बाराबंकी: तीन करोड़ की मार्फीन के साथ तस्कर गिरफ्तार
बाराबंकी, अमृत विचार। जिले के स्वाॅट टीम प्रभारी और कोतवाली हैदरगढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापा मार कर एक शातिर तस्कर को धर दबोचा। पुलिस ने उसके पास से एक किलो मार्फीन बरामद की। जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय कीमत तीन करोड़ रुपये बतायी गयी है। कोतवाली प्रभारी ने मुकदमा दर्ज करके तस्कर को जेल भेज …
बाराबंकी, अमृत विचार। जिले के स्वाॅट टीम प्रभारी और कोतवाली हैदरगढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापा मार कर एक शातिर तस्कर को धर दबोचा। पुलिस ने उसके पास से एक किलो मार्फीन बरामद की। जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय कीमत तीन करोड़ रुपये बतायी गयी है। कोतवाली प्रभारी ने मुकदमा दर्ज करके तस्कर को जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने इस गुडवर्क से खुश होकर पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की।
जानकारी के अनुसार, बीती रात स्वाॅट टीम प्रभारी ने विवेक कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी हैदरगढ़ ओमवीर सिंह चैहान ने मुखबिर की सूचना पर खरसतिया नहर पुलिया के पास एक शातिर तस्कर उमाशंकर त्रिवेदी पुत्र स्व. राम किशन निवासी ग्राम खरसतिया कोतवाली हैदरगढ़ को धर दबोचा। पुलिस ने तलाशी के दौरान तस्कर के पास से एक किलो अवैध मार्फीन, सैमसंग का मोबाइल सेट, कम्प्यूटराईज कांटा बांट और हीरो हाण्डा मोटर साइकिल बरामद की।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि उमाशंकर त्रिवेदी शातिर तस्कर है। वह गांव के ही अपने साथी नरेन्द्र यादव पुत्र जगदीश यादव के साथ में मार्फीन खरीदने व बेचने का कारोबार करता था। पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि उमाशंकर जनपद बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी आदि जनपदों में मार्फीन की छोटी छोटी पुड़िया बनाकर बेचने का काम करता है। वह खुद अपने कांटा बांट से नाप तौल कर मार्फीन की पुड़िया बनाकर पीने वालों को बेचने का भी काम करता था। प्रभारी निरीक्षक हैदरगढ़ ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर तस्कर को जेल भेज दिया है।
पोस्ते के छिलके के साथ दो गिरफ्तार
सफदरगंज थाना प्रभारी ने मुखबिर की सूचना पर छापा मार करके दो व्यक्तियों को 12 किलो पोस्ते के छिलके के साथ में धर दबोचा। प्रभारी निरीक्षक ने मुकदमा दर्ज करके दोनो व्यक्तियों को जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी सफदरगंज सुधीर सिंह ने ग्राम शाहपुर मोड़ के पास स्थित अतरौली गांव के निकट छापा मार करके थाना रामसनेहीघाट क्षेत्र के ग्राम जगदीशपुर निवासी लवकुश रावत पुत्र प्रताप, इसी थाना क्षेत्र के ग्राम मूसेपुर निवासी अमरचंद वर्मा पुत्र राजेन्द्र प्रसाद को धर दबोचा। पुलिस ने इनके पास से एक मोटर साइकिल और 12 किलो 600 ग्राम पोस्ते का छिलका बरामद किया। प्रभारी निरीक्षक ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर तस्करों को जेल भेज दिया।
