मुरादाबाद : प्रधान बने हिस्ट्रीशीटर सहित तीन शराब तस्करों की संपत्ति कुर्क
मुरादाबाद,अमृत विचार। प्रधान बने हिस्ट्रीशीटर समेत तीन शराब तस्करों के खिलाफ गुरुवार को कुर्की की कार्रवाई की गई। तीनों ने अवैध शराब की तस्करी से काफी दौलत अर्जित कर ली है। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें से एक तो प्रधानी का चुनाव भी जीत गया था। …
मुरादाबाद,अमृत विचार। प्रधान बने हिस्ट्रीशीटर समेत तीन शराब तस्करों के खिलाफ गुरुवार को कुर्की की कार्रवाई की गई। तीनों ने अवैध शराब की तस्करी से काफी दौलत अर्जित कर ली है। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें से एक तो प्रधानी का चुनाव भी जीत गया था। बरेली एसटीएफ ने उसे शपथ ग्रहण करते ही मझोला थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया था। इन पर जनपद के भगतपुर तथा सिविल लाइंस थाने में कई मामले दर्ज हैं।
गिरोहबंदी करके कच्ची, अपमिश्रित और रैक्टीफाइड शराब बनाने तथा तस्करी करने वालों पर पुलिस शिकंजा कस रही है। ऐसे अपराधों में लिप्त बदमाशों की कमर तोड़ने के लिए उनके खिलाफ गैंगस्टर और जिला बदर की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा इन बदमाशों की संपत्ति भी कुर्क की जा रही है। अदालत के आदेश पर भगतपुर पुलिस ने
गुरुवार को थाना क्षेत्र के गांव निबाड़ खास में रहने वाले तीन बदमाशों की संपत्ति कुर्क की। गांव निवासी जगदीश और राम सिंह सगे भाई हैं। दोनों ही हिस्ट्रीशीटर हैं और अवैध शराब बनाने तथा तस्करी करने का धंधा करते हैं। जगदीश की छह लाख 83 हजार 952 रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है, जबकि उसके भाई राम सिंह की 13 लाख 60 हजार पांच सौ रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
इसके अलावा प्रधान बने हिस्ट्रीशीटर, शराब माफिया व मौजूदा प्रधान संजय सिंह की 19 लाख 45 हजार 991 रुपये की संपत्ति समेत कुल 39 लाख 89 हजार 443 रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। संजय सिंह के खिलाफ सिविल लाइंस पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की थी। उसे सिविल लाइंस पुलिस ने ही अवैध शराब की तस्करी के आरोप में जेल भेजा था। इसके अलावा उसके खिलाफ भगतपुर थाने में भी मुकदमा दर्ज था। दोनों मुकदमों में जमानत कराने के बाद संजय ने गांव में प्रधानी का चुनाव भी लड़ा था। वह चुनाव जीत भी गया था। शपथ ग्रहण के दिन ही बरेली एसटीएफ की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
संजय की कुर्क की गई संपत्ति
स्कॉर्पियो कार, कीमत 11,31,991 रुपये
सोनालिका ट्रैक्टर, कीमत 2.80 लाख रुपये
326.78 वर्ग मीटर का मकान, कीमत 5.34 लाख रुपये
जगदीश की कुर्क की गई संपत्ति
174.15 वर्ग मीटर का मकान, कीमत 5.31 लाख रुपये
सुपर स्पलेंडर बाइक, कीमत 57.5 हजार रुपये
प्रथमा बैंक के खाते से 95,452 रुपये
रामसिंह की कुर्क की गई संपत्ति
सैमसंग का मोबाइल, कीमत 16,500 रुपये
114.13 वर्ग मीटर का मकान, कीमत 9.73 लाख रुपये
पत्नी किरन के नाम 147.76 वर्ग मीटर का प्लॉट, कीमत 3.71 लाख रुपये
कुर्की की कार्रवाई के दौरान मौजूद रहे ये अधिकारी
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विद्या सागर मिश्र, उपजिला मजिस्ट्रेट सदर प्रशांत तिवारी, क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा अनूप सिंह और थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह।
ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
भगतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम निबाड़ खास के ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नवनिर्वाचित प्रधान संजय सिंह ने गांव में ही रहकर चुनाव लड़ा और 648 वोटों से जीत भी दर्ज की। उसके खिलाफ भगतपुर और सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज थी। दोनों मामलों में वह जमानत पर छूटकर आया और फिर चुनाव लड़ा। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने उसके खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोल दी थी। इससे पुलिस की कार्यशैली संदेह के घेरे में आ गई। उन्होंने हिस्ट्रीशीट मांगी तो पुलिस ने उसे फरार दिखा दिया। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब वह फरार था तो चुनाव कैसे लड़ लिया और उसके बाद शपथ कैसे ग्रहण कर ली। ग्रामीणों के पास शपथ ग्रहण के फोटोग्राफ भी मौजूद हैं, जो यह सिद्ध करते हैं कि संजय सिंह फरार नहीं था। लेकिन पुलिस ने उसे जानबूझकर फरार दिखा दिया।
