बरेली: सफर में प्यार…मंदिर में शादी…फिर सड़क पर बखेड़ा, 5 दिन की प्रेम कहानी कुछ यूं बदली
बरेली,अमृत विचार। सफर में चंद घंटों की मुलाकात मोहब्बत में बदल गई। युवती और युवक ने एक साथ रहने की कसम खाते हुए मंदिर में शादी कर ली। पांचवें दिन ही दोनों में बीच चौराहे पर विवाद हो गया। जिसके बाद मामला चौकी तक पहुंच गया। हालांकि, पुलिस ने दोनों को समझाकर अपने-अपने घर भेज …
बरेली,अमृत विचार। सफर में चंद घंटों की मुलाकात मोहब्बत में बदल गई। युवती और युवक ने एक साथ रहने की कसम खाते हुए मंदिर में शादी कर ली। पांचवें दिन ही दोनों में बीच चौराहे पर विवाद हो गया। जिसके बाद मामला चौकी तक पहुंच गया। हालांकि, पुलिस ने दोनों को समझाकर अपने-अपने घर भेज दिया।
सोमवार को चौकी चौराहे पर बने बस शेड में एक प्रेमी जोड़ा झगड़ता नजर आया। यह देखकर वहां तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों को चौकी चौराहा चौकी ले गए। चौकी प्रभारी ने महिला पुलिसकर्मी के साथ वहां पहुंचकर प्रेमी जोड़े से पूछताछ की। पुलिस ने दोनों से अलग-अलग बातचीत कर मामले की जांच शुरू की तो सच सामने आ गया।
पता चला कि लड़की कानपुर की रहने वाली है। हिमाचल प्रदेश की किसी कंपनी में नौकरी करती है। बताया कि प्रेमी ने उससे उत्तराखंड में मांग में सिंदूर भरकर शादी की थी लेकिन अब वह अपने घर ले जाने से मना कर रहा है। प्रेमी से पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि वह फरीदपुर के पास के एक गांव का रहने वाला है और कक्षा 11 का छात्र है। प्रेमिका को घर ले जाने की बात पर उसने ग्रामीणों की रुढ़ीवादी बातों की दुहाई देनी शुरू कर दी। पुलिस ने प्रेमी जोड़े के परिजनों को फोन करके जानकारी दी और युवक-युवती को समझा-बुझाकर घर भेज दिया।
बस में शुरू हुआ दास्तां-ए-मोहब्बत का सिलसिला
प्रेमी जोड़े की कहानी केवल चार दिन की है। चार दिन पहले प्रेमी हिमाचल प्रदेश जाने के लिए बस में सवार हुआ। उसी बस में प्रेमिका भी थी। प्रेमी ने बताया कि स्लीपर बस होने की वजह से दोनों की सीटें पास ही थीं। सफर के दौरान दोनों की मुलाकात हो गई और नंबरों का आदान-प्रदान हो गया। अगले रोज प्रेमी और प्रेमिका की प्रेम कहानी परवान चढ़ने लगी। एक-दूसरे के साथ जन्मों तक रहने के कसमे-वादे होने लगे। प्रेमिका ने बताया कि उत्तराखंड पहुंचने के बाद प्रेमी ने मांग में सिंदूर भरकर शादी कर ली जब वहां से वापस आए तो प्रेमिका ने अपने प्रेमी से कहा कि उसे अपने घर ले चले तब प्रेमी ने कहा कि वह गांव में अपने घर में इसके बारे में नहीं बता सकता, जिस पर प्रेमिका ने विरोध जताया और झगड़ा शुरू कर दिया।
प्रेमिका ने कार्रवाई करने को किया मना
प्रेमिका ने यह कहते हुए कार्रवाई करने को मना कर दिया कि हम दोनों बालिग हैं और आपसी सहमति से मामले को सुलझा लेंगे। जिसके बाद पुलिस ने प्रेमी युगल को समझा-बुझाकर घर भेज दिया।
