हल्द्वानी: पुलिस नदारद…रामपुर रोड पर चोरों ने की गश्त, ताबड़तोड़ वारदातों को दिया अंजाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। पुलिस गश्त को धता बताते हुए चोरों ने रामपुर रोड में शिवाजी कॉलोनी के सामने वन विभाग के गेट के पास खड़ी कार का शीशी तोड़ स्टेपनी और एयर कंप्रेशर पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद गली नंबर नौ में एक कार का शीशा तोड़ बैटरी निकालने की कोशिश की। कार …

हल्द्वानी, अमृत विचार। पुलिस गश्त को धता बताते हुए चोरों ने रामपुर रोड में शिवाजी कॉलोनी के सामने वन विभाग के गेट के पास खड़ी कार का शीशी तोड़ स्टेपनी और एयर कंप्रेशर पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद गली नंबर नौ में एक कार का शीशा तोड़ बैटरी निकालने की कोशिश की। कार में रखे बैग से चाबी निकालकर एक स्कूटी भी उठा ली। रात साढ़े 11 बजे से लेकर आधी रात ढाई बजे तक चोरों ने रामपुर रोड में एक के बाद एक वारदात की। लेकिन मंगल पड़ाव से लेकर हीरानगर चौकी की पुलिस गश्त नदारद रही।

चोरों ने पहले सोमवार की रात साढ़े 11 बजे शिवाजी कॉलोनी निवासी आकाश देवल की कार के शीशे तोड़ डाले। आकाश ने कार अपने घर से सामने वन विभाग के गेट के पास खड़ी की थी। चोर कार का शीशा तोड़कर भीतर रखी स्टेपनी और एयर कंप्रेशर ले गए। इसके बाद आधी रात करीब ढाई बजे चोरों ने रामपुर रोड की गली नंबर नौ में नवदीप सिंह की कार के शीशे तोड़ डाले। चोरों ने कार की बैटरी निकालने की भरसक कोशिश की। लेकिन नाकाम रहे। इसके बाद चोरों ने कार में रखे बैग पर हाथ साफ कर लिया। बैग में नवदीप की स्कूटी की चाबी रखी थी।

चोरों ने चाबी से स्कूटी स्टार्ट की और निकल भागे। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली। रामपुर रोड में कई और स्थानों से भी चोरी की वारदातों की जानकारी प्रकाश में आई है। हालांकि इन घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।

पुलिस की रात गश्त पर उठे सवाल
चोर रात साढ़े 11 बजे से लेकर आधी रात ढाई बजे तक एक के बाद एक वारदातों को अंजाम देते रहे। सूत्रों के अनुसार उन्होंने तीन घंटों के भीतर चोरी की पांच वारदातों को अंजाम दिया। बेफ्रिक चोर तीन घंटों तक रामपुर रोड में तांडव मचाते रहे। लेकिन कहीं भी पुलिस उन्हें नहीं देख पाई। घटनास्थल मंगल पड़ाव और हीरानगर चौकी क्षेत्र में आते हैं। इससे पुलिस की गश्त को लेकर सवाल भी उठे। चोरी की इन वारदातों पर पुलिस पर्दा डाले रही।

सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की वारदात
चोरी की वारदात गली नंबर नौ में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। इसमें आधी रात करीब ढाई बजे चोर स्कूटी ले जाते हुए नजर आए। मंगलवार को सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पीड़ित नवदीप सिंह ने एक चोर को पहचान लिया। इसके बाद दूसरे चोर का भी पता चल गया। इसके बाद दोनों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया। इनमें से एक नाबालिग है। चोरों ने नशे की लत पूरी करने के लिए इन वारदातों को अंजाम दिया।

रेकी के साथ दिया वारदात को अंजाम
चोरों ने रामपुर रोड पर रेकी के साथ वारदातों को अंजाम दिया। उन्हें पहले से पता था कि वाहन यहां खड़े रहते हैं। चोरों की रेकी इतनी सटीक थी कि उन्हें यह भी पता था कि नवदीप अपनी स्कूटी की चाबी कार में बैग में रखते हैं। पीड़ित नवदीप ने बताया कि एक आरोपी वाईफाई लगाने का काम करता है। वारदात से चार दिन पहले वह उनके घर भी आया था। पुलिस आरोपियों से चोरी का सामान बरामद करने का प्रयास कर रही है।
गौरव

संबंधित समाचार