बरेली: ‘विपक्षी जितना दे रहे, अपनी पार्टी उतना दे दे तो अच्छी बात’, सपा के जिपं सदस्यों का वीडियो वायरल
बरेली,अमृत विचार। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर बरेली की राजनीति का पारा गरम होने लगा है। अंदरखाने जहां अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर जिस तरह से खींचतान दिख रही है। उससे धन बल को ज्यादा बढ़ावा मिल रहा है। ऐसे में नवनिर्वाचित कुछ जिला पंचायत सदस्यों का एक वीडियो वायरल हुआ है। उसमें …
बरेली,अमृत विचार। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर बरेली की राजनीति का पारा गरम होने लगा है। अंदरखाने जहां अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर जिस तरह से खींचतान दिख रही है। उससे धन बल को ज्यादा बढ़ावा मिल रहा है। ऐसे में नवनिर्वाचित कुछ जिला पंचायत सदस्यों का एक वीडियो वायरल हुआ है। उसमें वे अध्यक्ष के समर्थन के बदले मोटी रकम ऐंठने की रणनीति बनाने पर चर्चा करते दिख रहे हैं। वायरल वीडियो सपा के कुछ जिला पंचायत सदस्यों का बताया जा रहा है।
हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद प्रकरण में शामिल सपा के दो सदस्यों की ओर से सफाई दी गई है कि उन्होंने अध्यक्ष के चुनाव के समर्थन के बदले पैसे की बात नहीं की है। वीडियो में शामिल नवाबगंज क्षेत्र के दो वार्डों के सदस्यों ने वीडियो को साजिश बताते हुए कहा है कि वे सपा के साथ हैं। जो लोग बिकने को तैयार बैठे हैं। उन्होंने ही साजिश कर वीडियो बनाया और वायरल कर दिया। मामला नवाबगंज से जुड़ा होने पर पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने भी विपक्ष पर जोरदार हमला किया है। कहा कि पुराने वीडियो का नया क्लेवर दिया जा रहा है, ताकि पार्टी को नुकसान पहुंच सके।
क्या कह यह वीडियो में
वायरल वीडियो में कुछ लोग बैठे हैं, जो सपा के जिपं सदस्य और महिला सदस्यों के पति बताए जा रहे हैं। वीडियो में सभी कह रहे हैं कि चुनाव में हमारा 10 से 20 लाख खर्च हुआ। वोट के बदले नोट देने पड़े। पार्टी के 23 सदस्यों को मैनेज करना है, इसलिए जब विपक्ष का अध्यक्ष प्रत्याशी 20 से 50 लाख तक देने को तैयार हो तो क्यों न अपनी ही पार्टी के अध्यक्ष प्रत्याशी से बात की जाए, अगर वो ठीकठाक दे दे तो अच्छा रहेगा। एक सदस्य मुरादाबाद, उत्तराखंड आदि जिलों के नाम लेकर वहां चल रहे रेट भी बता रहे हैं। वे कह रहे हैं 50 से एक करोड़ तक का रेट चल रहा है।
“सत्यता परखने को वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। यह वीडियो किसका है, हम नहीं जानते हैं। हो सकता है दुष्प्रचार करने के लिए षड़यंत्र किया जा रहा है। जांच पूरी होने पर पार्टी हाईकमान को पूरा मामला भेजा जाएगा।” -अगम मौर्य, जिलाध्यक्ष सपा
