यूपी का एक ऐसा जिला जहां हैं कोरोना के हजारों केस, 5 दिन से बिना सीएमओ के है ये शहर
कानपुर। उत्तर प्रदेश में कोरोना के केस लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। नए मामले सामने आने के साथ ही मरीजों की मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। स्वास्थ्य महकमा कोरोना की रोकथाम को लेकर कितना गंभीर हैं। इसका अंदाजा आप इस बात से ही लगा सकते हैं कि कोरोना से सबसे …
कानपुर। उत्तर प्रदेश में कोरोना के केस लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। नए मामले सामने आने के साथ ही मरीजों की मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। स्वास्थ्य महकमा कोरोना की रोकथाम को लेकर कितना गंभीर हैं। इसका अंदाजा आप इस बात से ही लगा सकते हैं कि कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित कानपुर में पिछले 5 दिन से बिना मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के काम चल रहा है। 75 हजार कोरोना मरीजों वाले कानपुर में पांच दिनों के बाद भी नए सीएमओ ने चार्ज नहीं लिया है।
बता दें कि कानपुर में अभी तक 75 हजार से ज्यादा कोरोना के मामले दर्ज किए जा चुके हैं। जबकि करीब 1300 कोरोना मरीजों की डेथ की सूचना है। अगर बात करें ताजा हालात की तो इस समय भी 13 हजार 860 सक्रिय मामले है, लेकिन हैरत की बात ये कि है कि पांच दिन से कानपुर में कोई सीएमओ नहीं है।

5 दिन बाद भी नए सीएमओ ने नहीं लिया चार्ज
पिछले दिनों ही सीएमओ डॉक्टर अनिल मिश्रा का गोंडा तबादला कर दिया गया था। डॉक्टर नेपाल सिंह को कानपुर का नया सीएमओ बनाया गया, लेकिन उन्होंने अभी तक चार्ज ही नहीं लिया। शहर के साथ हो रही इस नाइंसाफी के कारण हर रोज मौत का ग्राफ बढ़ रहा है। सोमवार को चौबीस घंटे में 57 कोरोना मरीजों की मौत हो गई, जबकि मंगलवार को चौबीस घंटे में 34 कोरोना मरीजों ने दम तोड़ दिया।
रोजाना हजारों की संख्या में नए कोरोना मरीज सामने आ रहे है। मरीजों को बेड और ऑक्सीजन नहीं मिल रही है, लेकिन जिस सीएमओ पर कोरोना कंट्रोल करने की जवाबदेही है, वह अभी तक चार्ज ही नहीं ले पाया है। न तो शासन की इसकी फ़िक्र है, न प्रशासन को। शहर के सभी बड़े अधिकारी हर बार की तरह इस बार भी चुप्पी साधे हुए हैं।

डीजी हेल्थ ने कही ये बात
इस मामले पर स्वास्थ्य विभाग का पक्ष जानने के लिए यूपी के डीजी हेल्थ डॉ. डीएस नेगी से बात की गई। डॉ. नेगी ने बताया कि ये मामला उनके संज्ञान में हैं। नए सीएमओ डॉ. नेपाल सिंह से बात हुई है। उन्हें जल्द चार्ज लेने को बोला गया है।
