बाराबंकी: वैक्सीनेशन टीम को आते देखकर घर से भागे ग्रामीण, डर से सरयू नदी में कूदे कई लोग
बाराबंकी। कोरोना वैक्सीन को लेकर भ्रम और खौफ किस कदर ग्रामीणों के मन में घर कर चुका है, इसकी एक बानगी बाराबंकी जिले में देखने को मिली। जिले के सिसौड़ा गांव में वैक्सीन लगाने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को देख कर लोग डर गए और उन्हें वैक्सीन न लगवानी पड़े इस वजह से सरयू …
बाराबंकी। कोरोना वैक्सीन को लेकर भ्रम और खौफ किस कदर ग्रामीणों के मन में घर कर चुका है, इसकी एक बानगी बाराबंकी जिले में देखने को मिली। जिले के सिसौड़ा गांव में वैक्सीन लगाने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को देख कर लोग डर गए और उन्हें वैक्सीन न लगवानी पड़े इस वजह से सरयू जैसी बड़ी नदी में छलांग लगा दी।
यह नजारा देख कर स्वास्थ्य विभाग की टीम के हाथपांव फूल गए और वे ग्रामीणों से बाहर आने का अनुरोध करने लगे, लेकिन ग्रामीण नहीं माने तब उपजिलाधिकारी के समझाने के बाद ग्रामीण नदी से बाहर आये और वैक्सीन लगवाई। 1500 की आबादी वाले इस गांव में मात्र 18 लोग ही वैक्सीन लगवाने की हिम्मत जुटा सके।

आशा बहू को देखकर घरों में ताला लगाकर भाग गये ग्रामीण
आशा बहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती आदि कर्मचारी गांव जाकर लोगों को समझाने पहुंची तो ग्रामीण घरों को बंद कर सरयू के घाट पहुंच गए। कर्मचारी भी मान-मनौव्वल करने सरयू घाट पर पहुंचे। इस पर ग्रामीण सरयू के पानी में उतर गए। इसे देख कर्मचारियों के हाथ पांव फूल गए। कर्मचारियों की सूचना पर एसडीएम रामनगर राजीव शुक्ला पहुंचे।
एसडीएम ने मौके पर जाकर ग्रामीणों को समझाया और बताया कि वैक्सीनेशन से ही कोरोना से हमेशा के लिए बचा जा सकता है। पूरे देश में लाखों लोगों द्वारा टीका लगाया जा चुका है, कहीं किसी को कोई दिक्कत नहीं है। एसडीएम के समझाने के बावजूद भी ग्रामीण टीका लगाने को राजी नहीं हुए। शाम तक मात्र 18 लोग ही उक्त कैंप में टीका लगाने के लिए पहुंचे।

