जेफ बेजोस छोड़ेंगे Amazon के सीईओ का पद, जानिए कौन लेगा उनकी जगह
नई दिल्ली। अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस ने कहा कि वह पांच जुलाई को सीईओ का पद छोड़ देंगे। अमेजन को इंटरनेट बुकस्टोर से ऑनलाइन शॉपिंग क्षेत्र की दिग्गज कंपनी बनाने वाले बेजोस ने बुधवार को कहा कि अमेजन के कार्यकारी एंडी जेसी पांच जुलाई को सीईओ की भूमिका संभाल लेंगे। जेसी इस वक्त अमेजन …
नई दिल्ली। अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस ने कहा कि वह पांच जुलाई को सीईओ का पद छोड़ देंगे। अमेजन को इंटरनेट बुकस्टोर से ऑनलाइन शॉपिंग क्षेत्र की दिग्गज कंपनी बनाने वाले बेजोस ने बुधवार को कहा कि अमेजन के कार्यकारी एंडी जेसी पांच जुलाई को सीईओ की भूमिका संभाल लेंगे। जेसी इस वक्त अमेजन वेब सर्विसेज के हेड हैं।

बेजोस ने बुधवार को अमेजन के शेयरधारकों की बैठक के दौरान कहा, ‘‘हमने इस तारीख को चुना, क्योंकि मेरे लिए इसका भावनात्मक महत्व है।’’ उन्होंने बताया कि ठीक 27 साल पहले 1994 में इसी दिन अमेजन की स्थापना हुई थी। कंपनी ने इस साल फरवरी में कहा था कि बेजोस कंपनी के सीईओ का पद छोड़ देंगे, लेकिन तब इसके लिए कोई तारीख नहीं बताई गई थी।

बेजोस ने निवेशकों को आश्वासन दिया कि एंडी जैसी की कंपनी में अच्छी पहचान है और वे अमेजन में लगभग तभी से हैं, जब से बेजोस। बेजोस ने एंडी जेसी के बारे में कहा, वह एक असाधारण लीटर बनने जा रहे हैं और उन्हें मेरा पूरा भरोसा है। अमेजन में कार्यकारी परिवर्तन ऐसे समय पर हुआ है जब कंपनी ने ऑनलाइन कॉमर्स के अलावा एक क्लाउड कंप्यूटिंग के रूप में अच्छी पकड़ बना ली है। यहां यह गूगल और माइक्रोसॉफ्ट के साथ मुकाबला करती है।

अमेजन ने बताया था कि सीईओ का पद छोड़ने के बाद बेजोस कार्यकारी अध्यक्ष की नई भूमिका में होंगे। बेजोस ने कहा है कि उनके पास अन्य परियोजनाओं के लिए अधिक समय होगा, जिसमें उनकी अंतरिक्ष अन्वेषण कंपनी ब्लू ओरिजिन, उनके द्वारा चलाए जाने वाले परोपकार के काम और वाशिंगटन पोस्ट की देखरेख शामिल है। इस समय अमेजन में 13 लाख लोग काम करते हैं और ये दुनिया भर में करोड़ो लोगों और कारोबारों को सेवाएं देते हैं।

इस बीच आज एक बार फिर से जेफ बेजोस दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए। बेजोस ने फोर्ब्स अरबपतियों की सूची में एक बार फिर दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति की पॉजिशन फ्रांसीसी लक्जरी समूह लुई वीटन मोएट हेनेसी के बॉस बर्नार्ड अरनॉल्ट को पछाड़ कर हासिल की है। लेकिन कुछ ही घंटों बाद अमेजन के शेयरों में आई तेजी की वजह से बेजोस फिर आगे निकल गए और सबसे अमीर बन गए।
