बरेली: रुविवि की नई वेबसाइट में छात्रों को मिलेगी आसानी से जानकारी
बरेली,अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की नई वेबसाइट तैयार की जा रही है। यह वेबसाइट सुरक्षित होगी और छात्रों को आसानी से प्रवेश-परीक्षा व अन्य शिक्षण से संबंधित जानकारियां मिल सकेंगी। गुरुवार को कुलपति प्रो. केपी सिंह ने कार्यालय स्थित सभागार में आईटी विभाग के शिक्षकों व संकायाध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक …
बरेली,अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की नई वेबसाइट तैयार की जा रही है। यह वेबसाइट सुरक्षित होगी और छात्रों को आसानी से प्रवेश-परीक्षा व अन्य शिक्षण से संबंधित जानकारियां मिल सकेंगी। गुरुवार को कुलपति प्रो. केपी सिंह ने कार्यालय स्थित सभागार में आईटी विभाग के शिक्षकों व संकायाध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में कुलपति के सामने निर्माणाधीन वेबसाइट का प्रस्तुतीकरण दिया गया।
कुलपति ने 4 जून से 18 जून तक दिन के हिसाब से सभी संकायाध्यक्षों की जिम्मेदारी तय कर दी है और सभी को 21 जून तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। 21 जून को दोबारा इसकी बैठक होगी। बता दें कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट काफी पुरानी होने के चलते छात्र-छात्राओं को समुचित लाभ नहीं दे पा रही थीं। दैनिक अमृत विचार ने भी कई बार वेबसाइट पर सही सूचना अपलोड न होने की वजह से छात्रों को परीक्षा और प्रवेश संबंधी जानकारी न मिले से परेशानी की खबरें प्रमुखता से प्रकाशित की थीं। कुलपति ने इस पर संज्ञान लेते हुए वेबसाइट का पुननिर्माण करने का आदेश दिया था।
बैठक में कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट को छात्र हित को सर्वोपरि रखते हुए पुनर्निर्मित किया गया है, ताकि छात्रों को विश्वविद्यालय से संबंधित सभी सूचनाएं घर बैठे ही आसानी से प्राप्त हो सकें। आज के इस डिजिटल युग में किसी भी संस्थान की वेबसाइट उसका आइना होती है। उस पर विश्वविद्यालय संबंधित सभी क्रियाकलापों एवं गतिविधियों के साथ-साथ सभी कोर्सेज एवं सुविधाओं का पूर्ण विवरण होना आवश्यक होता है, ताकि छात्र, उनके अभिभावक तथा विश्वविद्यालय में रूचि लेने वाले किसी भी व्यक्ति को विश्वविद्यालय संबंधी सूचनाएं एकत्र करने में सुविधा हो। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ती है बल्कि विश्वविद्यालय की छवि भी सुधरती है।
नयी वेबसाइट में स्थापना संघर्ष से लेकर महत्वपूर्ण हस्तियों के नाम जुड़ेंगे
वेबसाइट का निर्माण विश्वविद्यालय के सीएसआईटी डिपार्टमेंट के डॉ अख्तर हुसैन तथा प्रोफेसर एसएस बेदी की देखरेख में विश्वविद्यालय में ही किया गया है। इन्ही दोनों शिक्षकों के द्वारा विवि की वेबसाइट का प्रदर्शन किया गया। कुलपति ने इसको लेकर कई सुझाव दिए हैं। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय की साइट एचटीटीपी की जगह एचटीटीपीएस अर्थात सुरक्षित वेबसाइट बननी चाहिए। वेबसाइट समय-समय पर उच्चीकृत की जानी चाहिए। वेबसाइट आकर्षक होने के साथ-साथ उपयोग में सरल होनी चाहिए। विश्वविद्यालय के स्थापना संघर्ष से लेकर इसके वर्तमान स्वरूप तक का इतिहास इसमें मौजूद होना चाहिए। विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़े महत्वपूर्ण हस्तियों के नाम भी शामिल करें।
पिछले एक वर्ष के सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं तथा उपलब्धियां वेबसाइट पर दर्शायी जाएं। वेबसाइट पर इंगित महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र को क्लिक करने पर उनके जीवन एवं दर्शन के विषय में छात्रों को जानकारी मिलनी चाहिए। कुलपति ने विभागों की सूचनाएं अधूरा देख सभी संकायाध्यक्षों को जिम्मेदारी दी कि वह तुरंत वेबसाइट प्रभारी को सूचनाएं उपलब्ध कराएं। बैठक में प्रो. एसएस बेदी, प्रो. संजय गर्ग, डा. आलोक श्रीवास्तव, प्रो. एस के पांडे, प्रो. संजय मिश्रा, प्रो. नलिनी श्रीवास्तव, प्रो. पीबी सिंह, डा. अख्तर हुसैन, एमसी जोशी, सुधाकर मौर्य, तपन कुमार और नरेंद्र कुमार मौजूद रहे।
