भारत से पिता के लिए दवा लेकर जा रहे युवक को नेपाली फोर्स ने मारी गोली, मौत के बाद सीमा पर तनाव
महराजगंज। भारतीय सीमा में निचलौल थाना क्षेत्र के बहुआर बाजार से अपने पिता के लिए दवा लेकर जा रहे एक नेपाली युवक को सशस्त्र पुलिस फोर्स (एपीएफ) के जवानों ने भारत-नेपाल सीमा के नो-मेंस लैंड के समीप बुधवार को गोली मार दी। गोली लगने से नेपाल नवलपरासी जिले के कठहवा निवासी अविनाश राजभर गंभीर रूप …
महराजगंज। भारतीय सीमा में निचलौल थाना क्षेत्र के बहुआर बाजार से अपने पिता के लिए दवा लेकर जा रहे एक नेपाली युवक को सशस्त्र पुलिस फोर्स (एपीएफ) के जवानों ने भारत-नेपाल सीमा के नो-मेंस लैंड के समीप बुधवार को गोली मार दी।
गोली लगने से नेपाल नवलपरासी जिले के कठहवा निवासी अविनाश राजभर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
गोली चलने से सरहदी क्षेत्र के लोगों में काफी आक्रोश है,और क्षेत्र अफरा-तफरी मचा हुआ है। सीमा पर तनाव को देखते हुए एसएसबी और निचलौल पुलिस अलर्ट हो गई है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह अविनाश राजभर अपने पिता बच्चा राजभर के लिए सीमा के पगडंडी रास्ते से होते हुए भारत के बहुआर में स्थित एक निजी चिकित्सालय पर दवा लेने आया था। दवा लेकर वह वापस घर जा रहा था कि नो-मेंसलैंड पर नेपाल एपीएफ के तीन जवानों ने उसे दूर से ही रुकने के लिए आवाज दी।
नेपाली जवानों ने पहले की तीन राउंड हवाई फायरिंग
जवानों ने कहा कि सीमा सील होने के कारण आवागमन प्रतिबंधित है। जवानों की बातों को अनसुना कर अविनाश नेपाल अपने घर जाने के लिए बढ़ने लगा। जिसके बाद नेपाली जवानों ने पहले तीन राउंड हवाई फायरिंग कर उसे चेतावनी दी। जब अविनाश नहीं रुका तो आक्रोशित जवानों ने उसके पैर में गोली मार दी।
गोली लगते ही अविनाश जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। गोली की आवाज सुनते ही कठहवा निवासी हदीश अली, संतोष यादव व बहादुर राय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंच गए। घायल युवक को नवलपरासी के एक अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
डीएसपी राजू लामा ने कही ये बात
नवल परासी के डीएसपी राजू लामा ने बताया कि बुटवल के पास उसकी मौत हो गई है। बता दें कि युवक के मौत के बाद स्थानीय नेपाली नागरिकों के आक्रोशित होते ही सीमा पर तैनात तीनों जवान मौके से भाग खड़े हुए। नो-मेंस लैंड पर गोली चलने की सूचना मिलते ही सीओ निचलाैल डीके उपाध्याय, थानाध्यक्ष निर्भय कुमार सिंह सहित एसएसबी के अधिकारी मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लेने में जुटे हुए हैं।
