बरेली: बारिश से जगह-जगह जमा हुआ कीचड़, जान हथेली पर लेकर लोग निकलने को मजबूर
बरेली,अमृत विचार। सीवर लाइन बिछ जाने के बावजूद एक तो सड़कें नहीं बनाई गई। इस वजह से तेज बारिश की वजह से खुर्रम गौंटिया सहित कई जगहों पर कीचड़ हो जाने से लोगों का निकलना दूभर हो रहा है। इसके साथ सीवर लाइन बिछाने के बाद जो सड़कें बनी भी हैं, वे अभी से ही …
बरेली,अमृत विचार। सीवर लाइन बिछ जाने के बावजूद एक तो सड़कें नहीं बनाई गई। इस वजह से तेज बारिश की वजह से खुर्रम गौंटिया सहित कई जगहों पर कीचड़ हो जाने से लोगों का निकलना दूभर हो रहा है। इसके साथ सीवर लाइन बिछाने के बाद जो सड़कें बनी भी हैं, वे अभी से ही टूटना शुरू हो गई हैं। इसलिए उनकी गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
वहीं, अधिकारियों ने अपनी सफाई भी दी है। कहा है कि जो सड़कें खराब हुई हैं या नहीं बनी हैं, उनकी मरम्मत के साथ ही हॉटमिक्स लेयर बिछाने का काम भी जल्द किया जाएगा।
सीवर लाइन बिछाए जाने के बावजूद सड़कें न बनने से दुश्वारियां बढ़ रही हैं। बुधवार की रात और गुरुवार को दिन में बारिश के बाद खुर्रम गौटिया व कालीबाड़ी की ओर बरेली कॉलेज चौराहे के पास सहित कई जगहों पर जबरदस्त पानी भरने के साथ कीचड़ हो गया। इस वजह से गुरुवार को वहां से निकलने के लिए वाहन चालकों को काफी दिक्कत झेलनी पड़ी। जबकि अधूरी पड़ी सड़कों पर हॉटमिक्स का काम कराने में लगातार देरी हो रही है।

इधर, जल निगम ने सीवर लाइन बिछाने के लिए गांधी उद्यान से बियावानी कोठी होते हुए खुर्रम गौटिया तक रोड की खुदाई का काम किया था। इस काम को काफी समय गुजर चुका है, लेकिन सड़क की मरम्मत का काम अब तक नहीं कराया गया। गांधी उद्यान से चौकी चौराहे के बीच खोदी गई रोड को बनाने के लिए हॉटमिक्स का काम पूरा हो गया है। जबकि खुर्रम गौटिया की तरफ का रोड अभी भी बहुत खराब स्थिति में है। रोड को मिट्टी से पाटा गया है। जबकि बुधवार को हुई बारिश में यहां काफी कीचड़ हो गया।
बरेली कॉलेज चौराहे पर भी सीवर लाइन बिछे काफी समय हो गया है। यहां नगर निगम ने भी नाला निर्माण भी पूरा करा दिया है। रोड से मिट्टी का पटान करके ऐसे ही छोड़ दिया गया है। ऐसे ही काफी समय गुजर जाने के बावजूद यहां भी हॉटमिक्स रोड बनाने का काम नहीं हुआ है। सिटी स्टेशन से किला की तरफ भी सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा है। यहां भी रोड खोद दी गई है। बारिश की वजह से यहां भी काफी कीचड़ हो गया। सीवर लाइन बिछाए जाने की वजह से रोड पर एक ही तरफ दोनों ओर के यातायात को गुजारा जा रहा है।
इधर सीवर लाइन बिछाने के बाद जो सड़कें बनाई गईं थी, उनकी मरम्मत ठीक तरह से न होने से वे भी टूटने लगी है। कालाबाड़ी रोड पर श्यामगंज पुलिस चौकी के पास रोड पर कई जगह गड्ढे हो गए हैं, जबकि यह रोड सीवर लाइन बिछाने के बाद कुछ समय पहले ही बनी थी। इसी तरह चौकी चौराहे से गांधी उद्यान की तरफ भी सीवर लाइन बिछने के बाद बनी सड़क टूटनी शुरू हो गई है।
स्टेडियम व पीलीभीत रोड पर भी हो गए गड्ढे
नगर निगम ने कुछ दिन पहले स्टेडियम रोड की मरम्मत कराई थी लेकिन पानी भरने से रोड फिर से खराब होना शुरू हो गया है। पीलीभीत रोड पर भी गई जगहों पर गड्ढे हो गए हैं। बीसलपुर चौराहे के पास रोड खराब हो गई है। यूनिवर्सिटी के आसपास भी सड़क खराब है। इसकी मरम्मत नहीं हो रही है।
सुभाषनगर पुलिया के नीचे फिर भरा पानी
दो दिन पहले ही सुभाषनगर पुलिया के नीचे जलभराव की समस्या खत्म करने के लिए चोक नालों की सफाई की गई लेकिन बुधवार की रात और गुरुवार को दिनभर हुई बारिश से सुभाषनगर पुलिया के नीचे फिर जलभराव हो गया। पुलिया के नीचे कई इलाकों के नालों का पानी पहुंचने से राहगीरों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। नगर-निगम ने भी सफाई की खानापूरी कर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। सफाई कराने के अगले ही दिन पानी भरना निगम के कार्य पर सवाल खड़े कर रहा है।
“ठेकेदारों पर शिकंजा कसा जा रहा है कि जो रोड बनने से बाकी रह गई हैं, उनका निर्माण जल्द कराया जाए। सड़क बनाने का काम अभी चल ही रहा है। जो रोड खराब हुई हैं, उनकी मरम्मत भी जल्द कराई जाएगी।” -संजय सिंह, अधिशासी अभियंता, जल निगम
