हरदोई में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रैक्टर और पिकअप की भिड़ंत में 3 की मौत, 9 घायल
हरदोई। हरदोई-सीतापुर मार्ग पर टड़ियावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कालाअप के निकट ट्रैक्टर और पिकअप में भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई और चार बच्चों सहित नौ लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई …
हरदोई। हरदोई-सीतापुर मार्ग पर टड़ियावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कालाअप के निकट ट्रैक्टर और पिकअप में भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई और चार बच्चों सहित नौ लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हरदोई से पिकअप बर्फ लेकर बेनीगंज जा रही थी। इटौली गांव के निकट दस सवारियां पिकअप में सवार हो गई। टड़ियावां कोतवाली क्षेत्र के हरदोई-सीतापुर मार्ग पर कालाआम के निकट सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने पिकअप में टक्कर मार दी।
हादसे में पिकअप क्षतिग्रस्त हो गई और पिकअप सवार सभी लोग उसी में फंस गए। चालक ने ट्राली वहीं पर छोड़ दी और ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को पिकअप से बाहर निकालवाया और एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
जहां पर डॉक्टर ने पिकअप चालक इजहार निवासी बहोरियाखेड़ा, कल्लू निवासी अकोहरा और सोनी पत्नी विजय पाल निवासी इकरी बेनीगंज को मृत घोषित कर दिया।
वहीं राजवती निवासी राउतपुर, नीतू निवासी इकरी, सोना निवासी अकोहरा, अम्बर पाल, गुड्डी, जूली, सोहित और नितिन निवासी इकरी घायल हुए। घायलों में गुड्डी और नितिन की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया। पिकअप में सवार स्वास्थ्य कर्मी रोहित के भी मामूली चोट आई हैं।
