मुरादाबाद : बाइक सवार को बचाने में अनियंत्रित होकर वैन खाई में गिरी, चालक की मौत
मुरादाबाद/कुंदरकी/अमृत विचार। मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर जीरो प्वाइंट के पास हुए हादसे में वैन चालक की मौत हो गई। जबकि वैन में सवार व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में वैन अनियंत्रित होकर खाई में गिरी गई। हादसे के बाद मची चीख-पुकार सुनकर राहगीर मौके …
मुरादाबाद/कुंदरकी/अमृत विचार। मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर जीरो प्वाइंट के पास हुए हादसे में वैन चालक की मौत हो गई। जबकि वैन में सवार व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में वैन अनियंत्रित होकर खाई में गिरी गई। हादसे के बाद मची चीख-पुकार सुनकर राहगीर मौके पर आ गए। घायलों को बाहर निकालने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजने के बाद घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चालक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
हादसा गुरुवार की सुबह कुंदरकी थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर न्यू बाईपास जीरो प्वाइंट के पास हुआ। ग्राम टांडा बादली निवासी रईस अहमद ड्राई फ्रूट का कारोबार करते हैं। अक्सर वह माल की सप्लाई के लिए क्षेत्र में जाते है। गुरुवार को वह मारूति वैन से माल सप्लाई करने के लिए निकले थे। बिलारी होते हुए उनको सैफनी जाना था। वैन कुंदरकी के मोहल्ला भब्बलपुरी टांडा निवासी तैयब अली (40 वर्ष) चला रहा था।
बताते हैं कि जैसे ही वह जीरो प्वाइंट के पास पहुंचे तभी सामने से अचानक बाइक आ गई। बाइक को बचाने के प्रयास में चालक तैयब अली ने वैन को एक तरफ मोड़ा तो वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में तैयब व रईस अहमद वैन में दब गए। चीख-पुकार होने पर राहगीर मौके पर पहुंच गए और दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तैयब अली की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजने के बाद व्यापारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
वहीं हादसे की सूचना चालक के परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर आ गए। परिजनों ने बताया कि मृतक तैयब अली के सात बच्चे हैं। खुद की वैन किराए पर चलाकर वह अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था।
