बरेली: मुकदमे के समझौते के दौरान बवाल, पुलिस पर भी पथराव, 10 लोगों पर केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। बानखाना में देर रात हुए बवाल के दौरान खुराफातियों ने पुलिस पर भी पथराव किया था। पुलिस ने बवाल करने वाले दोनों पक्षों के 10 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाकी फरार चल रहे लोगों की तलाश की जा रही है। …

बरेली,अमृत विचार। बानखाना में देर रात हुए बवाल के दौरान खुराफातियों ने पुलिस पर भी पथराव किया था। पुलिस ने बवाल करने वाले दोनों पक्षों के 10 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाकी फरार चल रहे लोगों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में पथराव हुआ था। फायरिंग की बात गलत है।

गुरुवार को प्रेमनगर इंस्पेक्टर अवनीश यादव ने बताया कि बानखाना में बुधवार देर रात दो पक्षों में एक मुकदमे के समझौते को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। इस दौरान दोनों पक्षों में पथराव भी किया। लोगों का कहना है कि फायरिंग भी की गई। सूचना पर पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया तो दबंगों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। इसपर पुलिस ने लाठी फटकारी तो आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से सोनू पाल को हिरासत में लिया था।

पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि पुराने विवाद को लेकर उनमें कहासुनी हुई थी। पुलिस ने दारोगा विजयपाल सिंह की तहरीर पर दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पहले पक्ष में अंकित भारती, सोनू, अमित पाल, शिवम, सूरज और दूसरे पक्ष के वसीम, शारुख, अजीम, टीपू, राजा को नामजद करते हुए एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य मे बाधा, मारपीट, पुलिस पर पथराव, महामारी अधिनियम, आपदा प्रबंधन अधिनियम समेत करीब कई और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मौके पर तैनात किया गया फोर्स
बानखाना में हुए बवाल, मारपीट, पथराव और फायरिंग के बाद लोगों में खौफ है। लोगों का मानना है कि फरार लोग दोबारा से बवाल कर सकते है। ऐसा न हो इसलिए मौके पर फोर्स तैनात किया गया है। साथ ही फरार लोगों की लोकेशन भी निकाली जा रही है।

समझौता के कई दिन से चल रहा था विवाद
मोहल्ले के रहने वाले लोगों का कहना है कि छेड़खानी को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से समझौते की बात चल रही थी। हालांकि बार बार दोनों पक्ष किसी न किसी बात को लेकर भिड़ जाया करते थे। शराब पीकर नशे में सोनू ने ज्यादा गाली गलौज शुरू कर दिया और उनके बीच में विवाद हो गया था।

“पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं फरार लोगों की तलाश की जा रही है। उनपर गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।” -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार