बिजनौर : पुलिस मुठभेड़ में अंतर राज्य वाहन गैंग के 12 लुटेरे गिरफ्तार, 24 बाइक भी जब्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर, अमृत विचार। हल्दौर पुलिस व स्वाट टीम ने मुठभेड़ के दौरान अंतर राज्य वाहन चोर गैंग के 12 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर अवैध हथियार, चोरी तथा लूट की 24 बाइक जब्त की गई है। पकड़े गए बदमाशों में गैंग का लीडर भी शामिल है। पुलिस पूछताछ में उन्होंने चोरी …

बिजनौर, अमृत विचार। हल्दौर पुलिस व स्वाट टीम ने मुठभेड़ के दौरान अंतर राज्य वाहन चोर गैंग के 12 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर अवैध हथियार, चोरी तथा लूट की 24 बाइक जब्त की गई है। पकड़े गए बदमाशों में गैंग का लीडर भी शामिल है। पुलिस पूछताछ में उन्होंने चोरी तथा लूट की कई घटनाएं कबूल की है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक डा. धर्मवीर सिंह ने दी है।

एसपी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि शुक्रवार को हल्दौर पुलिस व स्वाट टीम ने मुखबिर की सूचना पर हल्दौर थाना क्षेत्र के गोलबाग तिराहे से अंतर राज्य वाहन चोर के गैंग के 7 शातिर बदमाशों को घेरकर पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अपना बचाव करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी संजू सैनी, मनोरभ पाल, नकुल सैनी, अमित सैनी, कामेंद्र उर्फ राजू, सौरभ कुमार, अब्दुल हन्नान को धर दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी व लूट की 5 बाइक दो तमंचा 315 बोर, 2 जिंदा कारतूस तथा 2 खोखा बरामद किया है।

मिल के खंडहर से 5 साथियों को पकड़ा
हल्दौर पुलिस ने मुकदमा दर्ज आरोपियों से पूछताछ की तो उनकी निशानदेही पर बंद पड़े चारु पेपर मिल के खंडहर से इनके 5 साथी अनमोल, विशाल कुमार, उज्जवल कुमार, तरुण सैनी और सोमेंद्र नागर को चोरी एवं लूट की 19 बाइक तथा 9 चाकू के साथ गिरफ्तार किया।

हल्दौर व हीमपुर दीपा से चुराई थीं बाइकें
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह एक अंतर राज्य वाहन चोर/लुटेरों का गैंग है। संजू सैनी गैंग का लीडर है। 1 जून को गैंग लीडर ने अपने साथी मनोरभ, नकुल, अमित, कामेंद्र, सौरभ सैनी और अब्दुल हन्नान के साथ मिलकर हल्दौर क्षेत्र से बाइक लूटी थी। इसी दिन संजू सैनी पुत्र वीर सिंह ने साथियों के साथ मिलकर हीमपुर दीपा के छोइया नंगली तिराहा से 1 बाइक व 3 मोबाइल चोरी किए थे। लूट की घटना के दौरान 2 बाइक से 3-3 साथी सहयोग के लिए चलते थे।

गैंग लीडर अपने मौसेरे भाई के साथ बिजनौर और आसपास के जिले को बनाता था निशाना
गैंग लीडर संजू सैनी अपने मौसेरे भाई सौरव सैनी व अन्य साथियों की मदद से बिजनौर तथा आसपास के जनपदों के महत्वपूर्ण स्थानों वेंकट हॉल, बस स्टैंड हॉस्पिटल, मंडी आदि के सामने से वाहन चोरी करते थे। आरोपियों ने बताया कि हीरो होंडा कंपनी की बाइक की लॉक आसानी से खुल जाती है इसलिए वह इन्हीं बाइकों की चोरों व लूट करते थे।

गैंग के सदस्य की हल्दौर में बाइक पार्ट्स की दुकान, जहां बदले जाते थे पुर्जे
विशाल की हल्दौर में बाइक पार्ट्स की दुकान है। वह इंजन व चेचिस नंबरों को बदलकर फर्जी नंबर लगाता था। इसके बाद उन वाहनों को अपने साथी धामपुर के मोहल्ला बड़वान निवासी उज्जवल के माध्यम से जान पहचान के लोगों को 7 से 7 हजार रुपये में बेच देते थे।

आरोपियों की खंगालेंगे हिस्ट्रीशीटर
एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनके खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में कई केस दर्ज हैं। आरोपियों की हिस्ट्रीशीटर खुलवाए जाएगी। सभी को रिमांड पर लेकर अन्य वाहनों की बरामदगी एवं उनके साथियों की जानकारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने चोरी की कई बाइक स्वामियों को वापस की
पकड़े बदमाशों ने वाहन चोरी तथा लूट की कई घटनाएं कबूल की हैं। उनके कब्जे से बरामद 24 बाइकों में से पुलिस ने कई बाइकों को ट्रेस कर लिया है। एसपी के मुताबिक बदमाशों ने 1 जून को हल्दौर के झालू चौकी क्षेत्र से लूटी गई बाइक यूपी 20 बीडी 1864 जब्त की है। इसके अलावा हीमपुर दीपा के छोइया नंगली तिराहा से बाइक यूपी 16 बीए 7392, बिजनौर के शहनाई वेंकट हॉल से चोरी बाइक यूपी 20 ए एल 084, बिजनौर के तहसील गेट से 8 जून को चोरी हुई बाइक यूपी 20 बीजे 9950, नहटौर के सब्जी मंडी से 1 जून को चोरी की गई बाइक यूपी बीजे 4128, चांदपुर मंडी से चोरी की गई बाइक यूपी 20 बीई 9265, धामपुर के मंदिर के सामने से पिछले साल 27 दिसंबर को चोरी हुई बाइक यूपी 20 बीपी 7894 बरामद की गई है। इसके अलावा थाना कोतवाली देहात में दुकान के सामने से चोरी हुई बाइक यूपी 20 ए के 7579 को भी पुलिस ने ट्रेस कर कुछ वाहन स्वामियों को लौटा दिया है। बाइक स्वामियों ने पुलिस का आभार जताया है।

संबंधित समाचार