लखीमपुर खीरी: शातिर मिर्ची की तलाश में जुटीं पुलिस की चार टीमें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। पुलिस और ग्रामीणों पर फायरिंग कर सोमवार की देर रात भागे शातिर अपराधी तौकीर उर्फ मिर्ची के खिलाफ थाना निघासन पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी ने एएसपी और सीओ के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाई …

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। पुलिस और ग्रामीणों पर फायरिंग कर सोमवार की देर रात भागे शातिर अपराधी तौकीर उर्फ मिर्ची के खिलाफ थाना निघासन पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी ने एएसपी और सीओ के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाई हैं। पुलिस टीमें इलाके की घेराबंदी कर काम्बिंग कर रही हैं, लेकिन अभी उसका पता नहीं चल सका है।

सोमवार की रात थाना निघासन की पढुवा चौकी प्रभारी अशोक कुमार सिपाहियों के साथ गांव टॉपरपुरवा के पास गश्त कर रहे थे। एसपी विजय ढुल के अनुसार रात पौने दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव पढुवा निवासी शातिर चोर तौकीर उर्फ मिर्ची टापरपुरवा गांव के निकट एक खंडहर में छिपा है।

इस पर पुलिस खंडहर की तरफ बढ़ी। पुलिस को आता देख मिर्ची भागकर गांव में घुस गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी की। पकड़े जाने के डर से उसने पहले ग्रामीण मुन्ना के सिर पर तमंचे की बट मारी। उसके बाद 12 बोर के तमंचे से पुलिस पर गोली चला दी। एक छर्रा चौकी इंचार्ज अशोक कुमार के हाथ में लगा। सिपाही सौरभ, ग्रामीण शोभित और शिवमंगल भी घायल हुए। इससे अफरा-तफरी मच गई।

एसपी विजय ढुल, एएसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ निघासन प्रदीप वर्मा, कोतवाली तिकुनियां, धौरहरा, पलिया, ईसानगर आदि थानों की फोर्स के साथ पहुंच गए। सभी घायलों को सीएचसी निघासन लाकर उपचार कराया गया। एसपी ने चौकी इंचार्ज और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। आरोपी को गिरफ्तार करने की रणनीति बनाई। एसपी ने एएसपी और सीओ सिटी के नेतृत्व में चार टीमें लगाई हैं। इसके अलावा अपराध शाखा की स्वाट टीम और सर्विलांस टीम को भी लगाया है। टीमें इलाके की घेराबंदी कर कांबिंग कर रही हैं लेकिन देर शाम तक अपराधी पुलिस के हाथ नहीं लग सका।

नेपाल और बहराइच सीमा पर बढ़ाई निगरानी
लखीमपुर के ही नहीं अन्य प्रदेशों और जिलों के अपराधी नेपाल में शरण ले लेते हैं, जिससे पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाती है। शातिर चोर तौकीर उर्फ मिर्ची ने नेपाल और बहराइच जिले में भी ठिकाना बना रखा है। वह नेपाल और बहराइच भागकर न जा पाए इसके लिए पुलिस सीमा पर कड़ी निगरानी कर रही है। साथ ही बहराइच पुलिस का भी सहयोग ले रही है।

मिर्ची के खंडहर में छुपे होने की सूचना पर पुलिस पहुंची। मिर्ची ने एक ग्रामीण के सिर पर 12 बोर के तमंचे की बट मारी और फायर किया। छर्रे लगने से चौकी इंचार्ज, एक सिपाही और ग्रामीण घायल हुए हैं। अपराधी की गिरफ्तारी के लिए एएसपी और सीओ के नेतृत्व में चार टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -विजय ढुल, एसपी

संबंधित समाचार