मुरादाबाद : रोडवेज की बसों में कट रहा ‘कोरोना का टिकट’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। रोडवेज की बसों में सफर करना अब सुरक्षित नहीं है। यह बात सिर्फ यात्री नहीं, बल्कि बसों के चालक और परिचालक भी मानते हैं। परिवहन निगम भले ही यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा करवाने के दावे कर रहा हो। लेकिन, ये सब हकीकत में हवा-हवाई नजर आ रहे हैं। महानगर में कोरोना …

मुरादाबाद,अमृत विचार। रोडवेज की बसों में सफर करना अब सुरक्षित नहीं है। यह बात सिर्फ यात्री नहीं, बल्कि बसों के चालक और परिचालक भी मानते हैं। परिवहन निगम भले ही यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा करवाने के दावे कर रहा हो। लेकिन, ये सब हकीकत में हवा-हवाई नजर आ रहे हैं।

महानगर में कोरोना के बढ़ते खतरे के बीच शुक्रवार को जब पीतलनगरी डिपो का हाल जाना तो रोडवेज बसों की हकीकत सामने आई। यात्रियों के साथ बस चालकों ने भी दबी जुबां से अव्यवस्था की बात पर मुहर लगाई। यात्रियों का कहना है कि भले ही वह सफर कर रहे हों। लेकिन, इसके पीछे भी उनकी मजबूरी है। दूसरे जिलों को जाने वाली बसों में दर्जन भर से अधिक यात्री सवार थे। इनमें से आधे यात्रियों ने मास्क नहीं लगा रखे थे। दो गज की दूरी का भी पालन नहीं किया जा रहा है। विभाग द्वारा जो बस स्टेशन पर व्यवस्था के दावे किए गए थे, वे शुक्रवार को नजर नहीं आए। ऐसे में कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ जाती है।

यात्रियों का छलका दर्द
सुविधाओं के मामले में रोडवेज की हालत बहुत खराब है। यात्रियों ने बताया कि बसों में प्रवेश करते समय न तो सैनिटाइजेशन की व्यवस्था है, न ही थर्मल स्क्रीनिंग की। बसों में कोविड गाइडलाइन का पालन भी नहीं किया जा रहा है। यात्रियों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। बस स्टॉप पर पानी के प्याऊ तो लगे हैं, लेकिन खराब हैं। इसलिए यात्री गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। कहने के लिए दो फ्रीजर भी यहां पर लगे हैं, लेकिन काम नहीं कर रहे हैं। इससे लोगों को गर्मी में ठंडा पानी नहीं मिल पा रहा है।

बोले लोग 
बस यात्री मेहताज ने कहा कि रोडवेज बस स्टैंड पर किसी प्रकार की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। बसों में प्रवेश करते वक्त यात्रियों के हाथ सैनिटाइज नहीं करवाए जा रहे हैं। यहां पर लगे प्याऊ भी खराब हालत में हैं। ऐसे में यात्री गंदा पानी पीने को मजबूर हैं।

बस यात्री मनोज ने कहा कि मैं बिजनौर से आया हूं। रोडवेज बस स्टैंड पर सैनिटाइजेशन की व्यवस्था नहीं है। कोरोना गाइडलाइन का भी पालन नहीं किया जा रहा है। ऐसे में संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। पीने के लिए ठंडे पानी की भी व्यवस्था नहीं है।

बस यात्री संजीव यादव ने कहा कि बसों में यात्रियों की काफी भीड़ रहती है। ऐसे में दो गज की दूरी का पालन भी नहीं किया जा रहा है। कोविड नियमों का पालन नहीं करने पर संक्रमण बढ़ सकता है। मजबूरी में जान खतरे में डालकर सफर करना पड़ा रहा है।

एआरएम पीतलनगरी डिपो शिवबालक, ने कहा कि विभाग की ओर से लोगों को मास्क लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। बस स्टॉप पर सैनिटाइजेशन मशीन भी लगी हुई है। बसों में सीटों के अनुसार ही यात्रियों को बैठाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे अधिक यात्री नहीं बैठाए जा रहे हैं।

-भावना

संबंधित समाचार