लखीमपुर-खीरी: दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर की गई बालिका की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। थाना पसगवां क्षेत्र में रविवार की देर शाम गन्ने के खेत में मिले आठ वर्षीय बालिका के शव का सोमवार को तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम में बालिका की दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या की बात सामने आई। पुलिस ने बालिका के बाबा की तहरीर पर अज्ञात के …

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। थाना पसगवां क्षेत्र में रविवार की देर शाम गन्ने के खेत में मिले आठ वर्षीय बालिका के शव का सोमवार को तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम में बालिका की दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या की बात सामने आई। पुलिस ने बालिका के बाबा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी गांव पहुंचे और परिजनों से मिले। पुलिस की टीमें आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास कर रही हैं।

थाना पसगवां क्षेत्र की एक अनुसूचित जाति की आठ वर्षीय बालिका रविवार को बकरियां चराने खेतों की ओर गयी थी। देर शाम तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घर से करीब तीन सौ मीटर दूर सदाकत के गन्ने में बालिका का नग्न हालत में शव बरामद किया। उसकी सलवार का ही फंदा उसके गले मे कसा था। मुंह और नाक से खून निकल रहा था। यह देख गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया था।

घटना के बारे में जानकारी मिलने पर आनन-फानन पहुंची पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को शांत किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोमवार को तीन डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बालिका की गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक बालिका से दुष्कर्म भी हुआ है, जिसकी डॉक्टरों ने स्लाइड बनाई है। पुलिस इस स्लाइड को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ भेजने की कार्रवाई कर रही हैं।

बाबा की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सोमवार की सुबह से एसपी विजय ढुल ने गांव में ही डेरा डाल दिया। उन्होंने घटना के खुलासे के लिए स्वॉट टीम समेत पांच टीमें गठित की हैं। यह सभी टीमें सीओ मोहम्मदी के नेतृत्व में आरोपी की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही हैं। पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ हो रही है।

एसपी विजय ढुल ने कहा कि बालिका बकरी चराने गयी थी। उसका शव गन्ने के खेत में बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम होकर शव गांव आ गया है। मैं अभी मृतका के गांव में ही हूं, इसलिए अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं देख पाया हूं। रिपोर्ट देखकर ही कुछ बता पाऊंगा। घटना के खुलासे के लिए सीओ मोहम्मदी के नेतृत्व में पांच टीमें लगाई गई हैं।

संबंधित समाचार