सीतापुर: पुलिस चौकी में बैठ थानेदार उम्मीदवार से करा रहे थे बीडीसी की डील, एसपी ने दिए जांच के आदेश
सीतापुर। जिले की पुलिस से जुड़ा हैरान कर देने वाला एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक थानेदार दूसरे थाने की पुलिस चौकी पर बैठकर खाकी का रौब दिखा रहा है और सत्ता पक्ष के इशारे पर ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए एक बीडीसी की डील करा रहा है। थानेदार चौकी इंचार्ज …
सीतापुर। जिले की पुलिस से जुड़ा हैरान कर देने वाला एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक थानेदार दूसरे थाने की पुलिस चौकी पर बैठकर खाकी का रौब दिखा रहा है और सत्ता पक्ष के इशारे पर ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए एक बीडीसी की डील करा रहा है। थानेदार चौकी इंचार्ज की कुर्सी पर बैठे हैं।
उनके सामने कसमंडा ब्लॉक के प्रमुख पद के उम्मीदवार के करीबी बैठे हैं। सामने कई अन्य नेता और उनके गुर्गे भी विराजमान हैं। थानेदार अपनी नजरों के सामने एक बीडीसी का प्रमाण पत्र अपने चहेते उम्मीदवार के हाथों में दिलवा रहे हैं। एक व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया और उसे वायरल कर दिया।
दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहे थानेदार का नाम विजय पाल सिंह है और बीडीसी उम्मीदवार(पीड़ित) का नाम मनीष कश्यप है। फिलहाल पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।
वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस की हो रही किरकिरी
सूत्रों का कहना है कि यह सब खेल एक सत्ता पक्ष के विधायक के कहने पर किया जा रहा था। इस वीडियो के वायरल होने से पुलिस की खूब फजीहत हो रही है। लोग पुलिस पर इल्जाम लगा रहे हैं कि पुलिस किस कदर सत्ता पक्ष के इशारे पर चुनाव में बेजा दिलचस्पी ले रही है। पुलिस के कंधों पर निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव की जिम्मेदारी है। पुलिस दावा भी यही करती है, लेकिन इन दावों के खिलाफ दूसरी ओर चौकियों में बैठकर पुलिस चुनावी गणित फिट करा रही है। वीडियो देखकर पुलिस की इस करतूत की चर्चाएं आम हो रही है। हालांकि मामला प्रकाश में आते ही पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने इसकी जांच शुरू करा दी है। एसपी ने सीओ सिधौली को मामले की जांच सौंपी है।
बचाव करते दिखे पुलिस अधिकारी
इस वायरल वीडियो की सीओ सिधौली राजू कुमार साव जांच कर रहे हैं। पूछने पर वह भी बचाव करते नजर आए। सीओ ने बताया कि बीडीसी मनीष कश्यप ने प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि कुछ लोगों ने उसका सर्टिफिकेट ले लिया है। उसकी शिकायत पर प्रमाण पत्र वापस दिलाया जा रहा था। यह पूछने पर कि, कमलापुर थाना क्षेत्र में मानपुर थाना अध्यक्ष विजय पाल सिंह मास्टर बाग चौकी में बैठे प्रमाण पत्र दिला रहे हैं। इस पर सीओ बोले कि यह उन्हीं के क्षेत्र का मामला है। वैसे इस मामले की मैं जांच कर रहा हूं। अभी जांच रिपोर्ट तैयार नहीं हुई है। जांच कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
