बरेली: 20 हजार आबादी का पेयजल संकट होगा खत्म!, मिले 5.30 करोड़ रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। शहर के तमाम इलाकों में पेयजल संकट गहराया हुआ है। इसे समाप्त करने के लिए पेयजल योजनाओं को स्वीकृति मिली थी लेकिन कोरोना की वजह से उनकी टेंडर प्रक्रिया नहीं हो पाई। अब संक्रमण कम हुआ तो जलकल विभाग ने लटके टेंडरों की प्रक्रिया को शुरू किया है। पहले चरण में नगरिया परीक्षित …

बरेली,अमृत विचार। शहर के तमाम इलाकों में पेयजल संकट गहराया हुआ है। इसे समाप्त करने के लिए पेयजल योजनाओं को स्वीकृति मिली थी लेकिन कोरोना की वजह से उनकी टेंडर प्रक्रिया नहीं हो पाई। अब संक्रमण कम हुआ तो जलकल विभाग ने लटके टेंडरों की प्रक्रिया को शुरू किया है।

पहले चरण में नगरिया परीक्षित और कंजादासपुर इलाकों में ओवरहेड टैंक, नलकूप और पानी की पाइप लाइन बिछाने के काम होने हैं। इसके लिए जलकल विभाग ने 5.30 करोड़ रुपये का बजट कार्यदायी संस्था जल निगम को ट्रांसफर भी कर दिया।

जलकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दूसरी जल परियोजनाओं के लिए भी धनराशि उपलब्ध करा दी जाएगी। इससे इन इलाकों की करीब 20 हजार आबादी को पानी के संकट से मुक्ति मिल जाएगी। शहर के अभी भी तमाम इलाके हैं, जहां पाइप लाइन न होने से वहां पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। नगर निगम ने ऐसे तमाम क्षेत्रों का सर्वे कराया था और पेयजलापूर्ति से वंचित जगहों को चिह्नित करने के साथ ही वहां पेयजल आपूर्ति की परियोजनाएं भी तैयार की हैं।

नगर निगम के जलकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कोरोना की वजह से इन परियोजनाओं के टेंडर नहीं हो पा रहे थे। इस वजह से निर्माणदायी संस्था जल निगम कार्य भी नहीं शुरू कर पा रही थी लेकिन अब लटके कार्यों को कराने की कवायद शुरू हो गई है।

पहले चरण में कंजादासपुर और नगरिया परीक्षित इन दोनों ही जगहों पर करीब 20 हजार की आबादी के घरों तक पहुंचाने के लिए परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। इसके लिए जल निगम को 5.30 करोड़ रुपये की बड़ी धनराशि दे दी गई है। इस रकम से इन दोनों ही इलाकों में पाइप लाइन बिछाने के साथ ही ओवरहेड टैंक और नलकूप स्थापित करने के काम होने हैं। जल निगम की ओर से इसके लिए जल्द ही टेंडर शुरू किए जाएंगे।

जलकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पेजयल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए कुदेशिया फाटक, शांति विहार बदायूं रोड, किला छावनी, बानखाना, बेनीपुर चौधरी, छोटी विहार सहित कई जगहों पर मिनी नलकूप के निर्माण भी होने हैं। प्रत्येक जगह पर कार्य कराने के लिए 25 लाख रुपये का बजट मंजूर हो चुका है। जल निगम को इन स्थानों पर काम कराने के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करानी है।

कई पुराने इलाकों में आ रहा गंदा पानी
शहर के कई इलाकों में पानी की पाइप लाइन की मरम्मत न होने या फिर उनके काफी पुराने होने से गल जाने के चलते कई इलाकों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। इसमें सिकलापुर, बड़ा बाजार, बिहारीपुर ढाल सहित कई जगहों पर लोग गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत कर चुके हैं। जलकल विभाग में इस समय स्टाफ काफी कम है। सिर्फ एक ही अवर अभियंता होने से दिक्कत का समाधान नहीं हो पा रहा है।

“पानी आपूर्ति की समस्या को खत्म करने के लिए नगरिया परीक्षित व कंजादासपुर में 5.30 करोड़ रुपये से पाइप लाइन बिछाने व ओवरहेड टैंक बनाने के काम होने हैं। इसके लिए कार्यदायी संस्था जल निगम को धनराशि स्थानांतरित की जा रही है।” -राजेश कुमार यादव, महाप्रबंधक, जलकल विभाग

संबंधित समाचार