मुरादाबाद: दलित महिला ने चौकी प्रभारी पर लगाया रिश्वत मांगने का आरोप, एसएसपी से की शिकायत
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में रहने वाली दलित महिला ने कांशीराम नगर चौकी प्रभारी पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने तथा 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। इसको लेकर उन्होंने एसएसपी से पत्र के माध्यम से शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की है। सोनकपुर देहात उर्फ भोला सिंह की …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में रहने वाली दलित महिला ने कांशीराम नगर चौकी प्रभारी पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने तथा 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। इसको लेकर उन्होंने एसएसपी से पत्र के माध्यम से शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की है।
सोनकपुर देहात उर्फ भोला सिंह की मिलक निवासी महिला संतरेश ग्राम प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ी थीं, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उनके अनुसार 16 मई की सुबह कांशीराम चौकी प्रभारी ने उनके पति राजपाल सिंह को फोन कर चौकी में बुलाया। आरोप है कि वहां पर उन्होंने उनके पति को गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध किया तो जातिसूचक शब्दों से भी अपमानित किया। इसके अलावा झूठे आरोप लगाकर जेल भेजने और नौकरी खत्म कराने की धमकी दी।
आरोप है कि इसके एवज में 50 हजार रुपये की भी मांग की। महिला के अनुसार उनके पति ने काफी मिन्नतें कीं। लेकिन, उन्हें नहीं छोड़ा। तब उन्होंने दो दिन में मांगे गए रुपये देने का वादा किया। उसके बाद ही दरोगा ने उन्हें चौकी से जाने दिया। महिला का कहना है कि उक्त दरोगा उनके विरोधी से मिले हुए हैं। उनके कहने पर ही उनका उत्पीड़न किया जा रहा है।
