यूपी में दम तोड़ता कोरोना… इन 22 जिलों में पिछले 24 घंटे में मिले 10 से भी कम मामले
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर की चेन टूट रही है, नतीजन राज्य के 22 जिलो में पिछले 24 घंटे के दौरान दस से कम मामले दर्ज किये गये है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार हाथरस, कासगंज, महोबा, श्रावस्ती, कानपुर देहात, हमीरपुर, फतेहपुर, चित्रकूट, बलरामपुर, भदोही, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, कन्नौज, संभल, मैनपुरी, …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर की चेन टूट रही है, नतीजन राज्य के 22 जिलो में पिछले 24 घंटे के दौरान दस से कम मामले दर्ज किये गये है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार हाथरस, कासगंज, महोबा, श्रावस्ती, कानपुर देहात, हमीरपुर, फतेहपुर, चित्रकूट, बलरामपुर, भदोही, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, कन्नौज, संभल, मैनपुरी, एटा, बांदा, जालौन, गोंडा, महाराजगंज, चंदौली और बलिया में पिछले 24 घंटे में मिले मरीजों की संख्या इकाई में रही। वहीं कौशांबी में इस दौरान कोई नया मामला नहीं आया।
लखनऊ और मेरठ को छोड़कर अन्य जिलों में 100 से कम नये मामले सामने आये। लखनऊ ,मेरठ, वाराणसी, नोएडा, गोरखपुर, गाजियाबाद, बरेली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और बुलंदशहर में अभी एक्टिव मरीजों की संख्या एक हजार से ज्यादा है।
गौरतलब है कि राज्य में पिछले एक महीने के दौरान सक्रिय मरीजों की संख्या में 87 फीसदी तक की कमी आयी है। वहीं कोरोना का रिकवरी रेट 96 फीसदी से ऊपर हो चुका है। सरकार ने इसके मद्देनजर 600 से कम एक्टिव केस वाले 55 जिलों को आंशिक कोरोना कर्फ्यू से रियायत देने का फैसला किया है जो एक जून से लागू होगा। इस दौरान सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक व्यापारिक प्रतिष्ठान और मंडियां खोली जायेंगी जबकि शाम सात से सुबह सात बजे तक रात्रिकालीन कफ्र्यू लागू रहेगा।
सीएम योगी ने की कोरोना प्रबंधन की समीक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कोरोना प्रबंधन की समीक्षा करते हुये कहा कि कोरोना महामारी से प्रदेश को सुरक्षित रखने की दिशा में लगातार किए जा रहे प्रयासों के अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। देश में सबसे ज्यादा कोविड टेस्ट करने वाले इस राज्य में 30 अप्रैल के 03 लाख 10 हजार 783 मरीजों की पीक की स्थिति के सापेक्ष एक माह में 87 फीसदी की गिरावट हो गई है। वर्तमान में 41,214 कोरोना केस एक्टिव हैं और रिकवरी दर 96.4 प्रतिशत हो गई है।
उन्होने कहा कि बीते 24 घंटो में 1,908 मरीज पाए गए हैं जबकि 6,713 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए हैं। इस तरह अब तक कुल 16 लाख 28 हजार प्रदेशवासी कोरोना से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। इस अवधि में तीन लाख 40 हजार 96 टेस्ट हुए, इसमें 1.42 लाख सैम्पल आरटीपीसीआर माध्यम से जांचे गए। उत्तर प्रदेश सर्वाधिक कोविड टेस्ट करने वाला राज्य है। अब तक यहां 04 करोड़ 90 लाख 96 हजार 625 सैम्पल की टेस्टिंग हुई है।
योगी ने कहा कि अब तक प्रदेश में वैक्सीन के एक करोड़ 79 लाख 92 हजार 299 डोज लगाए जा चुके हैं। जबकि 18 से 44 आयु वर्ग के 19 लाख 79 हजार 399 लोगों ने टीका कवर प्राप्त कर लिया है। सरकार का लक्ष्य जून माह में एक करोड़ लोगों को टीका-कवर से आच्छादित करने का है। उन्होने निर्देश दिये कि दूध विक्रेता, सब्ज़ी विक्रेता, ऑटो, टैम्पो और ई-रिक्शा चालक, ठेला, खोमचा, रेहड़ी, पटरी व्यवसायी आदि संबंधित वर्ग के टीकाकरण के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए। नगरीय निकाय अथवा परिवहन विभाग से समन्वय स्थापित कर इन सभी लोगों को टीका-कवर से आच्छादित करने की कार्यवाही हो। 15 जून से सभी 75 जिलों में यह प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेषज्ञों के आकलन के दृष्टिगत कोरोना की तीसरी लहर से बचाव के संबंध में प्रो-एक्टिव नीति अपनाई जा रही है। सभी मेडिकल कॉलेजों में पीआईसीयू और एनआईसीयू की स्थापना को तेजी से पूरा किया जाए। सभी मेडिकल कॉलेजों में 100-100 बेड के पीआईसीयू स्थापित किये जाने हैं। इसके साथ 50 बेड का एनआईसीयू भी हों। यह कार्य शीर्ष प्राथमिकता के साथ किया जाए।
उन्होंने कहा कि लगातार प्रयासों से एक ओर जहां संक्रमण की तीव्रता कम हुई है, वहीं ऑक्सीजन की मांग और आपूर्ति में संतुलन की स्थिति बन गई है। ऑक्सीजन ऑडिट से वेस्टेज रोकने में बहुत सहायता मिली है। विगत 24 घंटे में 496 एमटी ऑक्सीजन वितरित की गई, इसमें 285 एमटी केवल रीफिलर को उपलब्ध कराई गई। इनके पास अब पांच दिनों का बैकअप हो गया है। ऑक्सीजन उपलब्धता की स्थिति को देखते हुए औद्योगिक इकाइयों को उनके उपयोग के लिए ऑक्सीजन उपयोग की अनुमति दी गई है।
उत्तर प्रदेश में कोविड-19 से 140 और लोगों की मौत , सामने आये 1908 नए मरीज
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 से संक्रमित 140 और लोगों की मौत हो गई तथा 1908 और लोगों में इस संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रविवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कोविड-19 संक्रमित 140 और लोगों की मौत हुई है।
इसके साथ ही राज्य में इस संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 20346 हो गई है। इस दौरान सबसे ज्यादा 15 मरीजों की मौत गोरखपुर में हुई है जबकि प्रयागराज तथा कुशीनगर में 12-12 मरीजों ने दम तोड़ दिया। पिछले 24 घंटों के दौरान 6713 मरीज ठीक भी हुए। इस दौरान सबसे ज्यादा 112 नए मरीज मेरठ में मिले।
इसके अलावा लखनऊ में 109, गौतम बुद्ध नगर में 98, गाजियाबाद में 91, गोरखपुर में 86 तथा सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में 80-80 नए मरीज सामने आये। प्रदेश में इस वक्त कोविड-19 के 41214 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में 340096 नमूनों की जांच की गई। प्रदेश में अब तक चार करोड़ 90 लाख 96 हजार 625 नमूनों की जांच की जा चुकी है।
