बरेली: आवेदन से चूके छात्रों को एक और मौका, 10 जून से भरे जाएंगे विश्वविद्यालय के परीक्षा फॉर्म

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। प्रथम वर्ष के छात्रों को प्रोन्नत करने और अंतिम वर्ष के छात्रों की परीक्षाओं से पहले विश्वविद्यालय ने छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने का एक मौका दिया है। स्नातक प्रथम, द्वितीय व तृतीय और स्नातकोत्तर प्रथम व द्वितीय वर्ष के संस्थागत और व्यक्तिगत छात्र 10 जून से परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। इसके …

बरेली, अमृत विचार। प्रथम वर्ष के छात्रों को प्रोन्नत करने और अंतिम वर्ष के छात्रों की परीक्षाओं से पहले विश्वविद्यालय ने छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने का एक मौका दिया है। स्नातक प्रथम, द्वितीय व तृतीय और स्नातकोत्तर प्रथम व द्वितीय वर्ष के संस्थागत और व्यक्तिगत छात्र 10 जून से परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। इसके लिए उन्हें 500 रुपए का विलंब शुल्क भी चुकाना होगा। परीक्षा फॉर्म 17 जून तक महाविद्यालयों में जमा किए जा सकेंगे। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।

रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक और स्नातकोत्तर के संस्थागत छात्रों के 20 फरवरी से परीक्षा फॉर्म भरवाना शुरू किया था। व्यक्तिगत छात्रों के परीक्षा फॉर्म 1 मार्च से भरने शुरू हुए थे। परीक्षा फॉर्म भरने के लिए एक महीने का समय दिया गया था लेकिन काफी संख्या में छात्र फॉर्म भरने से वंचित रह गए। इसके बाद विश्वविद्यालय ने तारीख बढ़ा दी थी। परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 16 अप्रैल कर दी गई थी। अंतिम समय में परीक्षा फॉर्म जमा करने को लेकर भी काफी हंगामा हुआ था। उसके बाद कोरोना की वजह से विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों में कामकाज ठप हो गया था।

अब शासन ने स्नातक और स्नातकोत्तर के प्रथम वर्ष के छात्रों को प्रोन्नत करने और अंतिम वर्ष के छात्रों की परीक्षाएं कराने की तैयारी की है। जल्द ही इसको लेकर दिशा-निर्देश भी आ जाएंगे। ऐसे में छात्र प्रोन्नत होने और परीक्षा से न चूक जाएं, इसके लिए विश्वविद्यालय ने परीक्षा फॉर्म भरने का एक और मौका छात्रों को दिया है। शुरुआत में एक सप्ताह 500 रुपए के विलंब शुल्क से शुरुआत की है। आगे भी तारीख बढ़ायी जा सकती है लेकिन इसके लिए छात्रों को अधिक शुल्क चुकाना होगा।

ये हैं महत्वपूर्ण तिथियां
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि स्नातक बीए, बीएससी, बीकॉम और स्नातकोत्तर एमए, एमएससी, एमकॉम के संस्थागत एवं भूतपूर्व छात्र, एक विषय केवल प्रयोगात्मक परीक्षा के विषय और व्यक्तिगत छात्रों की मुख्य परीक्षा और एकल विषय के फॉर्म 10 जून से भरे जाएंगे। छात्र 16 जून तक ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म व शुल्क जमा कर भर सकेंगे। छात्रों को 17 जून तक भरे फॉर्म महाविद्यालय में जमा करने होंगे। महाविद्यालय 19 जून तक परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन स्वीकृत कर सकेंगे और उन्हें 21 जून तक भरे और स्वीकृत फॉर्म विश्वविद्यालय में जमा करने होंगे।

संबंधित समाचार