बरेली: पीडब्ल्यूडी में कई संक्रमित, 33 फीसदी स्टाफ ही आएगा दफ्तर
बरेली, अमृत विचार। पीडब्ल्यूडी में एक अधिशासी अभियंता सहित दो इंजीनियरों की मौत के बाद अभी भी तमाम स्टाफ संक्रमण से ग्रसित हैं। उनकी तबीयत खराब होने से वे दफ्तर नहीं आ रहे हैं। शासन के आदेश के बाद पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता की ओर से कर्मचारियों के दफ्तर में शिफ्ट के आधार पर उपस्थिति …
बरेली, अमृत विचार। पीडब्ल्यूडी में एक अधिशासी अभियंता सहित दो इंजीनियरों की मौत के बाद अभी भी तमाम स्टाफ संक्रमण से ग्रसित हैं। उनकी तबीयत खराब होने से वे दफ्तर नहीं आ रहे हैं। शासन के आदेश के बाद पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता की ओर से कर्मचारियों के दफ्तर में शिफ्ट के आधार पर उपस्थिति होने के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके तहत केवल तिहाई स्टाफ को ही ऑफिस आना है। बाकी सभी लोग घर से काम करेंगे।
पीडब्ल्यूडी में अभी कुछ दिन पहले अधिशासी अभियंता निर्माण खंड-एक रामसूरत सहित निर्माण खंड भवन के एक सहायक अभियंता की कोरोना से मृत्यु हो चुकी है। पीडब्ल्यूडी के इन दोनों खंडों के साथ प्रांतीय खंड और चीफ और सर्किल कार्यालय के कई स्टाफ का स्वास्थ्य ठीक नहीं है और उसमें कोरोना के लक्षण है।
कोरोना की दशहत की वजह से पीडब्ल्यूडी का ज्यादातर स्टाफ कार्यालय ही नहीं आ रहा है। केवल बहुत ही जरूरी काम के लिए इंजीनियर आ रहे हैं और उनके बुलाने पर संबंधित बाबू कुछ दिन के लिए कार्यालय आ रहे हैं। कोरोना के खतरे को देखते हुए शासन के आदेश पर चीफ इंजीनियर डीके तिवारी ने एक तिहाई कर्मचारियों की कार्यालय में उपस्थिति को लेकर शेड्यूल जारी कर दिया है। मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी की ओर से जारी निर्देशों के तहत 50 फीसदी कर्मचारियों को आकर और बाकी कर्मचारियों को घर के काम करने के लिए कहा गया है, लेकिन एक समय में कर्मचारियों की उपस्थिति 33 फीसदी से ज्यादा नहीं होगी।
शारीरिक रूप से अक्षम या दिव्यांग और गर्भवती महिलाओं को घर से ही काम करने के लिए निर्देशित किया गया है। जो कर्मचारी अस्वस्थ्य हो गए हैं, उन्हें भी घर पर ही रहते हुए काम करने की छूट दे दी गई है। इस शासनादेश के आधार पर विभाग के चीफ इंजीनियर कार्यालय की ओर से भी कर्मचारियों के नाम के साथ उनके कार्यालय में उपस्थित होने का शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
कोरोना संक्रमण के चलते विभागीय कामकाज भी प्रभावित
संक्रमण के चलते पीडब्ल्यूडी का कामकाज काफी प्रभावित हो गया है। केवल जरूरी कामों के लिए इंजीनियर ही आ रहे हैं। मिनिस्ट्रीरियल स्टाफ बहुत ही कम दिखाई दे रहा है। बताते हैं कि तमाम कर्मचारी तबीयत खराब होने की वजह से होम आइसोलेशन में है।
कोरोना की वजह से स्टाफ के बीच काफी दहशत है। दो अभियंताओं का कोरोना से निधन भी हो चुका है। इसके बाद से बाकी स्टाफ खौफ काफी बढ़ गया है। 33 फीसदी स्टाफ की उपस्थिति को लेकर शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। -डीके तिवारी, मुख्य अभिययंता, पीडब्ल्यूडी
