बरेली: कोरोना संक्रमण से कोटेदारों में दहशत, इस मांग को लेकर बंद किया राशन वितरण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में कोरोना संक्रमितों की संख्या रिकार्ड बना रही है। जिसको लेकर सभी लोग दहशत में हैं। अब बढ़ते कोरोना संक्रमण में ई-पाश मशीन से राशन वितरण करने से कोटेदार भी चिंता में पड़ गए हैं। सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद के पदाधारियों ने अधिकारियों से कहा कि हजारों की संख्या में कार्डधारक …

बरेली, अमृत विचार। शहर में कोरोना संक्रमितों की संख्या रिकार्ड बना रही है। जिसको लेकर सभी लोग दहशत में हैं। अब बढ़ते कोरोना संक्रमण में ई-पाश मशीन से राशन वितरण करने से कोटेदार भी चिंता में पड़ गए हैं। सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद के पदाधारियों ने अधिकारियों से कहा कि हजारों की संख्या में कार्डधारक ई-पाश मशीन में अंगूठा लगाकर राशन लेते हैं। ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा अधिक होगा।

उन्होंने राशन वितरण के लिए किसी दूसरे तरीके से वितरण कराने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर शहर से लेकर देहात तक में बुधवार को होने वाले राशन वितरण को बंद कर दिया गया।

कोरोना की दूसरी लहर से हाहाकार मचा हुआ है। इससे घबराए कोटेदारों ने ई-पाश मशीन से राशन बांटने से ही इंकार कर दिया। मांग पूरी न होने पर जिलेभर के कोटेदारों ने बुधवार को होने वाले राशन का वितरण ही बंद कर दिया। पहले दिन कोटेदारों की सांकेतिक हड़ताल सफल रही। नियमित राशन वितरण के पहले ही दिन 7 लाख राशन कार्ड धारकों को राशन नहीं मिला। कार्डधारक घंटों चिलचिलाती धूप में खड़े रहे। अंत में निराश होकर लौट गए।

बुधवार को राशन वितरण व्यवस्था लगभग ध्वस्त हो गई। उत्तर प्रदेश सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद जिलाध्यक्ष हरि सिंह गंगवार ने बताया कि कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए कोटेदार ई-पाश मशीन से राशन नहीं बांटने की अपील कर रहे थे। मगर उनकी मांग नहीं सुनी गई। इसे देखते हुए कोटेदारों ने बुधवार को सांकेतिक हड़ताल किया और राशन वितरण का बहिष्कार कर दिया।

प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल अग्रवाल ने बताया कि जिले में करीब 1200 कोटेदार हैं। जिले में हड़ताल सफल रही। परिषद ने चेतावनी दी है कि अगर अब भी सरकार ने कोटेदारों की मांग पर सकारात्मक रुख अख्तियार नहीं किया तो कोटेदार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे। हालंकि बुधवार को देहात के कुछ क्षेत्रों में राशन का वितरण किया गया।

“बुधवार को होने वाले राशन वितरण से पहले जिले के कोटेदारों ने हड़ताल कर दी है। हालंकि उनकी हड़ताल से कोई फर्क नहीं पड़ा। जिले में बुधवार को भी राशन का वितरण किया गया। शहर में कुछ दुकाने बंद रही। कोटेदारों से बात की जा रही है। जल्द ही उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा।” -धर्मेन्द्र सिंह, एआरओ

“बुधवार को हमारी हड़ताल पूरी तरह से सफल रही। देहात क्षेत्र में कुछ दुकानों पर राशन बंटने की जानकारी मिली है। जब तक मांगे पूरी नहीं हो जाती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। डीएसओ की तरफ से हड़ताल से संबधित उनके साथ कोई वार्ता नहीं की गई।” -हरि सिंह गंगवार, जिलाध्यक्ष, सस्ता गल्ला परिषद

संबंधित समाचार