यहां मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र का टीकाकरण केंद्र बंद, वैक्सीन के लिए भटक रहे लोग
महराजगंज। जनपद के हरपुर तिवारी मे स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का एक मामला प्रकाश में आया है। जहां कुछ जिम्मेदार लोगों के गैर जिम्मेदाराना रवैये से परतावल क्षेत्र के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र के न्यू पीएचसी हरपुर तिवारी के वैक्सीनेशन सेंटर को बंद कर दिया गया है। जिससे एक बड़ी आबादी वैक्सीनेशन से दूर होता नजर …
महराजगंज। जनपद के हरपुर तिवारी मे स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का एक मामला प्रकाश में आया है। जहां कुछ जिम्मेदार लोगों के गैर जिम्मेदाराना रवैये से परतावल क्षेत्र के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र के न्यू पीएचसी हरपुर तिवारी के वैक्सीनेशन सेंटर को बंद कर दिया गया है। जिससे एक बड़ी आबादी वैक्सीनेशन से दूर होता नजर आ रहा है।
बता दें कि जिला स्तर से पांच मई को जिन केंद्रों पर टीकाकरण सत्र आयोजित करने की सूची जारी की गई थी उसमें परतावल क्षेत्र के न्यू पीएचसी हरपुर तिवारी का नाम सम्मिलित था। वैक्सीन लगाने वाले कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई थी, परंतु निर्देश के बाद भी यहां कोविड टीकाकरण नही किया गया।
मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र से वैक्सीनेशन सेंटर हटाने को लेकर परतावल सीएचसी के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी ने अटपटा बयान देते हुए कहा है कि यह वर्ग विशेष के लोग टीकाकरण में रूचि नहीं ले रहे थे, इसलिए वैक्सीनेशन सेंटर को हटा दिया गया है। जबकि स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी का ही यह दायित्व है कि वह लोगों के बीच में जाकर उनको स्वास्थ्य योजनाओं के संबंध में जागरूक करें, अगर कोई भ्रम की स्थिति है तो उसे दूर करें।
जबकि मुस्लिम धर्म गुरू पहले ही लोगों को कोरोना वैक्सीनेशन कराने का अपील कर चुके हैं, लेकिन विभाग ने अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए कोरोना वैक्सीनेशन सेंटर को ही बंद कर दिया है।
30 लाख की आबादी में अबतक 1.53 लाख लोगों को लगा है टीका
जानकारी के मुताबिक महराजगंज जनपद की आबादी करीब 30 लाख से अधिक है। शासन के निर्देश पर 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का निशुल्क कोरोना वैक्सीनेशन कराया जाना है। परंतु अभी जनपद में 18 साल से अधिक उम्र के लोगों का कोरोना टीकाकरण शुरू नहीं हो पाया है। लेकिन 45 वर्ष से अधिक उम्र के लाखों लोग भी अभी कोविड टीकाकरण से वंचित हैं। स्थिति यह है कि 30 लाख की आबादी वाले जिले में अभी तक केवल 1 लाख 53 हजार 763 लोगों को ही कोरोना का टीका लगाया जा सका है।
टीके के दूसरे डोज के लिए भटक रहे लोग
परतावल क्षेत्र के न्यू पीएचसी पर आयोजित टीकाकरण सत्र में सैकड़ों की संख्या में लोग कोरोना का वैक्सीनेशन करा चुके हैं। अब दूसरा डोज लगाने के पहले ही न्यू पीएचसी पर टीकाकरण सत्र को बंद कर दिया गया है, जिससे लोग खासा परेशान हैं। कई बुजुर्ग लोग भी पहला टीका लगवा चुके हैं।
वह दूर जाकर टीकाकरण कराने में असमर्थ हैं। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में कोरोना टीकाकरण बंद करने को लेकर कई लोग मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके श्रीवास्तव से आपत्ति दर्ज करा चुके हैं। उनका कहना है कि परतावल के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी क्षेत्र में स्वास्थ्य योजना व टीकाकरण को लेकर कोई जागरूकता कार्यक्रम नहीं कर रहे हैं। बल्कि वह टीकाकरण सत्र को बंद कर दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग का पक्ष
इस मामले में सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव का कहना है कि मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र के हरपुर न्यू पीएचसी पर टीकाकरण सत्र आयोजित करने का निर्देश दिया गया था। किन कारणों से टीकाकरण नही किया गया इसकी जांच की जाएगी।। लोगों को कोरोना टीका का दूसरा डोज लगाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, न्यू पीएचसी पर ही उनको दूसरा डोज लगाया जाएगा।
