यूपी: रिश्तों पर भारी पड़ता जमीन का लालच, छोटे भाई ने गोली मारकर कर दी बड़े भाई की हत्या
बागपत। उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के दोघट क्षेत्र में जमीन के विवाद के चलते एक युवक ने अपने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद थाने पहुंच गया। पुलिस उपाधीक्षक आलोक कुमार ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोघट इलाके के टीकरी कस्बा के पट्टी मैनमाना निवासी …
बागपत। उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के दोघट क्षेत्र में जमीन के विवाद के चलते एक युवक ने अपने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद थाने पहुंच गया। पुलिस उपाधीक्षक आलोक कुमार ने आज यहां यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दोघट इलाके के टीकरी कस्बा के पट्टी मैनमाना निवासी 40 वर्षीय नरेश की कल रात सोते समय उसके छोटे भाई देवकल्याण उर्फ लालू ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद हत्यारोपी देवकल्याण थाने पहुंचा और भाई की हत्या करने की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दोनों भाइयों के बीच काफी दिन से घर की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि मृतक नरेश अविवाहित था और वह अपने भाइयों के साथ खेती करता था।
मृतक तीन भाई थे ,जिनमें मिंटू सबसे बडा जबकि देवकल्याण सबसे छोटा है। इस सिलसिले में थाना दोघट पर मुकदमा दर्ज करा दिया है। इस बीच थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार का कहना है आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
