रायबरेली: सपा नेता के बेटे की गुंडई, सरेराह डंडों से पीट-पीट कर युवक को किया लहूलुहान
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली से मानवता को शर्मसार करने वाला वीडियो सामने आया है़। यहां एक लोडर गाड़ी की सपा विधानसभा अध्यक्ष के पुत्र की कार से भिड़ंत हो गई। इससे आपा खोए सपा नेता के पुत्र ने साथी के साथ मिलकर लोडर गाड़ी के ड्राइवर को सरेराह जमकर पीटा। आरोप तो यह भी …
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली से मानवता को शर्मसार करने वाला वीडियो सामने आया है़। यहां एक लोडर गाड़ी की सपा विधानसभा अध्यक्ष के पुत्र की कार से भिड़ंत हो गई। इससे आपा खोए सपा नेता के पुत्र ने साथी के साथ मिलकर लोडर गाड़ी के ड्राइवर को सरेराह जमकर पीटा।
आरोप तो यह भी है़ कि पिटाई में पीड़ित के कान में चोट आई और पीड़ित को एक कान से सुनाई देना बंद कर दिया है़। बताया जा रहा है़ कि भिड़ंत के बाद पीड़ित ने आरोपियों से कहा भी कि जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई कर दूंगा।
इस पर आरोपियों ने कहा कि खून का बदला खून से लिया जाएगा। नुकसान की भरपाई तो करवा ही लूंगा और यह कहकर पीड़ित को लाठी-डंडों से दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
क्या है ये पूरा मामला
घटना शिवगढ़ थाना क्षेत्र की है। रामचन्द्र यादव का कहना है कि सोमवार को वे पिकअप वाहन से ड्राइवर रवि कुमार के साथ कृषि रक्षा इकाई महराजगंज से 15 बोरी धान लेकर शिवगढ़ कृषि रक्षा इकाई छोड़ कर वापस जा रहे थे। रामपुर मोड़ के पास अचानक साइकिल सवार आ गया। चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया तो पिकअप सामने से आ रही कार में भिड़ गई। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना होने पर चालक भाग निकला। वाहन स्वामी के मुताबिक उन्होंने कार में हुए नुकसान की भरपाई करने के लिए कहा, लेकिन सपा के बछरावां विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष राकेश त्रिवेदी उर्फ आलू महराज के पुत्र अनुज त्रिवेदी व उसके दो साथी मुझे डंडों से बेरहमी से पीटते रहे। इस दौरान हाथ जोड़ने और क्षमा याचना करने पर भी हमलावरों को तरस नहीं आया। पिटाई करने के बाद हमलावर फावड़े से सिर काटने की बात कह रहे थे, लेकिन वे किसी तरह जान बचाकर भाग निकले।
पीड़ित का आरोप है कि वाहन में रखे पैसे एटीएम कार्ड भी चुरा लिए गए। दोनों वाहन तीन दिन से थाने में खड़े हैं, लेकिन थाना प्रभारी इस घटना से अनजान बने रहे। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ, तब पुलिस हरकत में आई। हालांकि थाना प्रभारी रवींद्र सोनकर ने कहा कि अभी तक किसी तरह की तहरीर नहीं मिली। तहरीर के हिसाब से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
