बरेली: महिला की लाश को अस्पताल में छोड़कर भाग गए ससुराली
बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा थानाक्षेत्र के एक गांव में महिला की जहर खाने से मौत हो गई। महिला की अस्पताल में मौत के बाद पति और ससुराली मौके से गायब हो गए। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पलटोरा गौंटिया गांव निवासी मुबारक अली ने बताया कि करीब पांच साल …
बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा थानाक्षेत्र के एक गांव में महिला की जहर खाने से मौत हो गई। महिला की अस्पताल में मौत के बाद पति और ससुराली मौके से गायब हो गए। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पलटोरा गौंटिया गांव निवासी मुबारक अली ने बताया कि करीब पांच साल पहले उन्होंने अपनी बेटी नगमा(25) की शादी भोजीपुरा के रत्ना गांव निवासी इमरान से की थी। शादी के बाद से ही कम दहेज मिलने को लेकर मृतका का पति व ससुराल पक्ष के अन्य लोग उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
ससुरालियों ने जान से मारने के इरादे से उसको शनिवार की शाम जहरीला पदार्थ दे दिया। इसके बाद तबियत बिगड़ने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने नगमा को अस्पताल में भर्ती कराया। मायके में सूचना मिलने पर रविवार की सुबह ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों को नगमा की मौत की खबर मिली और पता चला कि नगमा का पति व ससुराल पक्ष के अन्य लोग शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए थे।
जानकारी के अनुसार पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत की वजह नहीं पता चल पाई है जिसकी वजह से उसका बिसरा सुरक्षित रख लिया गया।
