बरेली: अब नहीं चलेगी मनमानी, तय हुआ एंबुलेंस का किराया, ज्यादा वसूले तो होगी कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार। संक्रमित का शव कोविड अस्पताल से श्मशान स्थल तक पहुंचाने के लिए निजी एंबुलेंस चालक पीड़ित परिवार से मोटी रकम वसूल रहे हैं। अब तक कई प्रकरण सामने आ चुके हैं। मामलों का जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए कहा कि संक्रमित मरीज को 10 किलोमीटर तक ले जाने के लिए जो किराया …
बरेली, अमृत विचार। संक्रमित का शव कोविड अस्पताल से श्मशान स्थल तक पहुंचाने के लिए निजी एंबुलेंस चालक पीड़ित परिवार से मोटी रकम वसूल रहे हैं। अब तक कई प्रकरण सामने आ चुके हैं। मामलों का जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए कहा कि संक्रमित मरीज को 10 किलोमीटर तक ले जाने के लिए जो किराया निर्धारित किया है। वह किराया शव लेकर जाने वाली निजी एंबुलेंस पर भी मान्य होगा।
कोविड अस्पताल से श्मशान तक शव लेकर जाने पर यदि कोई एंबुलेंस चालक निर्धारित किराये से ज्यादा रकम की मांग करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को जिलाधिकारी नितीश कुमार ने निजी एंबुलेंस का किराया निर्धारित करते हुए आदेश जारी कर दिया था। जिसमें बताया था कि ऑक्सीजन रहित एंबुलेंस का 10 किलोमीटर की दूरी तक 1000 रुपये, उसके बाद 50 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से शुल्क, ऑक्सीजनयुक्त एंबुलेंस का 10 किलोमीटर की दूरी तक 1500 रुपये, उसके बाद 50 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से शुल्क और वेंटिलेटर सपोर्टेड/बाई पेप एंबुलेंस का 10 किलोमीटर की दूरी तक 2500 रुपये, उसके बाद 100 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से शुल्क लगेगा।
आदेश में कहा गया कि संक्रमित मरीज के परिजन से निर्धारित दरों से अधिक धनराशि वसूल की जाती है तो परिजन पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 7302892388 व एकीकृत कोविड कमांड एवं कंट्रोल सेंटर बरेली के हेल्पलाइन नंबर 0581-2511061, 0581-2511021, 0581-2428914 और 0581-2428188 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह नियम शव लेकर जाने वाली एंबुलेंस पर लागू किया गया है। जो भी पीड़ित हैं वह उपरोक्त नंबरों पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
केस एक
मॉडल टाउन में रहने वाले परिवार के करीब 90 वर्षीय बुजुर्ग की रविवार को कोरोना से मौत हो गई। कुछ ही दूरी पर बने संजयनगर श्मशान में शव ले जाने के लिए परिवार के लोगों ने निजी एंबुलेंस मंगाई। श्मशान गेट पर पहुंचने पर चालक ने 7000 रुपये की मांग की तो परिजनों ने एंबुलेंस वाले को इतना ज्यादा किराया देने में असमर्थता जताई। एंबुलेंस वाले को गमजदा परिवार पर जरा भी तरस नहीं आया। पूरी रकम लेकर वह वहां से गया।
केस दो
कर्मचारी नगर में बच्चेदानी का ऑपरेशन कराने वाली महिला की मृत्यु हो गई थी। करीब दो किलोमीटर दूर बने सिटी श्मशान भूमि तक शव ले जाने के लिए निजी एंबुलेंस मंगाई। इसके एवज में एंबुलेंस वाले ने 20 हजार रुपये वसूले। श्मशान में घरवालों ने इसकी शिकायत की तो वहां के कर्मचारियों ने एंबुलेंस वाले को खूब हड़काया और मृतक के परिजनों को 10 हजार रुपये वापस कराए थे।
कुछ की वजह से सभी एंबुलेंस ऑपरेटर हो रहे बदनाम
कुछ निजी एंबुलेंस चालकों के मोटी रकम वसूलने के मामले सामने आने के बाद सोमवार को ऑल यूपी एंबुलेंस ऑपरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष सीपी सिंह गंगवार और प्रदेश सचिव लोकेंद्र सिंह तोमर ने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। जिसमें कहा कि कुछ लोगों के कारण सभी एंबुलेंस ऑपरेटर बदनाम हो रहे हैं। इसे रोकने की मांग उठाई। कहा कि कोविड महामारी में एंबुलेंस चालक भी प्रशासन के नियमों का पालन कर रहे हैं। सभी एंबुलेंस ऑपरेटर प्रशासन का सहयोग करने के लिए तैयार हैं।
