मुरादाबाद : अंडे के विवाद में 75 लोगों पर रिपोर्ट, आठ गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 मुरादाबाद,अमृत विचार। अंडे के दामों को लेकर हुई मारपीट व पथराव में कटघर थाने में 23 नामजद समेत 75 उपद्रवियों पर गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। शुक्रवार की रात कटघर थाना क्षेत्र के ग्राम देवापुर में हुए बवाल से हड़कंप मच गया था। पथराव की चपेट में आने से बाइक व दुकानें …

 मुरादाबाद,अमृत विचार। अंडे के दामों को लेकर हुई मारपीट व पथराव में कटघर थाने में 23 नामजद समेत 75 उपद्रवियों पर गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। शुक्रवार की रात कटघर थाना क्षेत्र के ग्राम देवापुर में हुए बवाल से हड़कंप मच गया था। पथराव की चपेट में आने से बाइक व दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। सूचना पर कई थानों की फोर्स ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले थे। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कटघर पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

पथराव शुक्रवार की रात कटघर थाना क्षेत्र के ग्राम देवापुर में हुआ था। गांव निवासी ओमवीर जिम के बाहर अंडों की दुकान लगाता है। शुक्रवार की रात गांव के कुंवरपाल व गुलफाम जिम से निकलकर अंडे खाने आए। बताते हैं कि पैसों को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने अपने साथियों को भी फोन करके बुला लिया। आरोप है कि उनके बीच पहले जमकर मारपीट हुई फिर पथराव हो गया। सड़क से लेकर छतों तक से पथराव किया गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पथराव की चपेट में आने से बाइक व दुकानें क्षतिग्रस्त होने के साथ ही कई लोग चोटिल हो गए। सूचना पर एसपी सिटी अमित कुमार आनंद कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने बाइक में लगी आग को बुझाया और पथराव करने वालों को खदेड़ दिया था। इस बीच बलवाइयों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। पुलिस ने रात में किसी तरह मामले को शांत कराकर और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया था।

शुक्रवार को पीतल बस्ती चौकी प्रभारी दिनेश कुमार की तहरीर पर कटघर थाने में 23 लोगों को नामजद करने के साथ ही करीब 75 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद यासीन, असलीम, छोटे अली, सतीश, आशाराम, चतर सिंह, राजीव और ब्रिजेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य उपद्रवियों की तलाश की जा रही है। हत्थे लगे आरोपियों का चालान कर दिया गया है।

संबंधित समाचार