शाहजहांपुर: बहन के प्रेमी को चाहता था फंसाना, दे डाली मंत्री को मार डालने की धमकी
सिंधौली (शाहजहांपुर), अमृत विचार। क्षेत्र के एक गांव के युवक ने अपनी बहन के प्रेमी को फंसाने के लिए मंत्री सुरेश खन्ना और एक भाजपा नेता को ही धमकी दे डाली। भाजपा नेता की शिकायत पर पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक एक गांव के युवक ने अपनी बहन के प्रेमी …
सिंधौली (शाहजहांपुर), अमृत विचार। क्षेत्र के एक गांव के युवक ने अपनी बहन के प्रेमी को फंसाने के लिए मंत्री सुरेश खन्ना और एक भाजपा नेता को ही धमकी दे डाली। भाजपा नेता की शिकायत पर पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक एक गांव के युवक ने अपनी बहन के प्रेमी को फंसाने के लिए पूरी साजिश रची। उसकी बहन को उसके प्रेमी ने एक सिम और मोबाइल दिया था। इसमें आईडी प्रेमी ने अपनी लगाई थी। युवक ने मौका पाते ही बहन के पास से प्रेमी के दिए मोबाइल को उठाकर गायब कर दिया। बाद में इसी फोन से भाजपा नेता आशीष वर्मा को कल फोन करके धमकी दी। इसके बाद मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को भी मार डालने की कहते हुए धमकी दी।
युवक को लगा कि वह जिस फोन से धमकी दे रहा है, वह तो उसकी बहन के प्रेमी का है, वही पकड़ा जाएगा। आशीष वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने जब पड़ताल की तो पता लगा कि फोन युवक की बहन के पास रहता था। पुलिस ने युवक को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने पूरी बात पुलिस को बता दी।
इस बारे में एसपी एस आनंद ने बताया कि युवक की बहन से एक लड़का फोन पर बात करता था। यह बात युवक को पंसद नहीं थी। बहन के प्रेमी को पकड़वाने के लिए युवक ने धमकी दी, ताकि उसकी बहन से बात करने वाला युवक पकड़ा जाए। मामले में अभी पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा लिखा जाएगा।
