तेंदुए के डर से यहां लोगों ने खुद को किया घरों में कैद, अब तक इतने लोगों पर कर चुका है हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के ढखवा मजरा भदेसर गांव के पास गुरुवार की सुबह तेंदुआ दिखने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने उसे घेर कर भगाने की कोशिश की तो तेंदुए ने हमला करते हुए तीन ग्रामीणों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया है। तीनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। उनको …

सीतापुर। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के ढखवा मजरा भदेसर गांव के पास गुरुवार की सुबह तेंदुआ दिखने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने उसे घेर कर भगाने की कोशिश की तो तेंदुए ने हमला करते हुए तीन ग्रामीणों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया है। तीनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। उनको इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत फैली हुई है। लोग अपने घरों में दुबक गए हैं। वन विभाग की टीम मौके पर है, लेकिन अभी तक वन विभाग की टीम कुछ नहीं कर पाई है। तेंदुआ अभी भी गांव के पास ही जंगल में छुपा हुआ बताया जा रहा है। वन विभाग का कहना है कि टीम लगी हुई है। आज दिन या रात में तेंदुआ निकल जाता है तो ठीक है वरना उसे पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।

भीड़ को देखकर जंगल में भाग गया तेंदुआ

रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के भदेसर मजरे ढखवा गांव के लोग गुरुवार की सुबह खेतों की ओर निकले थे। तभी कुछ ग्रामीणों को तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुआ देखकर ग्रामीण घबरा गए और फौरन गांव में जाकर खबर दी। इस पर मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। शोरगुल के बीच तेंदुआ भागकर पड़ोस स्थित दो बीघे में बने एक जंगल में जा छुपा।

इस पर ग्रामीणों ने पूरे जंगल को चारों तरफ से घेर लिया और शोरगुल करने लगे। इस बीच छिपे बैठे तेंदुए ने गांव के ही 25 वर्षीय अनूप कुमार पर हमला कर दिया।  तेंदुए ने अनूप को गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसके बाद ग्रामीण पीछे हट गए और तेंदुआ जंगल में छुप गया। इस बीच ग्रामीणों ने फौरन अनूप को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

खुद को पकड़े जाने के डर से तेंदुए ने कई लोगों पर किया हमला

कुछ देर बाद फिर सैकड़ों का ग्रामीण एकत्र हुए और जंगल को चारों तरफ से घेर कर शोर मचाने लगाने लगे। खुद को घिरा हुआ देखकर तेंदुए ने फिर से हमला कर दिया और इस बार उसने गांव के ही कुलदीप व लवकुश के पीठ, पेट और हाथ पर हमला कर घायल कर दिया। जिसके बाद तेंदुआ पुनः जंगल मे छिप गया। इस बीच तेंदुआ होने की खबर पाकर वन विभाग की टीम भी पहुंच गई थी।

फिलवक्त वन विभाग की टीम कुछ नहीं कर पाई है और तेंदुआ गांव के पड़ोस में ही छुपा हुआ है। जिससे ग्रामीणों में दहशत है। लोग अपने घरों में दुबक गए हैं।  मामले में वन विभाग के रेंजर बसंत कुमार सिंह का कहना है कि वन विभाग की टीम आज दिन और रात भर यही रुकेंगे। यदि तेंदुआ यहां से भाग जाता है तो ठीक, अन्यथा पिंजरा मंगवाकर पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।

संबंधित समाचार