बरेली: भीड़ से लॉकडाउन ध्वस्त, बाजार में खरीदारी को उमड़े लोग
बरेली, अमृत विचार। 10 मई तक लाकडाउन बढ़ाए जाने के बाद गुरुवार को श्यामगंज में अनाज मंडी खुली तो घरों में बैठे लोगों का सब्र टूट पड़ा। जरूरी सामान खरीदने के लिए हजारों की संख्या में भीड़ श्यामगंज की गलियों में पहुंच गई। इससे लॉकडाउन ध्वस्त हो गया। भीड़ ने संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए …
बरेली, अमृत विचार। 10 मई तक लाकडाउन बढ़ाए जाने के बाद गुरुवार को श्यामगंज में अनाज मंडी खुली तो घरों में बैठे लोगों का सब्र टूट पड़ा। जरूरी सामान खरीदने के लिए हजारों की संख्या में भीड़ श्यामगंज की गलियों में पहुंच गई। इससे लॉकडाउन ध्वस्त हो गया। भीड़ ने संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए लगाए गए लॉकडाउन की धज्जियां उड़ा दीं।

श्यामगंज का किराना बाजार के अलावा बिहारीपुर समेत कुछ स्थानों पर भी दुकानें खुलीं थी। जिसमें खरीदारी को भीड़ उमड़ी। इस दौरान प्रशासन की तरफ से लाकडाउन में सख्ती के किए दावे भी हवा हवाई साबित होते नजर आए। इस दौरान सामाजिक दूरी दरकिनार रही। दुकानों पर भी कोविड से बचाव के इंतजाम नहीं दिखे।
कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर पिछले शुक्रवार को लाकडाउन लगाया था। इसके बाद से लगातार लाकडाउन अवधि बढ़ाई जा रही है। दूसरी तरफ बाजार नहीं खुलने से तमाम व्यापारी परेशान है क्योंकि उनको लगातार घाटा हो रहा है। घर में रखा दैनिक जरूरी का सामान भी खत्म हो चुका है।

इधर, जिला प्रशासन ने कई दिनों से जारी लाकडाउन के बाद भी लोगों की जरूरत समझते हुए ऐसा कोई फरमान जारी नहीं किया है, जिससे बाजारों में दुकानों को कुछ देर के लिए खोला जा सके। यही कारण है गुरुवार को दुकानें खुली तो जरूरत का सामान लेने के लिए लोग लॉकडाउन तोड़ बाजार आ गए। इस दौरान लोगों ने खूब खरीदारी की। किराना समेत कुछ बाजारों में तो स्थिति यह थी भीड़ की वजह से पांव रखने की जगह नहीं थी। दोपहिया वाहन भी जाम के कारण रेंगते दिखाई दिए।
बंदी में भी लापरवाही, शटर उठाकर हो रही कमाई
कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए बीते शुक्रवार से लाकडाउन चल रहा है। बावजूद गुरुवार को शहर के अधिकतर हिस्सों में दुकानें खुल रही हैं। श्यामगंज में तो कमाई के चक्कर में शटर गिराकर दुकानदारी हो रही है। जहां कोरोना संक्रमण से बचाव के उपाय भी नहीं है। इसके अलावा कुतुबखाना, बासमंडी समेत कुछ अन्य क्षेत्रों में भी दुकानें खुली रहीं। गलियों और कॉलोनियों की दुकानों में जमकर बिक्री हो रही है।
सड़कों पर बंदी, गलियों में चहलकदमी
सिविल लाइंस, राजेंद्र नगर, डीडीपुरम, नॉवल्टी चौराहा के पास मुख्य सड़कों की दुकानें तो बंद रहीं, लेकिन आसपास की कॉलोनी की गलियों में दुकानें खुली रहीं। सड़कों पर आवाजाही से नहीं लग रहा था कि कर्फ्यू जैसा माहौल है। नगर निगम सब्जी मंडी में भी दुकानें वैसी ही लगी रही जैसे सामान्य दिनों में रहती हैं। खरीदारी करने वालों की भीड़ भी लगी रही।
नहीं हुआ सामाजिक दूरी का पालन
शहर के श्यामगंज, बांसमंडी, बिहारीपुर में जहां किराना की दुकानों पर भीड़ लगी रही, वहीं गलियों व कॉलोनियों में भी दुकानें खुली रहीं। लेकिन किसी दुकान पर सामाजिक दूरी का पालन नहीं होता दिखा। यहां तक कि दुकानदारों ने भी समाजिक दूरी का पालन हो इसको लेकर कोई जहमत नहीं उठाई।
बसें नहीं मिलने से यात्री रहे परेशान
लॉकडाउन के चलते अधिकांश लोग घरों में कैद रहे। ऐसे में यात्रियों की संख्या कम होने के कारण परिवहन निगम की बसें भी कम ही संख्या में चलीं। हालांकि प्रशासन ने 50 प्रतिशत संख्या के साथ बसों को चलाने की इजाजत दी है, लेकिन अधिकांश चालक-परिचालकों के ड्यूटी पर नहीं आने से डिपो में बसें खड़ी रहीं।
