की अचानक भीड़ बढ़ने से यहां भगदड़ मच गई। जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

रामपुर जिले के बिलासपुर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव मतगणना का चुनाव प्रेक्षक एल वेकेटेश्वर लू ने जायजा लिया। वहीं मिलक में मतगणना देरी से शुरू हुई। मतगणना स्थल पर प्रवेश करने पर थर्मल स्केनिंग नहीं की गई और सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर उड़ीं धज्जियां।

कन्नौज और चित्रकूट में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना
कन्नौज जिले में जलालाबाद के मतगणना केंद्र पर वोटों की गिनती जारी है। चित्रकूट में कड़ी सुरक्षा और कोविड-19 के तहत मतगणना शुरू हुई है। 331 ग्राम प्रधान और 17 जिला पंचायत सदस्य के साथ 431 बीडीसी के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है।

गहमागहमी के बीच आठ स्थानों पर मतगणना शुरू 
वाराणसी में गहमागहमी के बीच त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के सभी पदों की मतगणना शुरू हो गई है। 8 ब्लॉकों की गिनती 8 स्थानों पर हो रही है। 2 दिनों तक चलने वाली गिनती के बीच एक बजे से परिणाम आने शुरू हो जाएंगे। कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखकर प्रत्याशी और एजेंटों का एंटीजेन टेस्ट कराने के बाद मतगणना स्थल में प्रवेश दिया गया।

अमरोहा जिले के हसनपुर में कोरोना से बचाव को नियमों का नहीं किया पालन
अमरोहा जिले के हसनपुर ब्लॉक की मतगणना मंडी समिति में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरु हुई। मंडी समिति में मतगणना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है। वहीं सनपुर मे मतगणना केंद्र पर सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ाई गई। कोरोना से बचाव को नियमों का पालन नहीं किया गया।

हाथरस में चार मतगणना कर्मी निकले संक्रमित
हाथरस के मुरसान स्थित मतगणना केंद्र पर चार मतगणना कर्मी कोरोना संक्रमित निकले हैं। कर्मचारियों के पॉजिटिव मिलते ही खलबली मच गई। वहीं, हाथरस के सादाबाद में मतगणना केंद्र के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगी हैं।

अयोध्या में सोशल डिस्टेंसिंग का नहीं हुआ पालन
अयोध्या शहर स्थित गुरु नानक एकेडमी गर्ल्स इंटर कॉलेज में मतगणना से पहले प्रत्याशी और उनके सहयोगी पहुंचे। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का मानक कहीं भी पूरा होता नहीं दिखा। प्रत्याशी और उनके समर्थक भीड़ सड़क किनारे सुबह से जुटना शुरू हो गई।

उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का आगाज कोरोना काल के बीच हुआ है। लिहाजा, कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना हो रही है। सीसीटीवी कैमरे की नजर में मतगणना चल रही। रिपोर्ट के मुताबिक मतगणना स्थल पर डॉक्टर भी तैनात किए गए हैं।

लखनऊ में डीएम ने लिया तैयारियों का जायजा
लखनऊ के डीएम अभिषेक प्रकाश ने पंचायत चुनाव के मतगणना स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने कहा, ‘हमने कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने के लिए सभी कदम उठाए हैं। काउंटिंग सेंटर में घुसने से पहले हर किसी को कोविड नेगेटिव टेस्ट रिपोर्ट दिखानी होगी।’

राज्‍य निर्वाचन आयुक्‍त मनोज कुमार ने सभी जिलाधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों को हर मतगणना केंद्र पर चिकित्सा सहायता डेस्क खोलने के आदेश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट कहा गया है कि कोविड-19 के लक्षण होने पर मतगणना स्थल पर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा “ मतगणना कक्ष या परिसर में प्रवेश के समय सभी व्यक्तियों की थर्मल स्कैनिंग अनिवार्य रूप से की जाएगी। आयोग ने विजय जुलूस पर प्रतिबंध लगाया है और किसी भी प्रत्याशी को विजय जुलूस की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रत्याशियों और अभिकर्ताओं को मतगणना शुरू होने के 48 घंटे पहले आरटीपीसीआर अथवा रैपिड एंटीजन जांच की निगेटिव रिपोर्ट दिखाये जाने के बाद ही मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। मतगणना केंद्र पर जाने वाले सभी लोगों को मास्क लगाना जरूरी होगा। ”

पंचायत चुनाव में भाजपा, सपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन जैसी राजनीतिक पार्टियों ने भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं। हालांकि इन पार्टियों के उम्मीदवार पार्टी के चुनाव निशान पर नहीं, बल्कि आयोग द्वारा दिए गए व्यक्तिगत चुनाव चिह्नों पर मैदान में उतरे। उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में चार चरणों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मत डाले गए थे। पहले चरण में 15 अप्रैल, दूसरे में 19 अप्रैल, तीसरे में 26 अप्रैल और चौथे चरण में 29 अप्रैल को मतदान हुआ था। राज्‍य में चारों चरणों में ग्राम पंचायत प्रधान के 58,194, ग्राम पंचायत सदस्य के 7,31,813, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 75,808 तथा जिला पंचायत सदस्य के 3,051 पदों के लिए मत डाले गये हैं।

उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय द्वारा उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों के लिये होने वाली मतगणना पर रोक लगाने से शनिवार को इनकार कर दिया था। न्यायालय में अवकाश के दिन विशेष अत्यावश्यक सुनवाई में न्यायमूर्ति ए. एम. खानविल्कर और न्यायमूर्ति हृषिकेश रॉय की पीठ ने राज्य निर्वाचन आयोग से कहा कि राज्य भर में मतगणना केंद्रों पर कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कराने की जिम्मेदारी राजपत्रित अधिकारियों को दी जाए।

शीर्ष अदालत ने यह निर्देश एक याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया, जिसमें देश भर में महामारी की दूसरी लहर को देखते हुए मतगणना के दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कराने का निर्देश देने का आग्रह किया गया था। पीठ ने कहा कि सरकारी अधिकारी, उम्मीदवार और उनके एजेंट को मतगणना केंद्रों में प्रवेश करने से पहले आरटी-पीसीआर जांच की रिपोर्ट पेश कर दिखाना होगा कि वे कोविड-19 से पीड़ित नहीं हैं।

याचिकाकर्ता सचिन यादव की तरफ से पेश वकील शोएब आलम ने सुनवाई के दौरान कहा कि लाखों उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा है। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमण को देखते हुए मतगणना केंद्रों पर बड़ी संख्या में चुनाव अधिकारियों और मतगणना एजेंटों की भीड़ से बचा जाना चाहिए। यादव ने राज्य में पंचायत चुनाव कराने की अनुमति देने के इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती दी थी।

संबंधित समाचार