मुरादाबाद : साइबर सेल ने वापस कराए 1.92 लाख रुपये, ठगों ने चार लोगों को बनाया था शिकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए चार लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है। मंगलवार को साइबर सेल ने एक लाख 92 हजार 368 रुपये पीड़ितों के खातों में वापस करा दिए। रामसरन कॉलोनी में रहने वाली देवांशी सिंह ने ओएलएक्स पर स्कूटी बेचने का विज्ञापन पोस्ट किया था। …

मुरादाबाद, अमृत विचार। साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए चार लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है। मंगलवार को साइबर सेल ने एक लाख 92 हजार 368 रुपये पीड़ितों के खातों में वापस करा दिए।

रामसरन कॉलोनी में रहने वाली देवांशी सिंह ने ओएलएक्स पर स्कूटी बेचने का विज्ञापन पोस्ट किया था। उसे देखकर एक व्यक्ति ने खरीदने की इच्छा जताई। देवांशी ने उससे रुपये एडवांस भेजने के लिए कहा। इस पर आरोपी ने उन्हें एक लिंक भेजा। ज्यों ही उन्होंने लिंक को खोला उनके खाते से चार बार में 97 हजार रुपये गायब हो गए। साइबर सेल ने उनके खाते में पूरी रकम वापस करा दी।

कुछ ऐसा ही कटघर थाना क्षेत्र के मोहल्ला रहमत नगर में रहने वाले मोहम्मद आरिफ के साथ भी हुआ। उन्होंने ओएलएक्स पर बाइक बेचने का विज्ञापन डाला था। एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे खरीदने की इच्छा जताई। उसने भी लिंक के माध्यम से बैंक ऑफ इंडिया के खाते से पांच बार में 45 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली थी।

साइबर सेल ने आरिफ के खाते में भी 45 हजार रुपये वापस करा दिए। तीसरा मामला राहुल सैनी निवासी कुंदनपुर ढक्का थाना मझोला का है। अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर राहुल से एनी डेस्क एप्लीकेशन इंस्टॉल करवाकर आईडीबीआई बैंक के खाते से पांच बार में 37,900 रुपये निकाल लिए थे। साइबर सेल ने उनके खाते में 29,521 रुपये वापस करा दिए।

चौथा मामला भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव चक बेगमपुर का है। यहां रहने वाले विकास कुमार ने पुलिस को बताया कि फोन पे से मोबाइल रिचार्ज करने पर उनके रुपये कट गए थे, जबकि रिचार्ज नहीं हुआ था। तब विकास ने गूगल से नंबर सर्च कर कॉल की थी। इस दौरान अज्ञात व्यक्ति से वार्ता हुई।

आरोपी ने राहुल से एनी डेस्क एप्लीकेशन इंस्टाल कराकर खाते से दो बार में 93 हजार 730 रुपये ठग लिए थे। साइबर सेल ने उनके खाते में 20 हजार 847 रुपये वापस करा दिए हैं। सहायक पुलिस अधीक्षक अनिल यादव ने बताया कि साइबर ठगी के शिकार हुए चार लोगों के खाते में एक लाख 92 हजार 368 रुपये वापस कराए गए हैं।

संबंधित समाचार