मुरादाबाद : शॉर्ट सर्किट से तीन गोदामों में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से स्पेयर पार्ट्स समेत दो मल्टीनेशनल कंपनियों के गोदामों में आग लग गई। जब इस ने विकराल रूप लिया तो धधकती लपटें गोदाम से बाहर आने लगीं। क्षेत्रीय लोगों ने नजारा देखा तो उनके होश फाख्ता हो गए। पता चलने पर गोदामस्वामी भी मौके पर पहुंच …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से स्पेयर पार्ट्स समेत दो मल्टीनेशनल कंपनियों के गोदामों में आग लग गई। जब इस ने विकराल रूप लिया तो धधकती लपटें गोदाम से बाहर आने लगीं। क्षेत्रीय लोगों ने नजारा देखा तो उनके होश फाख्ता हो गए। पता चलने पर गोदामस्वामी भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेडकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लेकिन वह नाकाफी साबित हुआ।
इस दौरान आसपास के लोग भी दहशत के कारण सड़कों पर आ गए। बाद में दमकल की सात गाड़ियों की मदद से कर्मियों ने बमुश्किल किसी तरह उस पर काबू पाया। इस दौरान लाखों रुपये का नुकसान होने की बात कही जा रही है।
घटना शनिवार की सुबह मझोला थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड पर चौधरी चरण सिंह चौराहा के आगे हुई। खुशहालपुर बंसल कंपाउंड निवासी प्रदीप कुमार बंसल का यहां पर गिन्नी मोटर स्पेयर पार्ट्स के नाम से गोदाम है। इसी कंपाउंड में ही एए इंटरप्राइजेज और पीजी ट्रेडर्स के नाम से भी गोदाम हैं। प्रदीप के अनुसार शनिवार की सुबह गोदाम में तैनात चौकीदार गुड्डू ने अंदर से धुआं निकलता देखा। इस पर उसने फोन कर उन्हें सूचना दी।
दमकलकर्मियों को सूचना देने के साथ ही वह भी मौके पर आ गए। उनके अनुसार जब वह मौके पर आए तो आग पूरी तरह से भड़क चुकी थी। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। कुछ देर में सीएफओ मुकेश कुमार और एफएसओ शत्रुघ्न सिंह भी दमकल की पांच गाड़ियों के साथ मौके पर आ गए। कर्मियों ने आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी उस पर काबू नहीं पाया जा सका। इसकी वजह रही कि स्पेयर पार्ट्स वाले गोदाम में रखे मोबिल ऑयल ने भी आग पकड़ ली थी। इसके बाद दो अन्य गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह काबू पाया जा सका। प्रदीप के अनुसार कई लाख का नुकसान हुआ है। उनका कहना है कि सही स्थिति पूरे सामान का आंकलन करने के बाद ही सामने आएगी।
धुएं का गुबार हटाने के लिए तोड़ी दीवार
गोदाम में आग लगने की सूचना पर दमकलकर्मी जब मौके पर पहुंचे तो वह विकराल रूप धारण कर चुकी थी। वहीं गोदाम बंद होने के कारण दमकलकर्मियों को काफी परेशानी हुई। किसी तरह वे अंदर घुसे। लेकिन धुएं के गुबार के कारण वहां पर रुकना मुश्किल हो गया। काफी प्रयास के बाद भी वे अंदर नहीं जा सके। इस दौरान आग बढ़ती जा रही थी। लिहाजा आनन-फानन में कर्मियों ने गोदाम के कुछ हिस्से की दीवार को तोड़ दिया। काफी देर बाद जब धुआं छटा तो अंदर जाकर कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
