बरेली: जिले में ब्लैक फंगस के निकले पांच मरीज, जानिए कितने मिले कोरोना संक्रमित
बरेली,अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमितों के आंकड़े में लगातार कमी आ रही है। वही, मंडल में ब्लैक फंगस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार को ब्लैक फंगस के पांच नए मरीज मिले, हालांकि उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. रंजन गौतम के अनुसार पिछले कुछ दिनों में ब्लैक फंगस …
बरेली,अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमितों के आंकड़े में लगातार कमी आ रही है। वही, मंडल में ब्लैक फंगस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार को ब्लैक फंगस के पांच नए मरीज मिले, हालांकि उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. रंजन गौतम के अनुसार पिछले कुछ दिनों में ब्लैक फंगस के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं।
मंडल में ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या बढ़कर अब 55 हो गई है। जिन मरीजों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई, उनमें 26 बरेली और बाकी 29 मामले अन्य जिलों के हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी का कहना है कि ब्लैक फंगस को लेकर स्थिति गंभीर है।उन्होंने लोगों से लक्षण दिखाई देने पर तुरंत अस्पताल जाने की सलाह दी है।
जिले में निकले 33 कोरोना मरीज
सोमवार को जिले में 6082 लोगों की जांच की गई, जिसमें से 33 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। 6049 लोगों में संक्रमण नहीं पाया गया है। वहीं, दो संक्रमितों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कोविड अस्पताल में भर्ती 31 वर्षीय युवा व 50 वर्षीय संक्रमितों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार संक्रमितों के शवों को कोरोना गाइडलाइन के तहत परिजनों को सौंप दिया गया।
कोविड अस्पतालों में भर्ती 20 फीसदी संक्रमित पड़ोसी जिले के
संक्रमितों के आंकड़ों में कमी आने पर विभागीय अधिकारियों ने जांच-पड़ताल की तो पता लगा कि जिले के छह सरकारी सहायता प्राप्त कोविड अस्पताल व अन्य पेड कोविड अस्पताल में भर्ती हुए संक्रमितों की संख्या में करीब दस प्रतिशत संक्रमित पड़ोसी जिले से उपचार के लिए आए थे। जिले में अप्रैल माह में 50 हजार से अधिक जांच में 15,030 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें से करीब चार हजार संक्रमितों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिले में कोरोना संक्रमण के बने छह से अधिक कोविड अस्पतालों में भर्ती किया गया। चार हजार संक्रमितों में से 20 फीसद संक्रमित ऑक्सीजन की कमी व बेड उपलब्ध न होने के चलते कोविड अस्पतालों में उपचार के लिए रिश्तेदारों से संपर्क के जरिए यहां भर्ती हुए। इलाज यहां होने के चलते ऐसे संक्रमितों का नाम भी जिले के संक्रमितों में जोड़ लिया गया। हालांकि, नियमानुसार जिस जिले का संक्रमित है, उसका नाम उसी जिले में दर्ज होना चाहिए।
“ऐसे लोग जो दूसरे जिलों से आकर बरेली में इलाज के लिए कोविड अस्पताल में भर्ती हुए हैं, उनके नाम भी यहां दर्ज हुए जिससे बरेली में संक्रमितों के आंकड़ों में बढ़ोत्तरी हुई है। संक्रमित जिस जिले का है उसका नाम वहीं के रिकार्ड में दर्ज होना चाहिए।” -डा. रंजन गौतम, जिला सर्विलांस अधिकारी
