बदायूं: प्रेम प्रसंग में घर में घुसकर युवक को मार डाला, दो हिरासत में
कुंवरगांव/बदायूं,अमृत विचार। प्रेम प्रसंग के चलते युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद उसका शव फंदे से लटका दिया गया। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने की वजह से गांव में तनाव की स्थिति बन गई। घटनास्थल का एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों ने मुआयाना किया। गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी …
कुंवरगांव/बदायूं,अमृत विचार। प्रेम प्रसंग के चलते युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद उसका शव फंदे से लटका दिया गया। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने की वजह से गांव में तनाव की स्थिति बन गई। घटनास्थल का एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों ने मुआयाना किया। गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
घटना थाना क्षेत्र के गांव वावट में बुधवार रात करीब 12 बजे की है। मृतक की मां परवीन के अनुसार बेटा साजिम(18) और उसकी (साजिम) नानी मुन्नी बेगम रात में घर में अकेले थे। रात को पूरा परिवार थाना आंवला क्षेत्र के गांव रेवती बहोड़ा में रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गया। तभी लड़की पक्ष के तीन लोग घर आए और आवाज देकर दरवाजा खुलवाया। जैसे ही साजिम ने दरवाजा खोला तीनों लोगों ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर हत्या कर दी। शव को कुंडे में फंदे से लटका दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही परिजन घर पर पहुंच गए। शव को फंदे से नीचे उतार लिया और पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर थानाध्यक्ष रविकरन सिंह फोर्स के साथ पहुंच गए। जांच-पड़ताल के बाद घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। घटनास्थल का एसएसपी संकल्प शर्मा, एसपी सिटी प्रवीण चौहान, सीओ सिटी चंद्रपाल सिंह मुआयना करने पहुंचे। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने की वजह से गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने युवती व उसकी चाची को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। साजिम के परिवार वालों ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
“युवक की हत्या हुई है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। मामले में तहरीर मिली है।” -रविकरन सिंह, थानाध्यक्ष, कुंवरगांव
