शाही: छात्रा की हत्या से नाराज परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाही, अमृत विचार। शाही में छात्रा की हत्या से नाराज परिजनों का एक बार फिर रविवार को गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम हाउस से शव को घर ले जाने के दौरान परिजनों ने शाही-धौराटांडा मार्ग पर शंखा की पुलिया के पास रास्ता रोककर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद लोग …

शाही, अमृत विचार। शाही में छात्रा की हत्या से नाराज परिजनों का एक बार फिर रविवार को गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम हाउस से शव को घर ले जाने के दौरान परिजनों ने शाही-धौराटांडा मार्ग पर शंखा की पुलिया के पास रास्ता रोककर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद लोग शव ले जाने को माने। एक दिन पहले भी घटना स्थल से परिजनों ने तीन घंटे तक शव उठने नहीं दिया था।

परिजन जल्द मामले के खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इस दौरान करीब दो घंटे तक रास्ता जाम रहा। इससे आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। बता दें कि शाही में शनिवार सुबह खेत में गई 15 वर्षीय किशोरी की सिर पर पीछे वार कर हत्या कर दी गई थी। रविवार को छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के बाद एंबुलेंस से गांव ले जाया जा रहा था।

रास्ते में एंबुलेंस को रोककर जाम लगा दिया। काफी संख्या में महिलाएं व पुरुषों की भीड़ इक्ट्ठा हो गई। जाम लगने की सूचना थाना प्रभारी शाही जसवीर सिंह ने उच्चाधिकारियों को दी। मौके पर क्षेत्राधिकारी मीरगंज एसके राय पहुंचे और पास के थानों से भी फोर्स बुला ली गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का बहुत प्रयास किया लेकिन छात्रा के परिजन एवं ग्रामीण घटना का खुलासा करने पर अड़े रहे।

परिजनों का आरोप था कि जब से छात्रा का शव मिला है पुलिस लगातार हमें गुमराह कर रही है। 48 घंटे घटना को बीत चुके हैं पर अभी तक पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। पुलिस जब तक घटना की जांच का खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं करेगी तब तक शव की अंत्येष्टि नहीं की जाएगी। मौके पर पहुंचे एसपी ग्रामीण राजकुमार अग्रवाल ने ग्रामीणों और परिजनो को समझाया और जल्द घटना के खुलासा और आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।

दरोगा बोले लड़की ढूंढने का काम तुम्हारा
ग्रामीण दरोगा उपनिरीक्षक धीरेंद्र सिंह की कार्यशैली को लेकर बहुत अधिक आक्रोश रहे। ग्रामीणों ने बताया जब छात्रा की गुमशुदगी की सूचना हलका दरोगा को दी तब उन्होंने यह कह कर टाल दिया कि लड़की को ढूंढने का काम तुम्हारा है हमारा नहीं। इस तरह से पुलिस का रवैया पहली बार सामने नहीं आया है। लड़कियों की गुमशुदगी के मामले में पुलिस पहले परिजनों को ही तलाशने की बात कह टाल देती है।

संबंधित समाचार