बरेली: वैक्सीनेशन की धीमी रफ्तार पर महिला आयोग की सदस्य मिथलेश अग्रवाल नाराज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/आंवला, अमृत विचार। राज्य महिला आयोग की सदस्य मिथलेश अग्रवाल ने शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल के साथ-साथ आंवला में सीएचसी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानी। उन्होंने छिटपुट मिली खामियों का दूर करने के साथ ही वैक्सीनेशन की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए प्रचार प्रसार बढ़ाने के स्वास्थ्य विभाग के अफसरों …

बरेली/आंवला, अमृत विचार। राज्य महिला आयोग की सदस्य मिथलेश अग्रवाल ने शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल के साथ-साथ आंवला में सीएचसी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानी। उन्होंने छिटपुट मिली खामियों का दूर करने के साथ ही वैक्सीनेशन की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए प्रचार प्रसार बढ़ाने के स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को निर्देश दिए।

सुबह करीब 11 बजे सर्किट हाउस पहुंची सदस्य मिथलेश अग्रवाल ने स्वास्थ्य विभाग व प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक की। उन्होंने पहले कोविड वैक्सीनेशन व कोरोना की तीसरी लहर से बचाव को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली। इसके बाद वह जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण करने पहुंच गई। यहां उन्होंने एसएनसीयू, वैक्सीनेशन सेन्टर, महिला वार्ड रजिस्ट्रेशन काउन्टर के प्रभारियों से सुविधाओं की जानकारी ली।

वैक्सीनेशन सेन्टर से 18 से 44 साल और इससे अधिक आयु के टीकाकरण कराने वालों का ब्योरा तलब किया। वैक्सीनेशन कम होने पर नाराजगी जताई। सीएमओ और सीएमएस को इसका प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रसव के लिए आई प्रसूताओं से हालचाल भी पूछे। इसके अलावा कोरोना संक्रमण के बीच महिलाओं के लिए किए जा रहे इलाज की सुविधाओं को भी परखा। जरूरी दवाओं की पूरी जानकारी हासिल की।

करीब पौन घंटा निरीक्षण करने के बाद वह सीएमएस कार्यालय पहुंची। यहां उन्होंने सीएमएस डा. अल्का शर्मा से नवजात बच्चों की जन्मदर एवं मृत्युदर का डाटा मांगा तो वहीं सीएमओ डा. सुधीर गर्ग से बच्चों को कोविड से बचाव के लिए की जा रहीं व्यवस्था पर सवाल किए। इस पर अधिकारी एक दूसरे की बगले झांकते दिखे।

महिला एसओ से जिले में महिला उत्पीड़न के मामलों में चल रही जांच और महिला उत्पीड़न की आ रही शिकायतों का बारीकी से निरीक्षण करके तत्काल निस्तारण कराने के साथ ही त्वरित कार्रवाई करने को कहा। एसीएम प्रथम रोहित यादव, क्षेत्राधिकारी नवाबगंज विनीत सिंह, डिप्टी डीआईओ डा. सुचिता अग्रवाल, डीपीओ नीता अहिरवार आदि मौजूद रहे।

एमओआईसी ने सुनाई पीड़ा तो सीएमओ को दिए निर्देश
जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद मिथलेश अग्रवाल आंवला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। यहां तैनात चिकित्सक अधीक्षक डा. इन्तजार हुसैन से सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया तो उन्होंने पीड़ा सुनाई। कहा- स्वास्थ्य केन्द्र में बाल रोग विशेषज्ञ एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ नहीं है। जिसकी वजह से क्षेत्र के लोगों को काफी दिक्कतें होती हैं। इस पर तत्काल ही सीएमओ को दो दिन में विशेषज्ञों की तैनाती के निर्देश दिए। साफ सफाई ठीक नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान सदस्य ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से दो टूक कहा कि किसी भी स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों की असुविधा नहीं होनी चाहिए। तीमारदारों के बैठने की उचित व्यवस्था हो।

दूसरों का नसीहत खुद भूले कोविड प्रोटोकाल
कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम हुई है लेकिन महामारी अभी थमी नहीं। इसलिए लोगों को कोविड के प्रति जागरूक किया जा रहा है। महिला आयोग की सदस्य भी निरीक्षण के दौरान काविड नियमों को लेकर नसीहत देती दिखीं, लेकिन खुद इस पर अमल नहीं किया। निरीक्षण के दौरान कोविड प्रोटोकाल की जमकर धज्जियां उड़ीं। एसएनसीयू वार्ड हो या लेबर रूम। या फिर वैक्सीनेशन सेंटर सभी जगह जिम्मेदार अफसर भी इससे बेखबर दिखे।

45 मिनट के निरीक्षण में छूट गया पसीना
जिला महिला अस्पताल के करीब 45 मिनट के निरीक्षण में सदस्य मिथिलेश अग्रवाल पसीने से तर बतर दिखीं। उन्होंने निचले तल से प्रथम तल के अधिकांश वार्डों का निरीक्षण किया। सीएमओ, सीएमएस समेत कई अधिकारी भी उनके साथ भागादौड़ी करते नजर आए। इस दौरान व्यवस्थाएं बेहतर मिलने पर कई चिकित्सक व स्टाफ को शाबासी दी तो दूसरी तरफ महिलाओं की बेहतर काउसंलिग की व्यवस्थाएं करने को लेकर भी अफसरों को निर्देश दिए।

संबंधित समाचार