बरेली: सितंबर के प्रथम सप्ताह से मुंबई व बेंगलुरु को उड़ान शुरू
बरेली, अमृत विचार। मुंबई और बंगलुरू के लिए फ्लाइट का इंतजार खत्म होने वाला है। एयरफोर्स ने फ्लाइट शुरू करने के लिए इंडिगो को अनुमति दे दी है। इंडिगो मुंबई और बंगलुरू के रूटों पर ए-320 (180 सीटर) एयरबस शुरू करेगी। एयरपोर्ट का एप्रेन छोटा होने की वजह से इंडिगो की एयरबस एयरफोर्स के रन-वे …
बरेली, अमृत विचार। मुंबई और बंगलुरू के लिए फ्लाइट का इंतजार खत्म होने वाला है। एयरफोर्स ने फ्लाइट शुरू करने के लिए इंडिगो को अनुमति दे दी है। इंडिगो मुंबई और बंगलुरू के रूटों पर ए-320 (180 सीटर) एयरबस शुरू करेगी। एयरपोर्ट का एप्रेन छोटा होने की वजह से इंडिगो की एयरबस एयरफोर्स के रन-वे से उड़ान भरेगी। इसके लिए भी एयरफोर्स के अधिकारियों ने मंजूरी दे दी है।
अब कंपनी के अधिकारी फ्लाइट का शेड्यूल तैयार करने में जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से अनुमति मिलने के बाद जुलाई तक शेड्यूल जारी होने की उम्मीद है। इंडिगो ने पूर्व में अप्रैल में उड़ान शुरू का शेड्यूल भी जारी किया था लेकिन कोरोना की दूसरी लहर आने और एयरफोर्स से अनुमति नहीं मिलने की वजह से एयरबस फ्लाइट शुरू करने का मामला फंस गया था।
पहले इंडिगो को दोनों रूटों पर एटीआर-72 संचालित करने की अनुमति मिली थी लेकिन उड़ान शुरू करने से पहले इंडिगो के अफसरों ने बरेली एयरपोर्ट का दो बार निरीक्षण किया। इसके बाद इंडिगो कंपनी ने दोनों रूटों पर एयरबस संचालित करने की इच्छा जताई। वजह बताई थी कि एयरबस से यात्रियों को टिकट के लिए वेटिंग की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही कंपनी को भी लंबे रूट पर फ्लाइट संचालन में आर्थिक दिक्कत नहीं आएगी।
हालांकि, बरेली एयरपोर्ट का एप्रेन छोटा होने के कारण कई माह तक पेच फंसा रह। बड़े विमान को लेकर एयरपोर्ट पर तैयारियां नहीं थीं। कंपनी ने एयरबस चलाने के लिए दोबारा आवेदन दिया था।
इंडिगो ने पहले यह शेड्यूल जारी किया था
बरेली। हवाई सेवा से बरेली से देश के दो बड़े शहर जुड़ने जा रहे हैं। इससे औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की अपार संभावनाएं खुलेंगी। पर्यटन स्थलों को भी बढ़ावा मिलेगा। फरवरी में किफायती विमानन सेवा प्रदाता कंपनी इंडिगो ने नई दिल्ली में बरेली से मुंबई व बंगलुरू के लिए उड़ान शुरू करने का शेड्यूल जारी किया था। जिसमें मुंबई-बरेली मार्ग पर सप्ताह में चार उड़ानें और बंगलुरू-बरेली मार्ग पर सप्ताह में तीन उड़ानें रखी थी।
29 अप्रैल से उड़ान शुरू करने के जारी शेड्यूल में मुंबई के लिए दोपहर में विमान के उड़ने का शेड्यूल दिया और 1 मई को बेंगलुरु के लिए हवाई सेवा शुरू करने की बात कही थी। इंडिगो के अनुसार लखनऊ, गोरखपुर, इलाहाबाद, वाराणसी और आगरा के बाद एयरलाइन के लिए बरेली छठा स्टेशन होगा। बरेली भारत का 67 वां शहर होगा, जिसे इंडिगो की उड़ानों से जोड़ा जा रहा है।
बस से पहुंचाए जाएंगे यात्री
अभी बरेली एयरपोर्ट का एप्रैन छोटा है। इस पर बड़े विमान को लाने में दिक्कत होगी। हालांकि, इसको बड़ा करने का प्रस्ताव भेजा गया है लेकिन जब तक एयरफोर्स के एप्रैन का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो यात्रियों को बस से एयरपोर्ट व विमान तक लाया और पहुंचाया जाएगा। इसको लेकर इंडिगो के अधिकारी सर्वे कर रहे हैं। एयरफोर्स के अधिकारियों से भी इस संबंध में वार्ता चल रही है। शेड्यूल जारी होने के बाद इसको लेकर फैसला होने की संभावना है।
जुलाई तक आ सकता है शेड्यूल
एयरपोर्ट के निदेशक राजीव कुलश्रेष्ठ ने बताया कि फ्लाइट के संचालन को लेकर प्रक्रिया चल रही है। जुलाई तक इंडिगो शेड्यूल दे देगी। डीजीसीए की अनुमति मिलने के बाद फ्लाइट का संचालन शुरू हो जाएगा।
